The Lallantop

गुजरात में ISIS के 4 आतंकी गिरफ्तार, पुलिस का दावा- आत्मघाती हमला करने वाले थे

गुजरात ATS ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से ISIS के चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है. चारों आतंकी श्रीलंका के रहने वाले हैं. ये गिरफ्तारी IPL क्वालिफायर मैच से ठीक पहले हुई है.

Advertisement
post-main-image
गुजरात ATS ने ये गिरफ्तारी की है. (तस्वीर- आज तक/गुजरात ATS)

गुजरात ATS (Anti-Terrorist Squad) ने 20 मई को ISIS से जुड़े 4 आतंकियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. इन चारों संदिग्ध आतंकियों को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. गुजरात पुलिस का कहना है कि ये सभी पाकिस्तानी हैंडलर के लिए काम करते हैं, वहीं से इन्हें गुजरात में आत्मघाती हमले करने को कहा गया था. गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी श्रीलंकाई नागरिक हैं.

Advertisement

गुजरात पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम मोहम्मद नुसरत, मोहम्मद नफ़रान, मोहम्मद फारिस और मोहम्मद रस्दीन है. राज्य के DGP विकास सहाय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चारों आतंकी हिंदी या अंग्रेजी नहीं बोल पाते. सिर्फ तमिल बोल और समझ पाते हैं. उन्होंने कहा कि चारों श्रीलंका से पहले चेन्नई आए थे, फिर 19 मई को चेन्नई से अहमदाबाद. DGP ने बताया,

"हमें सूचना मिली कि चार आतंकवादी 18 या 19 मई को ट्रेन या फ्लाइट से अहमदाबाद पहुंचने वाले हैं. प्राप्त जानकारी के आधार पर टीमों का गठन किया गया और रणनीति बनाई गई... दक्षिण से आने वाली ट्रेनों और उड़ानों की यात्री सूची बनाई गई. और इस सूची का विश्लेषण किया गया. ये चारों इंडिगो की फ्लाइट से एक ही पीएनआर (PNR) नंबर पर चेन्नई से अहमदाबाद की यात्रा कर रहे थे. पुष्टि के लिए हमने कोलंबो में भी वेरिफिकेशन कराया."

Advertisement

डीजीपी ने कहा कि चारों ISIS की विचारधारा से पूरी तरह ‘रेडिक्लाइज’ किए हैं और वे यहां आतंकी हमला करने वाले थे. डीजीपी ने दावा किया कि चारों संदिग्धों के पास से दो मोबाइल फोन, भारत और श्रीलंका की करेंसी, कुछ पाकिस्तान में बनाए गए हथियार और एक इस्लामिक स्टेट का झंडा भी बरामद किया गया.

DGP सहाय ने ये भी बताया कि ये आतंकी पाकिस्तान में रहने वाले ISIS के हैंडलर अबु के संपर्क में थे. अबु ने ही इन चारों को बम बनाने के लिए 4 लाख रुपये दिए थे. चारों आंतकियों के खिलाफ UAPA (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून), IPC और आर्म्स एक्ट के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें- यूपी: रेप की कोशिश के दौरान महिला ने हाथ में काटा था, घाव के निशान से पकड़ा गया आरोपी!

Advertisement

गुजरात पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चारों ने बताया कि वे पहले श्रीलंका के कट्टरपंथी उग्रवादी संगठन नेशनल थॉहीथ जमात (NTJ) के सदस्य थे. ईस्टर बम धमाके के बाद अप्रैल 2019 में श्रीलंका सरकार ने इस संगठन को बैन कर दिया था.

21 और 22 मई को अहमदाबाद में ही IPL का पहला क्वालिफायर और एलिमिनेटर मैच होना है. ऐसे में यह गिरफ्तारी सुरक्षा के हिसाब से अहम मानी जा रही है.

(यह स्टोरी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहे नवनीत ने लिखी है.)

वीडियो: असदुद्दीन ओवैसी ने अनंतनाग में हुए आतंकी हमले पर PM मोदी को घेरा, इंडिया vs पाकिस्तान मैच पर भी सवाल उठाए

Advertisement