राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में एक शादी समारोह में दूल्हे पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया (Man attacks groom in Rajasthan). रिपोर्ट्स के मुताबिक गांव के ही टीचर ने शादी में दूल्हे पर चाकू से हमला कर दिया. साफा पहने होने के कारण दूल्हे की जान बच गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
शादी में पहुंचे टीचर ने स्टेज पर दूल्हे को दिया गिफ्ट, फिर चाकू मार दिया
आरोपी और दुल्हन 2 साल पहले साथ में नौकरी करते थे. दोनों के बीच उस वक्त किसी बात को लेकर विवाद हो गया था.


दूल्हे पर हमले का ये मामला चित्तौड़गढ़ जिले के ऊंचा गांव के राशमी थाना क्षेत्र का है. इंडिया टुडे से जुड़े पीयूष मुंद्रा की रिपोर्ट के मुताबिक 12 मई के दिन भीलवाड़ा जिले के रहने वाले महेंद्र की शादी कृष्णा से हो रही थी. ऊंचा गांव में शादी के बाद आशीर्वाद समारोह चल रहा था. दूल्हा और दुल्हन मेन स्टेज पर बैठे हुए थे. इसी दौरान शंकरलाल भारती नाम का एक शख्स गिफ्ट लेकर स्टेज पर गया. उसने दुल्हन के हाथ में गिफ्ट पकड़ाया.
दुल्हन को गिफ्ट देने के बाद शंकरलाल ने दूल्हे के सिर पर हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपी शंकरलाल तुरंत फरार हो गया. दुल्हन के भाई विशाल सैन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. घटना के समय वहां मौजूद एक शख्स ने हमले का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी शंकरलाल कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचा था. शादी में मौजूद लोगों पर शंकरलाल और उसके साथी दुर्गालाल तेली, प्रभुलाल जाट, दिनेश भारती व अन्य आरोपियों ने पत्थर फेंके.
दोनों के बीच था मनमुटाव!रिपोर्ट में बताया गया कि दुल्हन कृष्णा और शंकरलाल भारती करीब 2 साल पहले साथ में नौकरी करते थे. दोनों मंडपिया स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहकर्मी थे. रिपोर्ट के मुताबिक किसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था. इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हमले को अंजाम दिया.
मामले पर थानाधिकारी श्याम राज ने आजतक को बताया कि आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
वीडियो: लड़की से शादी नहीं हुई तो गिफ्ट के अंदर बम लगाकर दे दिया, ब्लास्ट हुआ दूल्हे की मौत
















