तेलंगाना में नौ साल एक लड़के ने कथित तौर पर हेयर स्टाइल ना पसंद आने पर आत्महत्या कर ली. वो गर्मी की छुट्टियों में अपने घर गया था. चार दिन पहले उसके पिता उसके बाल कटवाने के लिए उसे एक दुकान ले गए. वहां दोनों के बीच हेयरस्टाइल को लेकर कहासुनी हो गई. इसके बाद बच्चे ने ये कदम उठा लिया.
पिता ने फेवरेट हेयरकट नहीं कराने दिया, 9 साल का बेटा पेस्टिसाइड पी गया, मौत हो गई
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीआरपीसी की धारा 174 (संदिग्ध मौत) के तहत शिकायत दर्ज कर ली है. घटना को लेकर पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है.

इंडिया टुडे से जुड़ीं अपूर्वा की रिपोर्ट के मुताबिक घटना तेलंगाना के महबूबाद जिले के गंगराम मंडल स्थित चिंतागुडेम गांव की है. मृतक लड़के की पहचान ई. हर्षवर्धन के रूप में हुई है. हर्षवर्धन सीतानगरम सरकारी स्कूल में क्लास छठवीं का छात्र था. अपनी गर्मी की छुट्टियों के दौरान वो घर आया हुआ था. उसे एक खास हेयर स्टाइल रखना था, जो फैशन में था. लेकिन उसके पिता कांथा राव ने उसे हेयर स्टाइल के लिए अनुमति नहीं दी.
दी न्यू इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के अनुसार पिता के इनकार करने की वजह से वो निराश था. हेयर स्टाइल को लेकर हर्षवर्धन की पिता से कहासुनी भी हुई थी. जिसके बाद उसने 26 मई को कीटनाशक पी लिया. हर्षवर्धन को तुरंत गंगाराम के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया. लेकिन उसकी हालत गंभीर थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हैदराबाद के गांधी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया था. डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद चार दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद 30 मई के दिन हर्षवर्धन की मौत हो गई.
आत्महत्या की घटना को लेकर गंगराम के सब इंस्पेक्टर (SI) बी रवि ने मीडिया से बात की. उन्होंने बताया कि हैदराबाद के गांधी अस्पताल में ई. हर्षवर्धन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीआरपीसी की धारा 174 (संदिग्ध मौत) के तहत शिकायत दर्ज कर ली है. घटना को लेकर पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है.
वीडियो: पिता का आरोप, लड़के ने धर्म परिवर्तन के लिए फोर्स किया था इसलिए बेटी ने सुसाइड किया










