The Lallantop

सपा नेता बोले-कहीं नपुंसक ना बना दे कोरोना वैक्सीन, DCGI ने दिया जवाब

दो वैक्सीन कोविशील्ड और कोवैक्सीन को भारत में अनुमति मिली है.

Advertisement
post-main-image
पार्टी MLC आशुतोष सिन्हा ने मिर्जापुर में ये बयान दिया.
यूपी के मिर्जापुर में समाजवादी पार्टी के MLC आशुतोष सिन्‍हा ने एक बयान दिया. उन्होंने कहा कि केवल समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए. मीडिया ने अखिलेश यादव के बयान पर उनसे प्रतिक्रिया मांगी थी. मिर्जापुर में सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक हो रही थी. इसमें वाराणसी खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में सपा के टिकट पर जीते आशुतोष सिन्‍हा भी पहुंचे. पत्रकारों ने उनसे अखिलेश यादव के बयान पर सवाल कर लिया. इसके बाद उन्होंने कहा,
"अगर आदरणीय अखिलेश यादव जी ने इस बात को कहा है तो जरूर इसमें गंभीरता होगी, क्योंकि ये जो सरकार है यूपी की और देश की ये ऐसी सरकार है जहां ऑक्सीजन के आभाव में बच्चे मर गए. गोरखपुर में जो सीएम का गृहजनपद है, वहां दो-चार दिन पहले वे दौरा करके भी आए थे. इस सरकार के तंत्र पर भरोसा नहीं किया जा सकता है."
उन्होंने आगे कहा,
"अगर अखिलेश जी ने कहा है तो तथ्यों के आधार पर किया होगा. अगर वो नहीं लगवा रहे हैं तो उस वैक्सीन में ऐसी चीजें होंगी कि नुकसान हो जाए. बाद में कह दें कि जनसंख्या कम करने के लिए लगाए गए हैं वैक्सीन. नपुंसक बना दें. कुछ भी हो सकता है. केवल सपाई ही नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता को भी वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए."
हालांकि बाद में विवाद होने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. उन्होंने कहा कि पहले पीएम को ये वैक्सीन लगवानी चाहिए. क्या कहा था अखिलेश यादव ने? समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कोविड वैक्सीन लगवाने से इंकार कर दिया था. उन्होंने लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वो बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे. उन्होंने कहा था,
“देखिए मैं तो नहीं लगवाऊंगा वैक्सीन. मैंने अपनी बात कह दी. और वो भी बीजेपी लगा रही है, उसका भरोसा करूंगा मैं? अरे जाओ भाई, अपनी सरकार आएगी तो सबको फ्री वैक्सीन लगाई जाएगी. हम बीजेपी का वैक्सीन नहीं लगवा सकते.”
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया का बयान ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया के निदेशक वीजी सोमानी ने कहा कि इस बात में तनिक भी सच्चाई नहीं है. उन्होंने कहा,
"हम कभी भी ऐसा कुछ अप्रूव नहीं करेंगे जिस पर हमें सुरक्षा संबंधी चिंता हो. टीके 110% सुरक्षित हैं. बुखार, दर्द और एलर्जी जैसे कुछ दुष्प्रभाव हर टीके के लिए आम हैं. यह (कि लोग नपुंसक हो सकते हैं) पूरी तरह बकवास है."
https://twitter.com/ANI/status/1345612111762735104 दो वैक्सीन के आपात इस्तेमाल को मिली मंजूरी DCGI यानी ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने दो वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति दी है. सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन. ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया के निदेशक वीजी सोमानी ने कहा कि Central Drugs Standard Control Organisation की subject expert committee ने एक जनवरी को कोविशील्ड और दो जनवरी को कोवैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति देने की सिफारिश की थी. इस कमेटी में डॉक्टर और वैज्ञानिक शामिल थे. सोमानी ने कहा कि दोनों वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित हैं और इनका इस्तेमाल इमरजेंसी की स्थिति में किया जा सकेगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement