The Lallantop

लंदन में भारतीय मूल के शख्स की चाकू मारकर हत्या, सात लोग गिरफ्तार, बाद में छह को छोड़ा

London के Southall में भारतीय मूल के युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस ने हत्या के शक में सात लोगों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के बाद छह को छोड़ दिया गया.

Advertisement
post-main-image
मृतक की पहचान गुरभेज सिंह (26) के तौर पर हुई है. (Photo: GoFoundMe)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • लंदन के साउथहॉल में गुरभेज सिंह नामक 26 वर्षीय भारतीय मूल युवक की चाकू से काटकर की गई हत्या की पुष्टि पुलिस ने की है और जांच जारी है।
  • हत्या की घटना 10 जून की देर रात नॉर्थ रोड के एक दुकान के बाहर हुई, जहां दो लोग घायल पाए गए, घटना की वजह से समुदाय में सुरक्षा की चिंता बढ़ी है।
  • पुलिस ने सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से छह को छोड़ दिया गया, और अब आम जनता से जांच में मदद के लिए जानकारी देने की अपील की गई है।

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय मूल के एक 26 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने शनिवार, 13 जून को यह जानकारी दी. हत्या के शक में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के बाद छह लोगों को बिना किसी आरोप के छोड़ दिया गया. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिनके पास कोई जानकारी हो, वे गवाह के तौर पर सामने आएं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है मामला?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान गुरभेज सिंह (26) के तौर पर हुई है. उन्हें साउथहॉल के नॉर्थ रोड पर घायल हालत में पाया गया. यह इलाका भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है. मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. घटनास्थल पर ही गुरभेज को मृत घोषित कर दिया गया.

पुलिस ने बताया कि बुधवार, 10 जून की देर रात लंदन एम्बुलेंस सर्विस को एक शख्स को चाकू मारने की सूचना मिली. यह हमला नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास एक दुकान के बाहर रात करीब 12:30 बजे हुआ. मौके पर दो लोग घायल अवस्था में मिले. गुरभेज सिंह की मौत हो गई, जबकि 30 साल के एक दूसरे शख्स को अस्पताल ले जाया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई.

Advertisement
सात गिरफ्तार, छह रिहा

हत्या के शक में 20 से 35 साल की उम्र के सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था. आगे की पूछताछ के बाद छह लोगों को बिना किसी आरोप के छोड़ दिया गया. एक व्यक्ति को जमानत पर रिहा किया गया है. उसे बाद में पेश होने के लिए कहा गया है. डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर एलिसन फॉक्सवेल ने कहा, 

"हत्या की जांच करने वाले डिटेक्टिव गुरभेज सिंह की मौत की जांच जारी रखे हुए हैं. हमें लगता है कि रात करीब 12:30 बजे एक दुकान के बाहर उन पर हमला किया गया था. मैं अपील करती हूं कि अगर किसी के पास CCTV फुटेज है या जो उस समय उस इलाके में मौजूद था, तो वे सामने आएं."

एलिसन फॉक्सवेल ने आगे कहा कि उनकी संवेदनाएं गुरभेज के परिवार के साथ हैं. साउथहॉल में बड़ी संख्या में भारतीय और सिख समुदाय के लोग रहते हैं. इस हत्या की घटना ने ब्रिटेन में समुदाय के लोगों के बीच चिंता पैदा कर दी है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: कनाडा में भारतीय मूल के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, कुछ ही देर पहले मां को 'गुडनाइट' कहा था

फंडरेजर शुरू किया गया

गुरभेज सिंह को शव को वापस भेजने और अंतिम संस्कार का खर्च उठाने के लिए GoFundMe पर एक फंडरेजर शुरू किया गया है. पेज के मुताबिक, इस कैंपेन के तहत अब तक 700 से ज्यादा डोनेशन से 11,000 यूरो (करीब 12 लाख भारतीय रुपये) से ज्यादा रकम जुटाई जा चुकी है, जबकि इसका टारगेट 16,000 यूरो (करीब 17 लाख भारतीय रुपये) है. 

वीडियो: अमेरिका में भारतीय मूल के शख्स की हत्या, अपराधी का क्राइम रिकॉर्ड आया सामने

Advertisement