बांग्लादेश भारत के साथ रिश्ते फिर से मज़बूत करना चाहता है. रविवार, 13 सितंबर को BRICS सम्मलेन ख़त्म होने के बाद बांग्लादेश की तरफ से ये बयान आया है. पड़ोसी देश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि ढाका, नई दिल्ली के साथ नए सिरे से बातचीत शुरू करना चाहता है. उन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के शासन काल को भारत-बांग्लादेश के रिश्ते का ‘असहज फेज’ बताया.
BRICS का न्योता ठुकराने वाले बांग्लादेश को फिर याद आया भारत, ढाका आखिर चाहता क्या है?
Bangladesh-India ties: बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि ढाका नई दिल्ली के साथ एक नए रिश्ते की ओर बढ़ना चाहता है. इससे पहले बांग्लादेश ने BRICS का न्योता ठुकरा दिया था.

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, बांग्लादेशी विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा,
“हम एक नए रिश्ते की ओर बढ़ना चाहते हैं, और यह काम द्विपक्षीय बातचीत के ज़रिए होना चाहिए, न कि किसी बहुपक्षीय मंच के ज़रिए. हमें भारत के प्रति रिश्ते को लेकर ज़रूरत से ज्यादा सोचने की आदत से बाहर निकलना होगा. भारत भी बस एक देश है, और बांग्लादेश उसके साथ अच्छे द्विपक्षीय संबंध चाहता है.”
एक सवाल का जवाब देते हुए हुमायूं कबीर ने चुटकी लेते हुए कहा, “नाश्ता भी भारत में, लंच भी भारत में, डिनर भी भारत में, तो फिर आप अपना खाना कब खाएंगे?”
उन्होंने साफ़ किया कि बांग्लादेश फिलहाल भारत के साथ नए रिश्ते की नींव रखना चाहता है. ढाका, यूनाइटेड नेशन जेनरल असेंब्ली (UNGA) में शामिल होने वाला है. इससे जुड़ा एक सवाल किया गया कि क्या इस दौरान बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ मीटिंग करेंगे? मंत्री ने जवाब दिया कि ये बातें लास्ट मोमेंट में तय होती हैं.
ये भी पढ़ें: देश विरोधी बयानों पर भारत सख्त, बांग्लादेश के उच्चायुक्त तलब, वीजा सेंटर बंद किया
13 सितंबर को भारत में BRICS शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक खत्म हुआ. बांग्लादेश को भी न्योता भेजा गया था. न्योता मिलने के बावजूद बांग्लादेश ने ब्रिक्स समिट में भाग नहीं लिया. ढाका ने कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान को व्यक्तिगत हैसियत से इनवाइट नहीं किया गया था. उन्हें केवल बतौर BIMSTEC चेयरमैन निमंत्रण भेजा गया था.
'बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक को-ऑपरेशन' (BIMSTEC) एक क्षेत्रीय संगठन है, जिसमें बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के सात देश शामिल हैं, जो आपसी सहयोग और विकास के लिए मिलकर काम करते हैं.
BRICS से पहले भी भारत ने दोनों देशों के बीच एक अलग द्विपक्षीय मुलाकात के लिए पीएम तारिक रहमान को निमंत्रण दिया था. उन्हें 22 अगस्त को भारत आना था, लेकिन दौरे से पहले ही यह कार्यक्रम टल गया.
उस समय पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा उठाया गया था. अगस्त 2024 में बांग्लादेश में युवा आंदोलन के बाद शेख हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था. इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ले ली. तभी से भारत-बांग्लादेश के रिश्ते तनावपूर्व हो गए. बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ केस चल रहे हैं. इसीलिए बांग्लादेश, भारत से शेख हसीना को सौंपने की मांग करता रहा है.
वीडियो: बांग्लादेश में परिवार के चारों लोगों को मारा, उसी घर में नहाए, खाए और लूट कर भागे









