The Lallantop

बेटी की फोटो पर आए भद्दे कमेंट्स तो ये बोले अजय देवगन

फिल्म स्टार्स और हर समझदार माता-पिता इस बात पर अजय देवगन की तारीफ करेंगे.

Advertisement
post-main-image
अजय देवगन और काजोल की बेटी नीसा को सोशल मीडिया पर निशाना बनाने वालों की बुद्धि पर अफसोस ही किया जा सकता है.
नीसा. अजय देवगन और काजोल की बेटी. 14 साल की हैं. सिंगापुर में पढ़ाई करती हैं. इंडिया आना-जाना लगा रहता है. इस साल जनवरी में नीसा की एयरपोर्ट फोटोज़ ग्लैमर फोटोग्राफर्स ने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं. इनमें नीसा कैज़ुअल लुक में नज़र आ रही थीं. उन्होंने एक लॉन्ग हुडी ड्रेस पहन रखी थी. जैसे ही ये फोटोज़ सोशल मीडिया पर आईं तो कमेंट्स आने शुरू हो गए. नीसा की ड्रेस पर उन्हें खूब ट्रोल किया गया. भद्दे कमेंट्स लिखे गए. जैसे ये कि - 'लगता है नीसा ड्रेस के नीचे कुछ भी पहनना भूल गई है.'
ये है वो फोटो जिससे नीसा को ट्रोल किया गया.
मुंबई एयरपोर्ट पर ली गई नीसा की वो फोटोज़.

नीसा के पिता अजय देवगन भी इस पर चुप नहीं रहे. उन्होंने क्या कहा, आपको जानना चाहिए. अजय ने हाल ही में एचटी को दिए एक इंटरव्यू में कहा -
"पिछले दिनों नीसा को पैंट न पहनने पर ट्रोल किया गया था. वो सिर्फ 14 साल की है और मुझे लगता है कि कई बार लोग ये भूल जाते हैं और बहुत ही बेहूदा बातें करते हैं. नीसा ने उस दौरान लॉन्ग शर्ट पहनी थी. शर्ट लंबी थी इसकी वजह से शॉर्ट्स दिखाई नहीं दे रही थी तो लोगों ने उसे ट्रोल कर दिया.
मैं नहीं जानता ये किस तरह के लोग हैं लेकिन उनकी हरकतों की कीमत हम चुका रहे हैं. मैं पैपराज़ी (पीत पत्रकार/फोटोग्राफर्स) से गुजारिश करता हूं कि वो हमारे बच्चों को अकेला छोड़ दें. आखिर पेरेंट्स के फेमस होने की कीमत बच्चे क्यों चुकाएं?
मुझे लगता कि कोई भी स्टार किड पैपराज़ी से खुश नहीं है. उन सबको अपना स्पेस चाहिए. बच्चे हर समय घर से तैयार होकर नहीं निकलना चाहते हैं. ये बहुत ही दुख की बात है कि ऐसी चीजें हो रही हैं."
अपनी नाराज़गी जताते हुए अजय ने कहा कि इस ट्रोलिंग से न सिर्फ नीसा बल्कि पूरी फैमिली पर असर पड़ता है. ऐसा नहीं है कि ये पहली बार हुआ है. 2018 में शाहरुख़ खान की बेटी सुहाना के साथ भी ऐसा हुआ था. जब उनके बीच हॉलिडे फ़ोटोज़ पर लोगों ने इसी तरह के घटिया कमेंट्स किए थे. फिर हाल ही में सलमान खान की बहन अर्पिता के बेटे अहिल के बारे में भी असंवेदनशील कमेंट्स किए गए. इस तरह से फिल्म स्टार्स के बच्चों को टारगेट करना सरासर गलत है. आप स्टार्स के काम की आलोचना करिए, उनके घर और उनके बच्चों पर नजरें मत डालिए. एक बार अभिषेक बच्चन ने इसका बहुत सही जवाब दिया था. एक ट्विटर यूज़र ने अभिषेक को बुरा एक्टर कहने के चक्कर में उनकी बेटी का मजाक उड़ा दिया. उस यूज़र ने लिखा - " इंतजार कर रहा हूं कि आराध्या अपने पिता की द्रोणा, झूम बराबर झूम जैसी फिल्में देखे और ऐश्वर्या से पूछे - 'क्या मजबूरी थी?' "


अभिषेक ने इसका बहुत ही शांत लेकिन असरदार जवाब दिया. उन्होंने ट्वीट किया - " मेरी फिल्में नहीं पसंद? कोई बात नहीं. मैं इस पर मेहनत करूंगा कि तुम मेरी फिल्में पसंद कर सको. लेकिन इस बात में मेरी बेटी को लाना कूल नहीं है." इस पर उस ट्विटर यूज़र ने अभिषेक से माफी मांगी.


Video: भारत-पाक में इस अफसर ने एयरपोर्ट की मरम्मत के लिए महिलाओं की मदद ली थी | Ajay Devgn

Advertisement
Advertisement