The Lallantop

डिविलियर्स के संन्यास पर किस लेजेंड ने कहा, 'अब क्रिकेट पहले जैसा नहीं रहेगा'

विराट का दिल टूटा तो कारण भी बताया.

Advertisement
post-main-image
कोहली और एबी डिविलियर्स ( फोटो क्रेडिट : IPL/BCCI)
एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है. अब एबी डिविलियर्स क्रिकेट के मैदान पर खेलते हुए कभी नहीं दिखेंगे. डिविलियर्स ने अचानक ये फैसला लिया है. सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए उन्होंने संन्यास की घोषणा की और लिखा,
‘मेरी यात्रा शानदार रही है, लेकिन अब मैंने क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने का फैसला किया है. घर के पीछे अपने बड़े भाइयों के साथ क्रिकेट खेलने से लेकर अब तक मैंने इस खेल को खूब मज़े और ऊर्जा के साथ खेला है. अब 37 साल की उम्र में वो आग इतनी तेज नहीं जल रही है.’
बस डीविलियर्स का ये ऐलान और सोशल मीडिया पर मायूसी छा गई. एबी डिविलियर्स ने वैसे तो चार साल पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. लेकिन वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय थे. लगातार IPL भी खेल रहे थे. और क्रिकेट के उनके फैंस को तो ऐसा लग भी रहा था कि दो-तीन सीज़न तो वो कहीं नहीं जा रहे हैं. खैर, एबी डिविलियर्स के संन्यास पर विराट कोहली समेत कई दिग्गज क्रिकेटर्स ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली एबी डिविलियर्स के रिटायरमेंट पर काफी भावुक दिखे. कोहली ने लिखा,
'ये दिल दुखाने वाला फैसला है, लेकिन मुझे मालूम है कि आपने खुद और अपने परिवार को देखते हुए ये फैसला लिया होगा. I Love You. '
इसके बाद एबी डिविलियर्स ने भी झट से रिप्लाई देते हुए लिखा,
' I Love you too brother. '
इसी कड़ी में विराट ने आगे फिर ट्वीट कर लिखा,
'हमारे वक्त के सबसे बेहतरीन प्लेयर और सबसे प्रेरणादायी इंसान एबी डिविलियर्स ने जो भी किया है और RCB को जो दिया है. हमारा संबंध खेल से भी आगे है और हमेशा रहेगा.'
कोहली के अलावा इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज सैम बिलिंग्स ने एबी डिविलियर्स के लिए लिखा,
'मैंने अब तक जो देखा है, उसमें सबसे बेस्ट. वे जिन्हें मैं हमेशा फॉलो करता हूं. अपने दम पर खेल को अगले स्तर पर ले जाने वाले मिस्टर 360'.
वहीं, अफ़गानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने लिखा,
'जाहिर तौर पर ये मेरे और सभी गेंदबाजों के लिए राहत जैसा है. शानदार यादों के लिए और मेरे जैसे कई युवाओं को प्रेरित करने के लिए बहुत शुक्रिया. हमलोग बिल्कुल आपको बहुत मिस करेंगे मिस्टर 360 एबी डिविलियर्स.'
इसके अलावा RCB ने ट्वीट करते हुए एबी डिविलियर्स को शानदार विदाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, '
एक युग का अंत! आपके जैसा कोई नहीं है, एबी. हम आपको RCB में बहुत मिस करेंगे. आपने टीम, फैन्स और सामान्य रूप से क्रिकेट प्रेमियों को जो कुछ दिया है, उसके लिए शुक्रिया एबी… रिटायरमेंट मुबारक हो, लेजेंड.'
Google के CEO सुंदर पिचाई भी एबी डिविलियर्स के बड़े फैन निकले. सुंदर पिचाई ने लिखा,
'क्या शानदार करियर रहा है, मेरे सबसे पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक.'
साउथ अफ्रीकी टीम के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसी ने भी एबीडी को शुभकामनाएं दी हैं. फाफ ने लिखा,
 'शानदार करियर के लिए वेल डन. मैं बेहद खुशकिस्मत हूं कि तुम्हारे साथ क्रिकेट फील्ड शेयर कर पाया. तुम्हारे बिना गेम पहले जैसा नहीं रह पाएगा. मैं जिन खिलाड़ियों के साथ खेला, उनमें से सर्वश्रेष्ठ.'' 
बता दें कि एबी डिविलियर्स मॉडर्न डे क्रिकेट के महान बल्लेबाज माने जाते हैं. डिविलियर्स का जलवा तीनों फॉर्मेट में खूब देखने को मिला. टेस्ट में भी बेस्ट, वनडे और T20 में क्या ही कहने. 37 साल के इस साउथ अफ्रीकी को भारत में भी खूब प्यार मिला. और एक विदेशी खिलाड़ी के लिए इससे बड़ी क्या बात होगी कि उसे किसी दूसरे मुल्क में ढेर सारे चाहने वाले मिल जाएं. एबी डिविलियर्स ने 114 टेस्ट मैचों में लगभग 51 की बैटिंग एवरेज से 8765 रन बनाए हैं. जबकि 228 वनडे में 54 की एवरेज से 9577 रन बनाए. वहीं, 184 IPL मैचों में  40 की औसत से 5162 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने तीन शतक और 40 अर्धशतक लगाए. क्रिकेट के इस सुपरमैन को दुनिया हमेशा मिस करेगी. थैंक यू अब्राहम बेंजामिन डिविलियर्स.

Advertisement
Advertisement