The Lallantop

ट्रेन आने पर फाटक बंद हुआ, लेकिन अपनेआप रुकने वाली Tesla 'नहीं' रुकी, वीडियो वायरल

टेस्ला यूजर ने बताया कि ट्रेन आने के बाद भी कार की स्पीड कम न हुई. और कार सीधे फाटक में जा भिड़ी.

Advertisement
post-main-image
दुर्घटनाग्रस्त self drive tesla कार (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

एलन मस्क के मालिकाने वाली टेस्ला की सेल्फ ड्राइविंग कार का एक वीडियो वायरल है. ये वीडियो अमेरिका के ओहियो प्रांत का है. वीडियो में एक तेज स्पीड कार है. जो रेलवे फाटक के बंद होने पर भी रूकती नहीं और सीधे फाटक से टकरा जाती है. सोशल मीडिया पर आर्टेम रुसाकोव्स्की नाम के एक यूजर ने 19 मई को इस वीडियो को शेयर किया. यूजर का दावा है कि यह टेस्ला की सेल्फ ड्राइविंग कार है और एक्सीडेंट के दौरान ये फुल सेल्फ ड्राइविंग मोड में थी.

Advertisement

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, ओहियो के रहने वाले क्रैग डॉटी ने टेस्ला मोटर्स क्लब फोरम में एक पोस्ट डाली. इसमें उन्होंने सेल्फ ड्राइविंग मोड की शिकायत की. वहीं से इस पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आर्टेम रुसाकोव्स्की ने शेयर किया. और देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गया.

शिकायत में टेस्ला यूजर डॉटी ने क्या लिखा है वो भी बताते हैं. उन्होंने लिखा, 

Advertisement

"मेरे पास पिछले एक साल से टेस्ला की सेल्फ ड्राइविंग कार है. पिछले 6 महीनों के भीतर इसका 2 बार एक्सीडेंट हुआ है. इसने दो बार सेल्फ ड्राइविंग मोड में रहते हुए गुजरती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया है. हालिया घटना 8 मई, 2024 को हुई. मेरे पास उस घटना का फ़ुटेज भी है." 

डॉटी ने बताया कि ट्रेन आने के बाद भी कार की स्पीड कम न हुई. और कार सीधे फाटक में जा भिड़ी. उन्होंने आगे लिखा कि वे इन घटनाओं से टेलीमेट्री डेटा निकालने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही ऐसे और केस खोज रहे हैं. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से उन्हें अपने केस के लिए कोई वकील नहीं मिल पा रहा है.

इस वीडियो को देखने के बाद लोगों ने टेस्ला की सेल्फ ड्राइविंग कार पर सवाल उठाए हैं. वहीं, कइयों ने टेस्ला का समर्थन भी किया है. Hassan नाम के एक यूजर ने लिखा, 

Advertisement

“इसे सेल्फ ड्राइविंग कार (सुपरवाइज्ड) किसी कारण से ही बोलते हैं. इसमें टेस्ला की गलती नहीं है, ये आपकी लापरवाही है.”

Gerard A. Malone नाम के यूजर ने भी इसे ड्राइवर की लापरवाही बताया. लिखा, 

“गाड़ी चलाने के लिए पर्याप्त विजिबिलिटी नहीं थी, न तो इंसान और न ही रोबोट के लिए. रुक कर इंतजार करना चाहिए था.”

थॉमस फॉक्स नाम के एक यूजर ने एलन मस्क को टैग करते हुए लिखा, 

“इसे देखने की जरूरत है.”

वहीं, बिलावल सिद्धू नाम के यूजर ने सलाह दी कि इन धुंधली स्थितियों में एक थर्मल कैमरा मदद कर सकता है.

ऐसा नहीं है कि टेस्ला के सेल्फ ड्राइविंग मोड पर पहली बार सवाल उठा हो. ब्रिटिश अखबार द गार्डियन ने 26 अप्रैल को एक खबर छापी थी. इसके मुताबिक, अमेरिकी ऑटो-सुरक्षा नियामकों ने टेस्ला के ऑटोपायलट मोड फीचर की जांच की थी. उनकी जांच में कम से कम 13 घातक दुर्घटनाओं की पहचान की गई थी. जिनमें सेल्फ ड्राइविंग की सुविधा शामिल थी. जांच में यह भी पाया गया कि टेस्ला के दावे वास्तविकता से मेल नहीं खाते.

(यह स्टोरी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहे नवनीत ने लिखी है.)

वीडियो: सोशल लिस्ट: आशीष सोलंकी के Pretty Good Roast का एक एपिसोड डिलीट, मिसिंग गेस्ट पर भड़क गए लोग

Advertisement