The Lallantop

अभिषेक को क्यों नहीं बनाया कप्तान? युवराज ने काव्या मारन की टीम को घेर लिया

सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर Abhishek Sharma कप्तानी नहीं मिलने से दुखी हैं. उनके गुरु Yuvraj Singh ने पूरे मामले को 2007 के दिनों से कर दी तुलना.

Advertisement
post-main-image
युवराज सिंह ने SRH की कप्तानी को लेकर बड़ी बात कह दी. (फोटो-PTI/AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तानी ईशान किशन को सौंपी है और अभिषेक शर्मा को टीम का डिप्टी कप्तान बनाया गया है।
  • पैट कमिंस की गैरमौजूदगी ने कप्तानी के चयन में बदलाव किया क्योंकि अभिषेक शर्मा को वाइस कैप्टन होने के बावजूद यह भूमिका नहीं मिली, जिससे टीम में असंतोष उत्पन्न हुआ।
  • युवराज सिंह सहित कुछ दिग्गजों ने अभिषेक शर्मा के चयन को लेकर प्रश्न उठाए हैं, और भविष्य में टीम की प्रदर्शन की सफलता इस निर्णय की समीक्षा तय करेगी।

क्या सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की टीम में सब ‘ऑल इज वेल’ है? क्योंकि 2011 वर्ल्ड कप के हीरो युवराज सिंह (Yuvraj Singh) की बातों से यही लगता है कि अभ‍ि‍षेक शर्मा (Abhishek Sharma) खुश नहीं हैं. वजह है टीम की कप्तानी. टीम के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) चोटिल हैं. उनकी जगह मैनेजमेंट ने ईशान किशन (Ishan Kishan) के कंधों पर भरोसा जताया है.

Advertisement

अभ‍िषेक शर्मा को टीम का ड‍िप्टी बनाया गया है. हालांकि, युवराज की मानें तो, अभ‍िषेक इस किरदार से संतुष्‍ट नहीं हैं. युवी पाजी की बातों का लब्बोलुआब यही था कि SRH मैनेजमेंट ने अभ‍ि‍षेक के साथ ज्यादती की है. इसी बीच, उनके 2007 के जख्म भी हरे हो गए हैं.

क्या है पूरा माजरा?

कहानी कुछ ऐसी है कि पैट कमिंस चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं. उनकी गैरमौजूदगी में काव्या मारन की टीम ने ईशान किशन के सिर पर कप्तानी का ताज सजा दिया है. वहीं, सालों से टीम की रीढ़ रहे अभिषेक शर्मा को उनका डिप्टी बनाया गया है. अभ‍िषेक 2024 में टीम को फाइनल तक ले जाने वाले 'पोस्टर ब्वॉय' थे. यही कारण है कि युवराज का मानना है कि अभ‍िषेक के साथ काव्या मारन की फैंचाइजी ने सही नहीं किया है.

Advertisement
युवराज सिंह ने क्या कहा?

स्पोर्ट्स तक के पॉडकास्ट में युवराज सिंह ने इस मामले पर अपनी निराशा छिपाने की रत्ती भर भी कोशिश नहीं की. उन्होंने अभिषेक शर्मा को अपना 'चेला' मानते हुए कहा,

ईशान किशन अच्छे खिलाड़ी हैं. उनकी ग्रोथ भी शानदार रही है. लेकिन, एक खिलाड़ी के नजरिए से सोचिए, जो बंदा सालों से एक ही टीम के लिए पसीना बहा रहा हो, शानदार परफॉर्म कर रहा हो, और जब जिम्मेदारी देने की बारी आए तो उसे नजरअंदाज कर दिया जाए. ऐसे में खिलाड़ी किस मानसिकता के साथ मैदान पर उतरेगा? निराशा तो होगी ही.

2007 का जख्म, फिर हुआ हरा

बातचीत के दौरान युवराज भावुक भी हो गए. उन्होंने 2007 का वो दौर भी याद किया जब एमएस धोनी को अचानक से कप्तान बना दिया गया था. उन्होंने बताया,

Advertisement

उस वक्त मैं खुद वाइस कैप्टन था. भज्जी और सहवाग जैसे सीनियर साथ थे. लेकिन, फैसला अचानक धोनी के पक्ष में आया. ऐसे फैसले झेलना आसान नहीं होता. भले ही बाद में वो इतिहास रच दें.

ये भी पढ़ें : अभ‍िषेक शर्मा बुरा फंसे! आउट होने के बाद दिखाया था गुस्सा, अब तगड़ा नुकसान हो गया  

SRH की बॉलिंग पर उठाया सवाल

युवराज ने बताया कि उन्होंने अभिषेक को सलाह दी है कि वो इसे मोटिवेशन बनाएं. उन्होंने कहा,

मैंने अभिषेक से साफ कहा है, जो हुआ उसे किनारे रखो. अपने कप्तान का साथ दो और बल्ले से इतना शोर मचाओ कि सब शांत हो जाएं.

सिर्फ कप्तानी के फैसले ही नहीं, युवी ने SRH की बॉलिंग की भी क्लास लगा दी. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें हैदराबाद का बॉलिंग अटैक काफी कमजोर नजर आ रहा है. उनके मुुताबिक, फिलहाल टीम में बैलेंस नहीं है.

कुल मिलाकर, सनराइजर्स की सीईओ काव्या मारन का यह फैसला अब उनके लिए गले की हड्डी बनता जा रहा है. अगर ईशान किशन की कप्तानी में टीम जीतती है तो ठीक, वरना अभिषेक शर्मा के समर्थकों और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों के सवाल मैनेजमेंट को चुभते रहेंगे. RCB के ख‍िलाफ सीजन ओपनर मुकाबला हारने के बाद SRH ने दूसरे मुकाबले में बढ‍़‍िया वापसी की. उन्होंने KKR के ख‍िलाफ 65 रनों की जीत दर्ज की. 

वीडियो: भारत बनाम न्यूज़ीलैंड फाइनल मैच देखने ईशान किशन के पिता क्यों नहीं आए?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement