The Lallantop

MP: गौ-तस्करी का शक... आदिवासी युवक को नंगा लटकाकर पीटा, VIDEO वायरल

Madhya Pradesh के Betul के एक आदिवासी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की घटना सामने आई है. इसी महीने ऐसी ही एक और घटना सामने आई थी.

Advertisement
post-main-image
पुलिस मामले की जांच कर रही है. (सांकेतिक तस्वीर: इंडिया टुडे)

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बैतूल (Betul) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक आदिवासी युवक को नंगा करके छत से उल्टा लटकाया गया है. युवक को बेल्ट से मारा जा रहा है. घटना तीन महीने पहले की बताई जा रही है. अब उस घटना का वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की तलाश जारी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े राजेश भाटिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बांसपानी गांव के रहने वाले पीड़ित युवक का नाम आशीष परते है. वो चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं. आशीष ने बताया कि उनकी पिटाई करने वाले लोग गुंडे हैं. इस कारण से उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. पीड़ित गांव में ही अपना इलाज करा रहे थे. घटना 15 या 16 नवंबर की दोपहर की बताई जा रही है.

आशीष ने बताया कि उनका एक दोस्त रिंकेश चौहान उन्हें अपने साथ लेकर गया था. आशीष को बाइक पर बैठाकर बैतूल के आजाद वार्ड में ले जाया गया. यहां चेंड नाम के एक लड़के ने पीड़ित को अपने कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद युवक को पूरी तरह नंगा करके छत से लटका दिया गया. इसके बाद आशीष को बेरहमी के साथ बेल्ट और लकड़ी से पीटा गया. युवक ने बताया कि 6 से 7 लोगों ने मिलकर उन्हें मारा.

Advertisement

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में पहली आदिवासी महिला जज बनी, कहानी सबको जाननी चाहिए

आशीष ने आरोप लगाया कि ये लोग कथित तौर पर गौ-तस्करी में शामिल गाड़ीवालों से पैसे वसूलते हैं. उन्हें आशीष पर भी गौ तस्करी में शामिल होने का संदेह था. इसके कारण आशीष से भी पैसे मांगे गए. आशीष ने बताया कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया तो उनके साथ मारपीट की गई. आरोप के मुताबिक, पीड़ित को धमकी भी दी गई.

बैतूल SP सिद्दार्थ चौधरी ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है. पीड़ित ने दो आरोपियों के नाम बताए हैं. जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Advertisement

10 फरवरी को भी बैतूल जिले के एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट की गई थी. उस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था. आरोप लगा कि राज उइके नाम के एक युवक को बेरहमी से पीटा गया था, फिर उसे मुर्गा बनाया गया. इस दौरान पीड़ित युवक के मुंह से खून निकलने लगा. वो गिर रहा था, लेकिन आरोपी उसे उठाकर मारते जा रहे थे.

वीडियो: आदिवासी युवक को कुछ लोगों ने बुरी तरह से पीटा, उसे मुर्गा बनाकर वीडियो बना लिया

Advertisement