मुंबई को अगले 20 मिनट में ही ये समझ में आ गया कि पहले बॉलिंग करने का उनका फ़ैसला उतना काम नहीं कर सकेगा. क्यूंकि इतनी देर में क्रिस गेल और केएल राहुल ने मिलकर ढेरों रन बना दिए थे और अब भी डटे हुए थे. दोनों ने मिलकर 116 रन बनाए. क्रिस गेल 13वें ओवर में 36 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए. इतनी देर में गेल ने 7 छक्के और 3 चौके मारे थे. लेकिन उनके जाने के बाद केएल राहुल लगे हुए थे. वो पूरे 20 ओवर खेले. उनका फाइनल स्कोर था 100 रनों का. केएल राहुल ने 64 गेंदें खेलीं और आईपीएल में अपनी पहली सेंचुरी बनाई. राहुल ने अपनी पूरी इनिंग्स में 6 चौके और इतने ही छक्के मारे.

शतक लगाने के बाद अभिवादन करते हुए के एल राहुल (AP)
केएल राहुल इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने इस सीज़न में मुंबई इंडियन्स के ख़िलाफ़ पहले मैच में 71 नॉट आउट मारे थे. वानखेड़े में अपने पिछले आईपीएल मैच में केएल राहुल 94 रनों पर आउट हो गए थे. इस लिहाज़ से मुंबई इंडियन्स के ख़िलाफ़ वो बैटिंग करना एन्जॉय करते हैं. साल 2018 का आईपीएल भी केएल राहुल के नाम रहा था जहां उन्होंने पंजाब को अपने कंधे पर लेकर आगे बढ़ाया था. 2018 में केएल राहुल ने 14 इनिंग्स में 659 रन बनाए थे. रन बनाने के मामले में वो सिर्फ़ केन विलियमसन और ऋषभ पंत से पीछे थे. इस साल भी अपनी 7 इनिंग्स में केएल राहुल ने 317 रन बना दिए हैं और वो ऑरेन्ज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर हैं. उनके आगे डेविड वॉर्नर हैं जो कि उनसे महज़ 32 रन आगे हैं. हालांकि तेज़ रन बनाने के मामले में लोकेश राहुल थोड़ा पीछे हैं. रन बनाने के मामले में जो टॉप 5 बल्लेबाज़ हैं उनमें सिर्फ़ लोकेश राहुल ही एकमात्र बल्लेबाज़ हैं जिनका स्ट्राइक रेट 130 के इर्द गिर्द है.
मुंबई के ख़िलाफ़ खेली अपनी इनिंग्स में भी एक मौके पर केएल राहुल स्लो पड़ गए थे. शुरुआत में जब गेल और राहुल खेल रहे थे तो आने वाले बल्लेबाज़ों को नज़र में रखते हुए किंग्स इलेवन पंजाब का फाइनल स्कोर 220 के आस पास दिखाई पड़ रहा था. लेकिन फिर गेल और मिलर के विकेट्स के बाद राहुल अपने शेल में चले गए और वो अपनी इनिंग्स को एंकर करने के फेर में पड़ गए. बीच के ओवर्स में मुंबई इंडियन्स ने अच्छा कम-बैक किया और स्पिनर्स ने रन बनाना थोड़ा सा मुश्किल कर दिया. केएल राहुल और बाकी बल्लेबाज़ों के लिए मौसम थोड़ा सा बिगड़ा और नतीजतन उनपर आख़िरी के ओवर्स में ज़बरदस्त रन बनाने का एक्स्ट्रा दबाव बढ़ गया. अंत में ले-दे कर लोकेश राहुल की सेंचुरी पूरी हुई और टीम का फाइनल स्कोर 197 रन रहा.

के एल राहुल (AP)
लोकेश राहुल के संदर्भ में अगर बात करनी है तो हमें ये भी ध्यान में रखना होगा कि वो एक बड़ी कंट्रोवर्सी के बाद वापसी कर रहे हैं. ऐसे में उन्हें खुद को क्रिकेट से इतर भी कई फ्रंट्स पर साबित करना होगा. कॉफ़ी विद करन में हार्दिक पंड्या के बयान के बाद विवादों में फंसे केएल राहुल को बीच ऑस्ट्रेलिया के टूर से वापस बुलाया गया और उसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया. देश भर में सोशल मीडिया पर उनके बारे में बातें हुईं और फ़ैसले सुनाये गए. बकौल केएल राहुल, वो इस बात के आदी नहीं हैं कि लोग उन्हें एक बुरा इंसान समझें और उनके बारे में ऐसी बातें हों. ऐसे में ये पूरा विवाद उनके लिए एक कठिन वक़्त था इससे उन्होंने जितना हो सका, सीखा.
फ़िलहाल केएल राहुल आईपीएल में धूम मचा रहे हैं और टॉप फॉर्म में हैं. वो किंग्स इलेवन पंजाब के लिए एक विकेटकीपर बल्लेबाज़ की भूमिका बहुत ही अच्छे से निभा रहे हैं और इस वक़्त वो क्रिस गेल से भी आगे आकर पंजाब के लीडिंग मैन बने हुए हैं. पंजाब की परफॉरमेंस बहुत हद तक लोकेश राहुल की परफॉरमेंस पर निर्भर कर रही है. इसके साथ ही इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप की एक सीट पर भी उनकी नज़र होगी. और अपनी बैटिंग से वो इस सीट के लिए पूरी तरह से दावेदारी पेश कर रहे हैं. वर्ल्ड कप के लिए कौन-कौन उड़ेगा, इसका ऐलान 15 अप्रैल को किया जायेगा.
वीडियो- विराट कोहली की टीम RCB ने हार के मामले में 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है










