दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर कौन सा है? अगर आप आज के दिन इसका जवाब 'दिल्ली' बताने वाले हैं तो हैरान होने के लिए तैयार हो जाइए. दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर नहीं है. उससे ये तमगा छीन लिया गया है. और छीनने वाला शहर कौन सा है? सिंगापुर!
सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में सिंगापुर ने दिल्ली को पछाड़ा, ये कैसे हुआ?
Singapore pollution: सिंगापुर में पॉल्यूशन एक समस्या बन गया है. दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में सिंगापुर का नाम आया है. शहर में धुंध छाने की वजह इंडोनेशिया में लगी आग है.

हैरान रह गए न, लेकिन आज का सच यही है. दुनिया के सबसे अमीर शहरों में शामिल सिंगापुर (देश भी है) दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर भी हो गया है. 14 अक्टूबर को दुनिया के सबसे पॉल्यूटेड देशों की सूची में सिंगापुर कभी दूसरे तो कभी पहले पायदान पर नजर आया. मलेशिया के कुआलालंपुर से उसे बराबर 'चुनौती' मिल रही है. मुंबई इस लिस्ट में चौथे नंबर और दिल्ली सातवें पायदान पर है.
दरअसल, सिंगापुर कई दिनों से काले धुंए में लिपटा हुआ है, जिससे स्काईलाइन भी धुंधली और अस्पष्ट दिखाई देने लगी है. स्काईलाइन में मरीना बे सैंड्स और दूसरी ऊंची इमारत शामिल हैं.
स्विस एयर क्वालिटी मॉनिटर IQAir के मुताबिक, कुआलालंपुर 252 AQI के साथ पहले नंबर पर है. सिंगापुर का AQI 236 दर्ज किया गया है. दोनों ही सबसे खराब श्रेणी में आते हैं.
14 अक्टूबर को ही सिंगापुर पॉल्यूटेड सिटी की लिस्ट में पहले पायदान पर था. और कुआलालंपुर दूसरे पर. कुछ देर बाद IQAir के नए डेटा में दोनों शहर की जगह बदली नजर आई. इसमें मुंबई का भी नाम जुड़ गया.
एयर क्वालिटी मॉनिटर IQAir के मुताबिक, मुंबई लिस्ट में चौथे और दिल्ली सातवें नंबर पर है. 138 AQI के साथ इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता 10वें पायदान पर है. सबसे साफ हवा वाले शहर में रूस का क्रास्नोयार्स्क है.

सिंगापुर में हवा के खराब होने का कारण इंडोनेशिया के जंगलों में लगी आग है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडोनेशिया में हर साल सूखे मौसम के दौरान आग लगने की घटनाएं होती हैं. लेकिन इस साल सूखे के साथ ‘अल नीनो’ भी आ गया है. जिससे जंगल और पेड़-पौधों में आग तेजी से फैल रही है. अल नीनो एक प्राकृतिक मौसमी घटना है जो दुनिया भर में मौसम के पैटर्न को बदल देती है.
एक बार सूखे इलाके में आग लग जाती है, तो हवाएं लपटों को तेज कर आग बढ़ा सकती है. इतना ही नहीं, हवा अपने साथ काला धुआं भी दूर तक लेकर जा सकती है. जैसा सिंगापुर की नेशनल एनवायरनमेंट एजेंसी ने भी बताया है. इसके मुताबिक, इंडोनेशिया के दक्षिणी और मध्य सुमात्रा और पश्चिमी कालीमंतन इलाकों से हल्के से लेकर घने धुएं के गुबार को सिंगापुर की ओर बढ़ते हुए देखा गया था.
ये भी पढ़ें: साहिल-मुस्कान को मौत की सजा, पति सौरभ राजपूत के टुकड़े कर नीले ड्रम में भर दिए थे
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने जंगल की आग से निपटने के लिए और संसाधन तैनात करने का आदेश दिया है. इंडोनेशिया के जंगलों में लगी आग से बढ़ते धुएं और धुंध के कारण पूर्वी तिमोर ने तीन दिनों के लिए अपने स्कूल बंद करने का ऐलान किया है.
वीडियो: बेंगलुरु में प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस ने क्या किया?












