हिमाचल प्रदेश के ऊना में गोविंद सागर झील में डूबने से 7 युवकों की मौत हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब के मोहाली से 11 लोग गरीब नाथ मंदिर के नजदीक स्थित गोविंद सागर में नहाने गए थे. लेकिन इसमें से 4 लोग ही बाहर आ पाए. बाकी 7 लोग उसमें डूब गए.
हिमाचल प्रदेश: झील में डूबे 7 युवकों की मौत, एक को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
पंजाब के मोहाली से 11 लोग गरीब नाथ मंदिर के नजदीक स्थित गोविंद सागर में नहाने गए थे. लेकिन इसमें से 4 लोग ही बाहर आ पाए. बाकी 7 लोग उसमें डूब गए.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में से 6 की उम्र 14 से 19 साल के बीच है. जबकि एक व्यक्ति की उम्र 30 साल से अधिक बताई गई है. मृतकों की पहचान पवन कुमार (35), रमन कुमार (19), लखबीर सिंह (16), अरुण कुमार (14), विशाल कुमार (18), शिवा (16) और लाभ सिंह के रूप में हुई है.
बताया गया है कि ये घटना शाम करीब 3.40 बजे हुई. नहाते समय एक व्यक्ति पानी में डूबने लगा और बाकी लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की. लेकिन वे भी मुसीबत में आ गए. पानी इतना गहरा था कि केवल 4 लोग ही किसी तरह किनारे पर आ पाए, बाकी 7 डूब गए. बंगाना सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) ने इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए पुष्टि की कि 7 लोग झील में डूब गए हैं.
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक ऊना के एसपी अरिजीत सेन ने बताया कि सभी 7 मृतकों के शवों को बरामद कर लिया गया है और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है.
वहीं हादसे में बचे एक युवक ने बताया,
“हम माथा टेक के 12 साढ़े 12 बजे यहां आए थे. दो बंदे किनारे पर वेट कर रहे थे. बाकी नहा रहे थे. एक बंदा डूबा था. सारे उसे बचाने गए थे.”
वहीं घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया,
“आज यहां 4 बजे एक हादसा हुआ था. जैसे ही पता चला हम उनका पता लगाने के लिए गोताखोरों को लाए. उनके आने के आधे घंटे के बाद ही सातों डेडबॉडी रिकवर कर ली गईं. उन्हें पोस्टमार्टम के लिए ऊना जिला अस्पताल भेजा गया है.”
अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिवारों को सूचना दे दी गई है. वे उन्हें लेने के लिए निकल चुके हैं. ये भी आश्वासन दिया कि प्रशासन की तरफ से हर तरह की सहायता दी जाएगी.
अधिकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने भी युवकों को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन बात नहीं बनी क्योंकि पानी की गहराई काफी ज्यादा थी. घटना के मद्देनजर अधिकारी ने युवाओं और पर्यटकों से अपील की कि वे पानी में ना जाएं. झील के किनारे से कम से कम 15 फीट दूर रहें. सेल्फी के चक्कर में ना रहें, और नहाएं तो बिल्कुल नहीं.
उधर हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने भी हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि ये घटना विचलित करने वाली है और वे दुखी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं. इसके अलावा सीएम ने पीड़ित परिवारों को नियमों के मुताबिक मुआवजा देने की भी बात कही.
पड़ताल: बिजली चोरी रोकने पर मारने की धमकी देने वाले वीडियो का पूरा सच ये है!






















