The Lallantop

'कांग्रेस अपने देश वालों को PAK के एटम बम से डरा रही... ', मणिशंकर अय्यर के बयान पर PM मोदी का हमला

PM Modi Odisha Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) कंधमाल में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर पलटवार करते हुए पार्टी को खूब खरी-खोटी सुनाईं.

Advertisement
post-main-image
पीएम मोदी इस समय उड़ीसा में चुनाव प्रचार कर रहे हैं | फाइल फोटो: इंडिया टुडे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज ओडिशा के कंधमाल में एक रैली को संबोधित किया. इस दौरान पोखरण परमाणु परीक्षण का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, '26 साल पहले आज ही के दिन अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था. हमने ये दिखा दिया था कि देशभक्ति से ओत-प्रोत सरकार देशहित के लिए, देश की सुरक्षा के लिए, देश के लोगों को आशा-अपेक्षा के लिए कैसे काम करती है.'

Advertisement

पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर का नाम लिए बगैर उनके बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा,

'एक वो दिन था, जब भारत ने दुनिया को अपने सामर्थ्य से परिचित कराया था. दूसरी तरफ कांग्रेस बार-बार अपने ही देश को डराने की कोशिश करती है. वो कहते हैं कि ‘संभल कर चलो, पाकिस्तान के पास एटम बम है.’

Advertisement

मोदी ने आगे कहा,

'कांग्रेस के इसी कमजोर रवैये के कारण जम्मू-कश्मीर के लोगों ने 60 साल तक आतंक भुगता है. देश ने कितने आतंकी हमले झेले हैं. देश भूल नहीं सकता कि आतंकियों को सबक सिखाने के बजाय...ये लोग आतंकी संगठनों के साथ बैठकें करते थे. 26/11 के मुंबई हमले के बाद इन लोगों की हिम्मत नहीं पड़ी कि आतंक के सरपरस्तों पर कार्रवाई करें. और क्यों? क्योंकि कांग्रेस और इंडी गठबंधन को लगता था कि अगर हम कार्रवाई करेंगे तो हमारा वोट बैंक नाराज हो जाएगा.'

मणिशंकर अय्यर ने कहा क्या था?

मणिशंकर अय्यर के जिस बयान पर बीजेपी हमलावर है, उसमें वो कह रहे हैं,

Advertisement

“भारत को पाकिस्तान को इज्जत देनी चाहिए. हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि उसके पास भी परमाणु बम है. मुझे ये समझ नहीं आता कि नरेंद्र मोदी सरकार ये क्यों कहती है कि हम पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे, क्योंकि वहां आतंकवाद है. ये समझना जरूरी है कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए चर्चा बहुत जरूरी है. वरना पाकिस्तान सोचेगा कि भारत अहंकार के साथ हमें दुनिया में छोटा दिखा रहा है. ऐसे में पाकिस्तान में कोई भी पागल इस बम का इस्तेमाल भारत पर कर सकता है.”

अय्यर बोले वीडियो पुराना है

बयान पर विवाद के बीच अय्यर ने कहा है कि वीडियो पुराना है, भाजपा के चुनावी अभियान लड़खड़ा रहा है इसलिए इसे उछाला जा रहा है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो को लेकर अय्यर ने कहा कि ‘चिल पिल’ पर दिए गए बयान वाले वीडियो में उन्होंने स्वेटर पहना हुआ है. इसका मतलब वीडियो सर्दियों का है, यानी कुछ महीनों पुराना है.

हालांकि पुराने बयान पर नया बवाल हो गया है. भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी कहा है कि कांग्रेस नेता भारत में रहते हैं, लेकिन उनका दिल पाकिस्तान में रहता है.

कांग्रेस ने बयान से किनारा किया

इधर कांग्रेस ने अय्यर के बयान से खुद को अलग कर लिया

 है. पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने X पर पोस्ट कर लिखा,

''मणिशंकर अय्यर के कुछ महीने पहले की गई टिप्पणियों से कांग्रेस पार्टी पूरी तरह असहमत है. अय्यर किसी भी तरीके से पार्टी के लिए नहीं बोलते हैं. इसे भाजपा ने फैलाया है, जिससे प्रधानमंत्री मोदी की गलतियों से ध्यान भटकाया जा सके.''

खेड़ा ने आगे कहा कि कांग्रेस और पूरा देश गर्व के साथ याद करता है कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में हमारी सेना ने क्या किया था. सेना की वीरता के कारण दिसंबर 1971 में पाकिस्तान टूटा और एक स्वतंत्र देश बांग्लादेश का उदय हुआ था.

वीडियो: संजय राउत पर पलटवार करते हुए PM मोदी ने कांग्रेस को सुना दिया

Advertisement