महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्कूटर पर जा रही गर्भवती महिला की एक्सीडेंट में मौत हो गई. घटना के दौरान वो पुल पार कर रही थी. तभी बैलेंस बिगड़ा और स्कूटर 30 फीट नीचे गिर गया. महिला के साथ उसका चार साल का बच्चा भी था. अगले दिन सर्च ऑपरेशन के दौरान वो मां के शव के पास जख्मी हालत में रोता हुआ मिला.
मां-बेटे स्कूटी से जा रहे थे, पुल से गिरकर महिला की मौत, बच्चा पूरी रात शव से लिपटकर रोता रहा
घटना की अगली सुबह पुलिस ने परिवार के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तब मां-बच्चे को देखकर लोग बहुत गमगीन हो गए


इंडिया टुडे से जुड़े विकास राजूरकर ने मामले पर रिपोर्ट तैयार की है. मृतका का नाम सुषमा पवन काकडे है. वो बामनी के आदित्य प्लाजा में रहती थीं. तीन महीने से गर्भवती थीं. परिजन के मुताबिक, 18 अक्टूबर को सुषमा अपने चार साल के बच्चे को चॉकलेट दिलाने और गांव में देवी के दर्शन करने मोपेड पर निकली थीं. खबर है कि बामनी-राजुरा मार्ग में वर्धा नदी पर बने पुल के पास उनके स्कूटर का संतुलन बिगड़ने के चलते वो 30 फीट नीचे नदी किनारे जा गिरा.
काफी देर होने पर जब महिला और बच्चा घर नहीं लौटे तो परिवार वालों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया. पति ने महिला के ईमेल के जरिए मोबाइल का लोकेशन पता किया. लोकेशन वर्धा नदी के पास की थी. परिजन ने वर्धा नदी के आसपास का पूरा इलाका छाना लेकिन कुछ पता नहीं चला.
बल्लारपुर के थानेदार उमेश पाटिल ने बताया कि परिवार वालों ने रात को एक बजे पुलिस थाने में महिला और बच्चे के गुमशुदा होने की की रिपोर्ट दर्ज कराई. 19 अक्टूबर को सुबह चार बजे पुलिस ने परिवार के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तभी पुल के नीचे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. वो रात भर वहीं बैठा रहा. नीचे जाकर देखा तो पता चला कि सुषमा की मौत हो गई है. घायल बच्चे को तुरंत बल्लारपुर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ये भी पढ़ें- YouTube देखकर पत्नी की डिलीवरी करवा रहा था पति, अब जिंदगी भर पछताएगा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि महिला की गर्दन की हड्डी टूट गई थी, जिससे मौत हो गई, हाथ में भी फ्रैक्चर था.






















