बलात्कारी और हत्यारे डेरा सच्चा सौदा चीफ गुरमीत राम रहीम और उसकी सहयोगी-मुंहबोली बेटी हनीप्रीत का एक नया वीडियो सामने आया है. हनीप्रीत (Honeypreet) राम रहीम की मुंहबोली बेटी है. वीडियो में राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) और हनीप्रीत दोनों केक काटते नज़र आ रहे हैं. हनीप्रीत ने ये जश्न इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1 मिलियन यानी 10 लाख फॉलोअर्स होने की खुशी में मनाया.
राम रहीम के साथ हनीप्रीत का नया वीडियो आया है, किस बात पर केक काट रहा बलात्कारी राम रहीम?
"जिंदगी न होती इतनी खूबसूरत, अगर पापा आप न मिलते."


ये वीडियो हनीप्रीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा,
“आज आभारी होने के 10 लाख कारण हैं. मेरे इंस्टा परिवार को आपके प्यार के लिए धन्यवाद. यह देखकर अभिभूत हूं कि हमारा परिवार कितनी तेजी से बढ़ा है. सबसे अहम बात, मेरे गुरु पापा राम रहीम को कोटि-कोटि धन्यवाद, जिनके बिना कोई भी मील का पत्थर हासिल नहीं किया जा सकता है. आज मैं जो कुछ भी हूं आपकी कृपा और उपकार के कारण हूं.”
वहीं शेयर किए गए वीडियो में हनीप्रीत ने अपने इंस्टाग्राम फैन्स को शुक्रिया कहा है,
"थैंक यू, मेरे 10 लाख इंस्टा फैन्स. आप सब मुझे अपना ऐसे ही प्यार देते रहें."
हनीप्रीत ने आगे राम रहीम के लिए कहा,
“किस तरह करूं शुक्रिया, अल्फाज़ नहीं मिलते. जिंदगी न होती इतनी खूबसूरत, अगर पापा आप न मिलते. पापा जी, हमेशा हमें अपनी शिक्षाओं पर चलने की प्रेरणा और ऐसे ही खुशियां देते रहिए. फक्र मुझे होता है पापा आपकी रहमत पर. लोग मुझे जब बेटी आपकी कहते हैं.”
वीडियो में राम रहीम को हनीप्रीत के साथ केक काटते देखा जा सकता है. राम रहीम ने हनीप्रीत को केक खिलाया, फिर सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया.
बता दें कि रेप और हत्या के मामले में जेल की सजा काट रहे राम रहीम को 21 जनवरी, 2023 से 40 दिन की पैरोल मिली है. पिछले साल अक्टूबर में 40 दिन की पैरोल पर बाहर आने के दौरान राम रहीम ने हनीप्रीत का नाम बदल दिया था. राम रहीम ने अपनी खास अनुयायी हनीप्रीत का नाम बदलकर 'रूहानी दीदी' रखा था. उस वक्त राम रहीम ने हनीप्रीत को नया नाम देने के साथ ही ये भी साफ किया था कि डेरा प्रमुख के पद पर कोई बदलाव नहीं होगा. राम रहीम ने कहा था, 'हम हैं, हम थे और हम ही गद्दी पर रहेंगे.'
ये भी पढ़ें- बलात्कारी राम रहीम का वीडियो वायरल, जेल से बाहर हाथ में तलवार लेकर...
वीडियो: रेपिस्ट राम रहीम ने कैसे ‘मेरे देश की जवानी’ गाना भी गाया और एल्बम भी रिलीज़ कर दिया?





















