YouTube देखकर पत्नी की डिलीवरी करवा रहा था पति, अब जिंदगी भर पछताएगा
इलाके की सब नर्सों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अलर्ट कर दिया गया है.

तमिलनाडु (Tamil Nadu) में कथित रूप से एक शख्स ने यूट्यूब वीडियो देखकर खुद ही अपनी गर्भवती पत्नी की नॉर्मल डिलीवरी कराने की कोशिश की. लेकिन इस कोशिश ने 27 साल की पत्नी की जान ले ली. डिलीवरी के दौरान महिला को काफी ब्लीडिंग हुई, जिससे वो बेहोश हो गई. बाद में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. हालांकि बच्चा सुरक्षित है.
आजतक से जुड़े प्रमोध माधव की रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना 22 अगस्त को कृष्णागिरी स्थित पोचमपल्ली के पुलियामपट्टी इलाके में हुई. मृतक महिला का नाम लोगानायकी और उनके पति का नाम मधेश है. इस मामले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा अधिकारी रथिका ने मृतका के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
पुलिस के मुताबिक लोगानायकी के पति मधेश ने प्रसव पीड़ा शुरू होने पर घर पर ही बच्चे की डिलीवरी करवाई. बताया गया कि प्रसव के दौरान गर्भनाल (अंबिकल कॉर्ड) ठीक से नहीं कटी थी, महिला का काफी खून बह गया. जिससे उनके शरीर में खून की कमी हो गई. फिर उन्हें बेहोशी की हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया और वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट के मुताबिक कृष्णागिरी के जिला कलेक्टर केएम सरयू ने कहा कि घटना सामने आने के तुरंत बाद आरडीओ स्तर की जांच का आदेश दिया गया था. बच्चा अभी पूरी तरह स्वस्थ है.
डीएम ने जारी किया फरमानघटना के बाद जिला प्रशासन ने आदेश दिया है कि गांव की नर्स और आंगनवाड़ी की कार्यकर्ताएं, अपने-अपने गांव की सभी नव-विवाहित महिलाओं की जानकारी रखेंगी. बाद में जब वो गर्भवती हो जाएं तो उन सभी का विवरण PICME पोर्टल में दर्ज किया जाएगा. सभी गर्भवती महिलाओं को पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना चाहिए क्योंकि तमिलनाडु सरकार ने सभी प्रेग्नेंसी को रजिस्टर कराना अनिवार्य कर दिया है.
ये भी पढ़ें: प्रेगनेंट महिला को अस्पताल में भर्ती नहीं किया, बाहर करनी पड़ी डिलीवरी, बच्चा...
वीडियो: सेहत: औरतों में नॉर्मल डिलीवरी के बाद होने वाली इस प्रॉब्लम के बारे में कोई बात नहीं करता!

