अल्ताफ पर जिस नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप लगा था उसे पुलिस ने ढूंढ लिया है.
यूपी की कासगंज पुलिस ने मोहम्मद अल्ताफ नाम के युवक को जिस लड़की को अगवा करने के आरोप में हिरासत में लिया था, वो मिल गई है. पुलिस ने ही उसे ढूंढकर निकाला है. लड़की के पिता ने अपनी FIR में उसे नाबालिग बताया था, लेकिन पुलिस को लड़की के आधार कार्ड से मालूम चला है कि वो बालिग है. इसके अलावा मृतक अल्ताफ और लड़की के बीच प्रेम संबंध होने का भी पता चला है.
अब क्या कह रही पुलिस?
इंडिया टुडे से जुड़े संतोष कुमार शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक अल्ताफ की मौत के 3 दिन बाद 12 नवंबर को पुलिस ने लड़की को कासगंज रेलवे स्टेशन पर ढूंढ निकाला. सोमवार 15 नवंबर को CrPC सेक्शन 164 के तहत लड़की को कोर्ट के सामने पेश किया गया. वहां लड़की ने अपना बयान दिया. मंगलवार 16 नवंबर को पुलिस ने लड़की को परिजनों को सौंप दिया. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की के सामने आने के बाद जो जानकारियां मिलीं, उनके आधार पर कासगंज के एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने कहा है,
"हमें पता चला है कि गायब हुई लड़की का जन्म मार्च 2002 में हुआ था. इससे ये तो साफ हो जाता है कि गायब होने के समय लड़की नाबालिग नहीं थी. लड़की के पिता ने ही FIR में लड़की को नाबागिल (Minor) बताया था. चूंकि लड़की नाबालिग नहीं थी, इसलिए हम IPC की धारा 363 और POCSO ऐक्ट को इस केस से हटा रहे हैं. अब धारा 366 (किसी महिला की इच्छा के बिना ही उसे शादी के लिए मजबूर करना या इसके लिए महिला का अपहरण करना) के तहत ही केस की जांच की जाएगी."
9 नवंबर को लड़की के पिता ने कासगंज के सदर कोतवाली थाने में अल्ताफ और उसके एक दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. FIR में लड़की के पिता ने आरोप लगाया था कि कासगंज जिले के अहरोली गांव के रहने वाले अल्ताफ ने उनकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया है. FIR में उन्होंने बेटी की उम्र 16 साल बताई थी.
प्रेम संबंध हुआ उजागर
इस बीच मामले से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है. इंडिया टुडे/आजतक से जुड़े अयेंद्र सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को अल्ताफ के मोबाइल से एक अश्लील वीडियो मिला है, जिसने अल्ताफ और लड़की के प्रेम संबंध को उजागर कर दिया है. अल्ताफ टाइल्स की दुकान पर मजदूरी और घरों पर पुताई का काम करता था. रिपोर्ट के मुताबिक काम के दौरान लड़की से अल्ताफ के प्रेम संबंध बन गए. उसके पिता ने भी अपनी शिकायत में कहा है कि अल्ताफ का उनके घर आना-जाना लगा रहता था. पिता ने शिकायत में कहा कि 8 नवंबर को अल्ताफ ने अपने एक दोस्त की मदद से उनकी बेटी को दिल्ली भेज दिया. आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक लड़की और अल्ताफ के बीच बीते 7 महीनों से संबंध थे. पुलिस ने जांच के आधार पर कहा है कि अल्ताफ शादी का झांसा देकर लड़की का शोषण कर रहा था. वहीं लड़की ने मजिस्ट्रेट को दिए बयान में निकाह के लिए धर्म परिवर्तन कराए जाने की बात भी कही है. उसके मुताबिक वो अल्ताफ से शादी करने को कहती थी तो वो धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाता था. बहरहाल, अल्ताफ ने अपने जिस दोस्त की मदद से लड़की को दूसरी जगह भिजवाया, उसका नाम रिंकू पता चला है. पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है. उसका कहना है कि गायब होने के बाद से अल्ताफ का ये दोस्त लड़की को लेकर कई जगह गया था.
अल्ताफ के पिता ने सीएम को लिखी चिट्ठी
इस बीच अल्ताफ के पिता चांद मियां ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिख इंसाफ की गुहार लगाई है. उन्होंने मांग की है कि उनके बेटे की मौत की CBI जांच हो. चांद मियां का कहना है कि अगर एक हफ्ते के अंदर उनकी बात नहीं सुनी गई तो वो अनशन पर बैठ जाएंगे. बताते चलें कि थाने में संदिग्ध हालात में अल्ताफ की मौत होने के बाद कासगंज पुलिस थाने के 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दिए गए थे.