अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक (Naveen-Ul-Haq) का एक इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल हो रहा है. इसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पर एक पुरानी वनडे सीरीज को लेकर तंज कसा है. अफगानिस्तान के साथ उस वनडे सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने ‘तालिबान शासन’ के कारण खेलने से मना कर दिया था. इसी साल जनवरी में. लेकिन अब दो दिन बाद ही ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान से भिड़ने वाली है.
मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम पर नवीन-उल-हक ने तंज कसा, तालिबान वाली बात याद दिलाई
7 नवंबर को मुंबई के स्टेडियम में अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम आमने-सामने होंगी. लेकिन इससे पहले नवीन-उल-हक का एक पोस्ट चर्चा में है.


नवीन-उल-हक ने 4 नवंबर को इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,
“बाइलेटरल सीरीज खेलने से इनकार करने वाली ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में देखना दिलचस्प होगा. #Standards #HumanRights #2Points”
ऑस्ट्रेलियाई टीम को फरवरी में भारत दौरे पर चार टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी थी. इसके तुरंत बाद कंगारू टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैच की सीरीज खेलनी थी. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मार्च के महीने में होने वाली ये सीरीज ICC सुपर लीग का हिस्सा थी.
तभी ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की उनकी टीम अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेलेगी. बोर्ड की तरफ से कहा गया,
“ये फैसला तालिबान द्वारा महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर प्रतिबंधों की हालिया घोषणा के बाद लिया गया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान समेत दुनियाभर में महिलाओं और पुरुषों को खेल में लाने और उनके विकास को लेकर प्रतिबद्ध है.”
दरअसल, तालिबान के सांस्कृतिक आयोग के उप प्रमुख अहमदुल्ला वसीक ने सितंबर 2021 में बयान जारी कर कहा था कि महिलाओं के लिए खेल जरूरी नहीं है. उन्होंने बयान दिया था,
“यह मीडिया युग है. ऐसे में महिलाओं की फोटोज और वीडियो सामने आएंगे और फिर लोग इसे देखेंगे. इस्लाम महिलाओं को क्रिकेट या इस तरह के खेल खेलने की अनुमति नहीं देता है, जहां वे एक्सपोज हों. क्रिकेट और अन्य खेलों में महिलाओं को इस्लामिक ड्रेस कोड नहीं मिलेगा. यह स्पष्ट है कि वे बेनकाब हो जाएंगी और ड्रेस कोड का पालन नहीं करेंगी.”
नवीन-उल-हक हक ने पोस्ट के जरिए इशारा किया कि तब से अफगानिस्तान में राजनीतिक स्थिति नहीं बदली है और ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया क्या फैसला लेगी. 7 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया का मैच होना है.






















