उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के प्रयागराज (Prayagraj) का एक वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर काफी वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में गंगा नदी में बाढ़ (Ganga Flood) के बीच कुछ युवक नाव पर बैठे हुक्का पीते और कथित रूप से नॉनवेज खाते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस ने वीडियो की जांच कर युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है.
गंगा नदी में नाव पर हुक्का पीते और नॉन-वेज खाते युवकों का वीडियो वायरल, पुलिस बोली- एक्शन लेंगे
वीडियो यूपी के प्रयागराज का है.


आजतक से जुड़े पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक ये वीडियो प्रयागराज के दारागंज इलाके का बताया जा रहा है. साथ ही ये भी बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सोमवार, 29 अगस्त को गंगा से नाव गंगा घूमने आए युवाओं का है. वायरल वीडियो में नाव पर आठ युवक बैठे नजर आ रहे हैं. सफेद शर्ट पहने एक युवक नाव में हुक्का पी रहा है. उसके सामने बैठा हुआ दूसरा युवक इस वीडियो को बना रहा है. हुक्का पीते हुए युवक के सामने एक छोटी भट्टी रखी हुई है जिसपर कथित रूप से नॉन-वेज रोस्ट किया जा रहा है. साथ ही एक दूसरे बर्तन में भी कथित रूप से नॉन-वेज होने का दावा किया जा रहा है. इसके बाद वीडियो बनाने वाला युवक कैमरे को नदी की ओर करता है जिसमें गंगा में आई बाढ़ का नजारा दिखाई देता है.
वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई. दारागंज पुलिस थाने ने इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही है. एसएसपी शैलेश कुमार पांडे का कहना है,
"एक वीडियो हमारे संज्ञान में ये है, जिसमें नाव पर एक व्यक्ति द्वारा हुक्का जैसी चीज का सेवन किया जा रहा है. साथ में नॉन-वेज जैसी भी वीडियो में रखी हुई दिखाई दे रही है."
एसएसपी शैलेश कुमार पांडे का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और इसमें दिखाई दे रहे लोगों की भी पहचान की जा रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी मदद ली जा रही है. एसएसपी के मुताबिक पहचान होने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: असम में बाढ़ का कहर जारी, भुवनेश्वर से NDRF की चार टीमें भेजी गईं




















