एक विकलांग महिला शादी करने स्थानीय रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंची. ऑफिस दूसरी मंजिल पर था. महिला के लिए खुद से वहां जाना संभव नहीं था, और बिल्डिंग में लिफ्ट की सुविधा थी नहीं. अब आपका कॉमन सेंस कह रहा होगा कि ऑफिस के कर्मचारी सहयोग करते हुए कुछ देर के लिए महिला के पास चले गए होंगे. मगर अफसोस, ऐसा नहीं हुआ. फिर क्या हुआ? महिला खुद ही बहुत मुश्किल से ऊपर गईं.
रजिस्ट्रार ऑफिस में लिफ्ट नहीं, विकलांग महिला शादी करने गई तो अधिकारी नीचे तक नहीं आए
महिला ने X पर लिखे पोस्ट में अपने अनुभव के बारे में बताया जिस पर कई लोगों ने उनका सपोर्ट किया है.


मुंबई में रहने वाली विराली मोदी के साथ ये वाकया हाल ही में पेश आया. 16 अक्टूबर, 2023 उनकी जिंदगी की सबसे यादगार तारीखों में से एक बनी, लेकिन रजिस्ट्रार ऑफिस का अनुभव उनके लिए उम्र भर की चुभन भी छोड़ गया. विराली ने X पर इस बारे में बात की है. उन्होंने बताया कि सरकार का ‘एक्ससेबिल इंडिया कैंपेन’ कितना एक्ससेबिल है.
विराली मोदी मॉडल और एक्टिविस्ट हैं. X पर 18 अक्टूबर को उन्होंने लिखा,
“मैं विकलांग हूं और मेरी शादी 16/10/23 को खार मुंबई के रजिस्ट्रार ऑफ़िस में हुई. ऑफ़िस दूसरी मंजिल पर था, लिफ्ट नहीं थी. अधिकारी मेरे सिग्रनेचर लेने के लिए नीचे नहीं आए और मुझे शादी करने के लिए दो मंजिल चढ़ना पड़ा. सीढ़ियां एकदम सीधी खड़ी थीं, रेलिंग ढीली और जंग लगी हुई थी. किसी ने मेरी भी मदद नहीं की और न ही मेरे लिए किसी प्रकार की व्यवस्था की, जबकि मैंने रजिस्ट्रेशन से पहले अपने एजेंट को अपनी विकलांगता के बारे में बता दिया था. यह कैसे ठीक है? केंद्र सरकार के एक्ससेबिल इंडिया कैंपेन का क्या हुआ? सिर्फ इसलिए कि मैं व्हीलचेयर पर हूं, क्या मुझे उस व्यक्ति से शादी करने का अधिकार नहीं है जिसे मैं प्यार करती हूं? अगर कोई फिसल गया होता तो क्या होता और अगर मैं अपनी शादी के दिन गिर जाती तो क्या होता? कौन जिम्मेदार है?”
विराली ने आगे लिखा कि वो इस घटना के बाद निराश हैं. वो कोई सामान नहीं हैं, जिसे मंजिल तक लेकर जाना पड़े. वो भी इंसान हैं और उनके अधिकार मायने रखते हैं. देश को उनको और लाखों विकलांग लोगों की जरूरतों को पूरा करना चाहिए. उनके अधिकार मायने रखते हैं. विराली ने ये भी कहा कि वह एक सरकारी बिल्डिंग थी, इसलिए देश को चलाने वाले लोगों को आगे बढ़कर जिम्मेदार नेतृत्व करना चाहिए.
समर्थन में आई प्रियंका चतुर्वेदीविराली मोदी की पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी. शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा,
“रजिस्ट्रार ऑफ़िस द्वारा किया गया यह काम बेहद शर्मनाक है. मैं इस विषय को जरूर उठाऊंगी.”
विराली के इस पोस्ट पर नवी मुंबई के NCP नेता और मुंबई रत्न सलीम सारंग ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,
"आपको शादी पर बधाई! अपने स्पेशल दिन पर आपको जिस कठिन परीक्षा से गुजरना पड़ा, उसके बारे में सुनना बेहद दुखद है. मैं पर्सनली इस घटना को देखूंगा ताकि भविष्य में किसी और को इसका सामना न करना पड़े."
कई लोगों ने कॉमेंट्स में विराली को शादी के लिए बधाई दी और सरकार से उनकी प्रॉब्लम का समाधान निकालने की बात कही. वहीं शशांक नाम के यूजर ने मज़ाक में विराली के पति के लिए लिखा,
“बधाई हो. मुझे लगा ये बी-प्राक हैं.”
इस ट्वीट पर अभी तक केंद्र या महाराष्ट्र सरकार की तरफ़ से कोई जबाव नहीं आया है.
ये भी पढ़ें: हमारा सिनेमा विकलांगों को बहुत प्रॉब्लमैटिक तरीके से दिखाता रहा और हम देखते रहे, हंसते रहे





















