बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले अनिल पंडित का कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का साथी बताने वाला अनिल बॉलीवुड कलाकारों को जान से मारने की धमकी देता सुनाई दे रहा है. उसने सलमान खान के साथ काम करने वाले आर्टिस्ट्स को जान से मारने की धमकी दी. ऑडियो में उसने एक बार फिर दावा किया कि रविवार, 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ पर हमला उसी ने कराया था.
'सलमान खान के साथ काम किया तो मार देंगे, सबका नंबर आएगा,' टाइगर श्रॉफ हमले पर लॉरेंस गैंग की धमकी
कोटा की SP तेजस्वनी गौतम ने बताया कि लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने कथित तौर पर मुख्य आरोपी रेहान को टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश में शामिल किया. बाद में रेहान सोनीपत से एक नाबालिग लड़के को अपने साथ लेकर मुंबई पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया.

इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा और चेतन गुर्जर की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल ऑडियो में खुद को अनिल पंडित बताने वाला शख्स अकेले हमले की जिम्मेदारी नहीं लेता. उसने कहा कि वो और उसका बड़ा भाई हरमन संधू टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेते हैं. हालांकि, वायरल ऑडियो में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. टाइगर पर हमले के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबिक एक नाबालिग को पकड़ा गया है.
सलमान खान और उनके परिवार को धमकीवायरल क्लिप में सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले का जिक्र करते हुए धमकी दी गई है. शख्स कहता है कि अगर सलमान खान ने लॉरेंस बिश्नोई या बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगी, तो उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा. ऑडियो में सलमान खान के परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है.
इसके अलावा, शख्स ने उन लोगों को भी निशाना बनाने की बात कही, जो कथित तौर पर शोहरत पाने के लिए लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ बयान देते हैं. ऑडियो में धमकी देते हुए कहा गया,
सलमान खान के साथ काम करने वालों को भी धमकी"थोड़ा टाइम जरूर लग सकता है, लेकिन नंबर सबका आएगा."
ऑडियो क्लिप में सलमान खान के अलावा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भी जिक्र है. इसमें बॉलीवुड कलाकारों को धमकी देते हुए कहा गया कि जो भी फिल्म इंडस्ट्री में उनके खिलाफ जाकर काम करेगा या सलमान खान के साथ मिलकर काम करेगा, उसे मार दिया जाएगा.
ऑडियो में शख्स कहता है,
"जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमारे से अलग होकर काम करेगा या सलमान खान के साथ मिलकर काम करेगा, तो उसे हम मार देंगे. ये पहली और आखिरी चेतावनी है."
इस कथित ऑडियो में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की वजह बताते हुए कहा गया कि उन्हें पहले काफी समझाया गया था, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी. इसके बाद उन पर हमला कराया गया. हालांकि, ये सभी बातें ऑडियो में दावा करने वाले शख्स की ओर से कही गई हैं. इनकी पुष्टि पुलिस जांच के नतीजों के आधार पर ही हो सकेगी.
सलमान से लॉरेंस बिश्नोई का विवाद क्यों?लॉरेंस बिश्नोई गैंग और सलमान खान के बीच लंबे समय से तनाव की खबरें सामने आती रही हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह काला हिरण शिकार का मामला है. आरोप है कि 1990 के दशक के आखिर में सलमान खान ने राजस्थान में दो काले हिरणों का शिकार किया था. बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है. इसी मामले को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से सलमान खान को पहले भी धमकियां दिए जाने की खबरें आई हैं.
टाइगर श्रॉफ का हाथ झुलसाइससे पहले सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट भी सामने आया. इसमें अनिल पंडित और हरमन संधू ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. हमले में टाइगर श्रॉफ बच गए, लेकिन उनके हाथ पर गनपाउडर से झुलसने की चोट आई. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की. तब टाइगर के हाथ पर पट्टी बंधी हुई थी. इस हमले में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक घायल हो गए हैं.
टाइगर श्रॉफ पर हमले मामले में 3 पकड़े गएमामले में मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की, तो उसे कामयाबी भी मिली. 19 अक्टूबर को राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को पकड़ा गया. मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर कोटा सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार शामिल हैं. पकड़ा गया नाबालिग हरियाणा के सोनीपत का ही है.
कोटा की सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) तेजस्वनी गौतम ने बताया कि सूचना मिलने के मात्र 15 मिनट के अंदर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन की जांच कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया. शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने कथित तौर पर मुख्य आरोपी रेहान को साजिश में शामिल किया था. इसके बाद रेहान सोनीपत से एक नाबालिग लड़के को अपने साथ लेकर मुंबई पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया.
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपीSP तेजस्वनी गौतम ने बताया कि आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन से जयपुर पहुंचने वाले थे. इसके बाद वे बस से दिल्ली जाते और वहां से नेपाल भागने की फिराक में थे. हालांकि, पुलिस की सूचना और तेज कार्रवाई के चलते उन्हें कोटा में ही पकड़ लिया गया.
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ भी घायल, हाथ पर पट्टी बंधी, गोली चलाने वालों की पहली तस्वीर सामने आई
मुंबई पुलिस की टीम आरोपियों से आगे की पूछताछ और मामले की जांच के लिए कोटा पहुंच चुकी है. अब कोटा पुलिस आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले करेगी. पुलिस जांच में ये स्पष्ट होना बाकी है कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के पीछे की पूरी साजिश क्या थी और वायरल ऑडियो में किए गए दावों का घटना से कितना संबंध है.
वीडियो: अब FBI की नज़र लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर? ऑपरेशन हार्ड बॉल क्या है?












