पाकिस्तान के एक मशहूर अस्पताल में आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई है. बुधवार, 26 अगस्त को इस्लामाबाद में 'पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में आग लग गई. अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के वक्त नर्सरी में 16 नवजात बच्चे थे. इनमें से सिर्फ एक बच्चे को ही बचाया जा सका.
पाकिस्तान के अस्पताल में लगी भीषण आग, 15 नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत
Pakistan Hospital Fire: इस्लामाबाद के Pakistan Institute of Medical Sciences (PIMS) में भीषण आग लग गई. 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो न्यूज के मुताबिक, आग सुबह करीब 7 बजे अस्पताल के गायनेकोलॉजी (स्त्री रोग) वार्ड में लगी. अधिकारियों ने बताया कि आग नर्सरी के अंदर एयर-कंडीशनर के कंप्रेसर में धमाका होने से लगी. रेस्क्यू टीमों को अस्पताल भेजा गया. उन्होंने आग बुझाने और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने का काम किया. आग पर काबू पा लिया गया है. मौके पर कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है.
जिला प्रशासन के मुताबिक, आग MCH (मैटरनेल एंड चाइल्ड हेल्थ) वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई. दमकल की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हुईं.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब आग लगी तो स्टाफ सेंटर में मौजूद नहीं था. एक महिला ने कहा,
“हमें हॉस्पिटल के अंदर भी नहीं जाने दिया गया, हमें सिर्फ इतना बताया गया कि बच्चों की मौत हो गई है.”
शहबाज शरीफ ने क्या बताया?पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 15 नवजात बच्चों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत जांच करने के निर्देश दिए हैं. पीएम शरीफ ने कहा कि दोषियों का पता लगाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस घटना से उनका दिल दुखी है और वे मृतक बच्चों के परिजनों के इस दुख में बराबरी से शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: 11 अस्पतालों में लगी आग में खाक हुईं 107 जिंदगियां, एक केस छोड़ सब में आरोपियों को बेल: रिपोर्ट
घटना की जांच के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी बनाई गई है. जिला प्रशासन ने कहा कि कमेटी आग लगने के कारण का पता लगाएगी और यह पता लगाएगी कि घटना कैसे हुई.
वीडियो: ओडिशा के अस्पताल में लगी आग, 10 की मौत, मुख्यमंत्री ने क्या कहा?









