दुनिया इधर से उधर हो गई लेकिन Mukesh Khanna, Ranveer Singh को Shaktimaan बनाने के लिए तैयार नहीं हुए. उनके हिसाब से रणवीर फिल्म के विलन यानी Tamraj Kilvish के रोल में परफेक्ट लगेंगे. मगर उनमें शक्तिमान वाली खूबियां नहीं हैं. अपनी इसी जिद्द की वजह से उन्होंने सोनी इंटरनेशनल और YRF से मिले करोड़ों के ऑफर्स ठुकरा दिए हैं.
रणवीर 'शक्तिमान' नहीं बने तो मुकेश खन्ना को हुआ करोड़ों का नुकसान, बोले- "मैं बेवकूफ़ हूं..."
मुकेश खन्ना ने रणवीर को शक्तिमान की जगह तमराज किल्विश का रोल ऑफर किया है.

यूट्यूबर शुभोजित घोष से हुई बातचीत में मुकेश ने स्वीकारा कि उनकी वजह से सोनी पिक्चर्स ‘शक्तिमान’ नहीं बना पा रही. उनके मुताबिक, रणवीर ‘धुरंधर’, ‘गली बॉय’ और ‘पद्मावत’ के खिलजी बन सकते हैं, लेकिन शक्तिमान नहीं. वो इसलिए क्योंकि रणवीर के चेहरे पर शैतानी नजर आती है. हालांकि इन शिकायतों के बावजूद मुकेश उन्हें काफी अच्छा एक्टर मानते हैं.
कुछ साल पहले रणवीर, मुकेश खन्ना को मनाने उनके ऑफिस गए थे. वो तीन घंटे तक वहां रहे मगर बात नहीं बनी. तब उन्हें तमराज किल्विश का रोल ऑफर किया गया था. लेकिन रणवीर केवल शक्तिमान बनना चाहते थे. मुकेश कहते हैं,
“मुझे रणवीर को मना करते हुए थोड़ा बुरा लग रहा था. शाक्तिमान के लिए मेरे दिमाग में जो चेहरा था, वो मुझे उसमें नहीं दिख रहा था. लेकिन उसकी एनर्जी कमाल की थी. करीब तीन घंटे तक वो मेरे सामने बैठकर अपनी पूरी कहानी सुनाता रहा. वो कभी फर्श पर बैठ जाता, कभी उठकर इधर-उधर घूमने लगता. रणवीर को देखकर मैं हैरान रह गया. मैंने उससे ज्यादा एनर्जेटिक इंसान आज तक नहीं देखा. देव आनंद साहब के बाद वही एक एक्टर है, जिसमें मैंने इतनी एनर्जी देखी है.”
‘धुरंधर’ के बाद मुकेश ने रणवीर सिंह की खूब तारीफ़ की थी. ये देख लोगों को लगा कि ‘शक्तिमान’ पर भी उनकी राय बदल जाएगी. मगर ऐसा हुआ नहीं. मुकेश कहते हैं कि रणवीर में सभी खूबियां हैं. वो खुद उनकी तारीफ़ करते हैं. मगर इसका मतलब ये नहीं कि उन्होंने रणवीर को ‘शक्तिमान’ ऑफर कर दी है. मुकेश कहते हैं कि उनकी इस जिद्द से उन्हें करोड़ों का नुकसान हो रहा है. उनके मुताबिक,
“कमर्शियली मैं एक बेवकूफ इंसान की तरह पेश आ रहा हूं. मैंने लाखों नहीं बल्कि करोड़ों के चेक रोक रखे हैं. मेरे ऑफिस वाले भी कहते हैं कि सर पहले चेक ले लीजिए, लड़ाई तो होती रहेगी.”
मुकेश कहते हैं कि उनके लिए पैसे, उनके सिद्धांत से पहले नहीं आते. इसलिए जब मेकर्स दूसरा चेक भेजने वाले थे, तो मुकेश ने उन्हें रोक दिया. उनके मुताबिक, सोनी वाले मुकेश से सलाह लेकर भी ‘शक्तिमान’ को अपने हिसाब से बनाना चाहते थे. मगर वो इसके लिए तैयार नहीं हुए. इसी खींचातानी के चक्कर में आज अनाउंसमेंट के चार साल बाद भी ‘शक्तिमान’ की कहीं कोई खोज खबर नहीं है.
वीडियो: रणवीर सिंह की शक्तिमान बंद हो गई, वजह 'क्रिएटिव डिफरेंस' है!













