गुजरात के वलसाड में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी भी नाबालिग हैं. जिनकी सोशल मीडिया के जरिए लड़की से बातचीत शुरू हुई थी.
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद नाबालिग लड़की को मिलने बुलाया, फिर 3 लड़कों ने मंदिर के पीछे गैंगरेप किया
रिपोर्ट में वलसाड के डिप्टी एसपी ए.के. वर्मा के हवाले से बताया गया है कि तीनों आरोपियों में से एक लड़के की पीड़िता लड़की से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी. दोनों करीब 2 साल से इंस्टाग्राम पर बात करते थे.

इंडिया टुडे से जुड़े ब्रिजेश दोशी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 23 अगस्त की है. वलसाड के डिप्टी एसपी ए.के. वर्मा के हवाले से बताया गया है कि तीनों आरोपियों में से एक लड़के की पीड़िता लड़की से सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी. दोनों करीब 2 साल से इंस्टाग्राम पर बात करते थे.
23 अगस्त को मुख्य आरोपी ने लड़की को वलसाड के तिथल स्थित साईं बाबा मंदिर के पास मिलने के लिए बुलाया था. पुलिस के मुताबिक पीड़िता लड़की के वहां पहुंचने से पहले आरोपी ने अपने एक दोस्त को भी बुलाया हुआ था. दोनों ने मंदिर के पीछे एक सुनसान इलाके में उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने अपने एक और दोस्त को वहां बुलाया. उसने भी पीड़िता के साथ रेप किया.
उधर देर रात होने के बाद भी जब पीड़िता अपने घर नहीं पहुंची तो, परेशान घरवाले उसे ढूंढने निकल पड़े. परिवार के आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे थे. रात करीब डेढ़ बजे लड़की को परिवार वाले ढूंढ पाए. वो घबराई हुई हालत में वाड़ी के पास मिली. पूछताछ के बाद उसने परिवार वालों को पूरी घटना बताई. इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
वलसाड सिटी पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, कुछ ही घंटों में पुलिस ने घटना में शामिल तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया. फिलहाल, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
वीडियो: वलसाड में लोग पानी के लिए क्यों तरस रहे हैं?













