मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें मंदसौर के डिप्टी कलेक्टर को सड़क पर एक दंपती पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो में आसपास कई लोग खड़े दिख रहे हैं. झगड़े को छुड़ाने की कोशिश कर रहे हैं. पिटाई कर रही महिला डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को चप्पल से मारने की भी कोशिश करती है. वहीं उसका पति डीसी को गाली देता दिख रहा है. मारपीट कर रहे पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
दंपती ने बीच सड़क पर शख्स को पीटा, महिला चप्पल मारने वाली थी, पता चला वो डिप्टी कलेक्टर है
घटना मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बीती 20 जुलाई को हुई. अधिकारी से बदसलूकी के बाद दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उनकी दुकान गिरा दी गई.

अब पूरे इस पूरे वीडियो के बारे में बताते हैं. वीडियो 20 जुलाई का है. उसी दिन मध्य प्रदेश में निकाय चुनाव के परिणाम आए. डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर चुनाव की मतगणना को लेकर पिपलिया मंडी जा रहे थे. उनके साथ ये पूरा विवाद महू-नीमच हाईवे पर होम गार्ड ऑफिस के पास हुआ. बाद में डिप्टी कलेक्टर ने मीडिया को बताया कि सड़क पर एक लड़का तेज स्पीड से बाइक चलाते हुए जा रहा था. उन्होंने कहा,
"बार-बार बोलने पर भी वो साइड नहीं दे रहा था. इस पर मैंने आगे बढ़कर रोका. उसे थोड़ा डांटते हुए समझाया. इतने में डिवाइडर के दूसरी तरफ गुमटी (दुकान) वाले पति-पत्नी आकर उलझ गए. मुझे धमकी दी. महिला ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया. चूंकि वो महिला थीं इसलिए मैंने संयम बरता."
डिप्टी कलेक्टर ने बताया कि उन्हें ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उन लोगों ने बदतमीजी की. महिला ने चप्पल निकालकर मारने की कोशिश की. झगड़े के बाद वहां तुरंत पुलिस पहुंच गई थी. जिसके बाद पति-पत्नी को पकड़कर थाने ले जाया गया. मंदसौर के एएसपी गौतम सिंह सोलंकी ने मीडिया को बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
दुकान गिरा दी गईपति-पत्नी पर SC-ST एक्ट की धाराओं और शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. डिप्टी कलेक्टर ने ही दंपती के खिलाफ FIR दर्ज करवाई. वहीं महिला ने पुलिस को बताया कि डिप्टी कलेक्टर ने उनके पति का गला पकड़ लिया था. उनके पति झगड़ा रोकने गए थे.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, दंपती को पता नहीं था कि जिससे वे भिड़े थे वो कोई सरकारी अधिकारी हैं, वो भी डिप्टी कलेक्टर. जब उन्हें पता चला तो सड़क पर ही उन्होंने माफी मांगी. इस झगड़े के बाद प्रशासन ने दंपती की दुकान जेसीबी से गिरा दी.
दी लल्लनटॉप शो: क्या देश की आबादी मुसलमानों की वजह से बढ़ रही है?










