The Lallantop

यूपी की ये तस्वीरें पुलिस के बारे में आपकी सोच को बदल देंगी

पुलिस वालों को कोसने वाले पहले इसे पढ़ें.

Advertisement
post-main-image
यूपी पुलिस की ये फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं. (फोटो-ट्विटर)
पुलिस. पुलिस की छवि हमारे लिए ऐसी बन गई है कि ये शब्द सुनते ही हमारे मन में नकरात्मक खबरें आने लगती हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस की वायरल हो रही ये तस्वीरें यूपी पुलिस के बारे में आपके खयाल को बदल देंगी. कई सारे पुलिसकर्मी ऐसे भी हैं जो अपने व्यवहार से लोगों के दिल में जगह बना रहे हैं. ऐसी ही कुछ तस्वीरें पिछले दो-तीन दिन से सोशल मीडिया पर वायरल हैं.
बैंक के बाहर तड़प रही बुजुर्ग महिला को खाना खिलाया संत कबीरनगर. धनहटा थाने में तैनात हैं कांस्टेबल मानवी सिंह. मानवी स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक में अपने निजी काम से गई थीं. बैंक में ही 80 वर्षीय बुजुर्ग तानदेई भी पैसा निकालने के लिए आई हुई थीं. लेकिन किसी कारण से उन्हें बैंक से पैसा नहीं मिला. पैसे न होने से परेशान बुजुर्ग गेट पर ही हैरान-परेशान पड़ी थीं. मानवी की नजर बुजुर्ग पर पड़ी. मानवी उन्हें थाने ले गईं. थाने के मेस में उन्हें खाना खिलाया. उन्हें घर जाने के लिए गाड़ी में बिठाया और किराया भी दिया. मानवी की इस सहृदयता से तानदेई का चेहरा खिल उठा. उन्होंने मानवी को तहेदिल से धन्यवाद दिया.
डीजीपी ओपी सिंह का कांस्टेबल मानवी सिंह के लिए लिखा गया प्रशंसा पत्र (फोटो- ट्विटर)
डीजीपी ओपी सिंह का कांस्टेबल मानवी सिंह के लिए लिखा गया प्रशंसा पत्र (फोटो- ट्विटर)

डीजीपी ने की मानवी की सराहना मानवी की इस मानवीय संवेदनशीलता की डीजीपी ओपी सिंह ने सराहना की है. उन्होंने मानवी के नाम प्रशंसा पत्र लिखते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. डीजीपी ने कहा कि मानवी ने अपने नाम की सार्थकता सिद्ध की है. जिससे पुलिस की मानवीय छवि बनी है. जो कि अन्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है. भूखी महिला को खिलाया खाना हरदोई. एक बुजुर्ग महिला को परेशान देख आरक्षी प्रियंका शर्मा उनके पास गईं. बात किया तो पता चला कि उनके पास पैसे नहीं है. और भूख भी लगी है. प्रियंका ने उन्हें खाना खिलाया. और घर जाने के लिए पैसे भी दिए. घायल बुजुर्ग को इंस्पेक्टर ने पहुंचाया अस्पताल भदोही के विहियापुर इलाके में एक बोलेरो ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी. उनके पैर में चोट लगी और वे सड़क किनारे ही तड़पने लगे. आसपास से लोग गुजरते रहे लेकिन उनकी मदद किसी ने नहीं की. सूचना पाकर मौके पर सुरियावां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील दुबे पहुंचे. बिना देर किए उन्होंने घायल बुजुर्ग को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया. ये तस्वीरें यूपी पुलिस की #UPPCares मुहिम को बढ़ावा देती हैं, जिसे विभाग ने आम जनता के बीच छवि बदलने के लिए चलाई है. हम पुलिस को अक्सर इस तरह से देखते रहे हैं जैसे उनके अंदर प्रेम-भाव ही न हो. जबकि सच्चाई तो यही है कि वे कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी हमारी सहायता के लिए तैयार रहते हैं. एक सलाम तो बनता ही है.


वीडियो देखें: देश के सभी प्राइमरी स्कूलों को ऐसी टीचर मिल जाए तो उनकी तस्वीर बदल जाएगी

Advertisement
Advertisement