The Lallantop

सिर्फ तीन शब्द लिखकर कैप्टन अमरिंदर ने केजरीवाल की मौज ले ली

केजरीवाल फन्ने खां बने घूम रहे थे ट्विटर की गली में, तभी कैप्टन की नजर पड़ गई.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop

ये ट्विटर है न... बड़ी कुत्ती चीज है. एक की लंका लगती है और मौज पूरा जमाना लेता है. होता तो ट्विटर के बाहर भी ऐसा ही है, लेकिन यहां लोगों की क्रिएटिविटी जरा खुलकर आती है. उदाहरण सहित व्याख्या भी सुन लीजिए. गांव-घर में एक कहावत इस्तेमाल होती है, 'सूप बोले तो बोले, चलनियौ बोले जीमां 72 छेद'. अब ट्विटर पर तो ऐसी कहावतें कोई यूज करता नहीं है. वहां लिखना हो, तो लिखते हैं: 'Look who's talking.' मल्लब द्याखौ... अब इहो बुलिहैं. यही बोलकर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अरविंद केजरीवाल की खला दी है.

Advertisement

मुआमला ये है कि सोमवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का मैनिफेस्टो जारी किया. इवेंट रखा गया था दिल्ली में, जहां पिछले प्रधानसेवक मनमोहन सिंह भी मौजूद थे. घोषणाएं हुईं, वादे हुए, तालियां बजीं और इवेंट खत्म हो गया. फिर केजरीवाल ने फैलाया अपना रायता. ट्वीट किया:

'कांग्रेस ने अपना मैनिफेस्टो दिल्ली में रिलीज किया है. टिकट पाने के लिए पंजाब कांग्रेस के सारे नेता दिल्ली में डेरा डाले पड़े हुए हैं. दिल्ली पंजाब कांग्रेस को चला रही है.'

Advertisement

सबसे मजेदार बात ये है कि केजरीवाल खुद पंजाब चुनाव जीतने के चक्कर में आम आदमी पार्टी की पूरी मशीनरी दिल्ली से उठा कर पंजाब में डाल चुके हैं. 'आप' के दिल्ली के लगभग सभी नेता और अधिकतर कार्यकर्ता पंजाब में चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं. केजरीवाल ने तो दिल्ली के राजौरी गार्डेन से अपने विधायक जरनैल सिंह को इस्तीफा दिलाकर पंजाब बुला लिया है. जरनैल को पंजाब में प्रकाश बादल के खिलाफ उतारा जाएगा, क्योंकि पार्टी उनके सिख होने का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाना चाहती है. यूपी से आने वाले संजय सिंह और दुर्गेश पाठक भी इन दिनों पंजाब में ही डेरा डाले हुए हैं. संजय सिंह तो फिर केजरीवाल के आसपास दिख जाते हैं, लेकिन दुर्गेश पाठक हमेशा लाइमलाइट से दूर रहते हैं. दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान इन्होंने 'आप' के लिए खूब मेहनत की थी और अब वो यही काम पंजाब में कर रहे हैं.

तो अमरिंदर भाई भी ट्विटर की उसी गली से गुजर रहे थे. नजर पड़ी केजरीवाल के ट्वीट पर, तो रीट्वीट करते हुए लिख दिया, 'Look who's talking!. कैप्टन के इस ट्वीट के बाद केजरीवाल ने कई ट्वीट्स किए, लेकिन इस पर कोई जवाब नहीं दिया.

tweet

Advertisement

बाहरी vs भीतरी की लड़ाई केजरीवाल और कैप्टन एक-दूसरे पर जिस चीज को लेकर तंज कस रहे हैं, वो बाहरी-भीतरी की भी लड़ाई है. पंजाब चुनाव में ये मामला हाईलाइट रहता है कि चुनाव लड़ने वाला नेता पंजाब से ताल्लुक रखता है या नहीं. यही वजह है कि केजरीवाल ज्यादा से ज्यादा सिख चेहरों को मंच पर रखना चाहते हैं. पंजाब में अभी तक हुए ओपिनियन पोल कांग्रेस के हक में नतीजे दिखा रहे हैं. वहीं एक पोल में तो 'आप' को सिर्फ 10 सीटें मिलती दिखाई गई हैं. हालांकि, इंडिया टुडे के सर्वे में 'आप' को 36-41 सीटें मिलती दिख रही हैं. आगे की लड़ाई रोचक होगी.
केजरीवाल के साथ जरनैल सिंह
केजरीवाल के साथ जरनैल सिंह




ये भी पढ़ें:

पंजाब का ये सर्वे केजरीवाल के बारे में अनोखी बात बता रहा है

AAP के नेता दुर्गेश पाठक कौन हैं, जिनसे मिलने के 10 लाख रुपये लगते हैं!

क्या गोवा में 'आप' की सरकार बनने जा रही है?

आपके इलाके में कब है पोलिंग, यहां जानें

Advertisement