The Lallantop

शिवाजी की मूर्ति के सपोर्ट में आए ओवैसी लेकिन...

अगर बीएमसी में सत्ता में आए, मुसलमानों के लिए अलग से फंड देंगे ओवैसी.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
असदुद्दीन ओवैसी एक बार फिर मैदान में हैं. इस बार बैटलफील्ड है बृहन्नमुंबई नगर निगम के चुनाव. ओवैसी की पार्टी AIMIM बीएमसी चुनावों में पहली बार हिस्सा ले रही है. कम से कम 20 सीटों पर अपनी जीत तय मान के चल रहे ओवैसी अपने वोटरों को लुभाने की भरसक कोशिशों में जुटे हैं. इसी कड़ी में रविवार को दक्षिण मुंबई के मुस्लिम-बहुल इलाके मदनपुरा में वो एक रैली को संबोधित कर रहे थे. ये रैली उनके चुनाव अभियान की शुरुआत थी. अपने भाषण में उन्होंने मुस्लिम समुदाय से जुड़े हुए मसले जोर-शोर से उठाए. इस वक़्त महाराष्ट्र में जिस मुद्दे पर तमाम उठापटक जारी है, शिवाजी महाराज स्मारक वाले उस मसले पर भी वो खुल के बोले.
हालांकि 3600 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे शिवाजी स्मारक का सीधा विरोध ना कर के ओवैसी ने 'मराठी माणूस' से पंगा लेना टाल दिया. उन्होंने कहा कि वो इस स्मारक के खिलाफ़ नहीं हैं. इतिहास को याद करते हुए ये बात भी कही कि शिवाजी की सेना और प्रशासन में कई सारे मुस्लिम हुआ करते थे. लेकिन ये बात जताना भी नहीं भूले कि ऐसे उपक्रमों पर पैसे बरबाद करने की जगह उन पैसों को समाज की भलाई के कामों में लगाया जाए तो बेहतर. उन्होंने कहा, 'स्मारक बनाना अच्छा है लेकिन बाढ़ को रोकने के लिए क्या किया गया? कौन रोकेगा उसे?"
मुंबई में इस साल की अपनी पहली चुनावी रैली में उनके भाषण की कुछ प्रमुख बातें ये रही:
  • अगर वो जीत के आते हैं तो निगम के बजट का 21 परसेंट यानी 7,770 करोड़ रुपए मुसलमानों पर खर्च करेंगे. मुंबई की कुल आबादी का 21 प्रतिशत मुसलमानों का है.
  • मुंबई के उर्दू स्कूलों में टीचर्स की भारी कमी है और बुनियादी ढांचा भी नदारद है. इस पर काम किया जाएगा.
  • मुस्लिम-बहुल इलाके बेहराम बाग़ में मैटरनिटी हॉस्पिटल बंद पड़ा हुआ है. उसे खुलवाया जाएगा.
  • मुस्लिम बहुल बस्तियों में सरकारी डिस्पेंसरियां ना के बराबर हैं. उनकी संख्या बढ़ाई जायेगी.
  • बीएमसी के 37,000 करोड़ के बजट में मुस्लिमों के लिए अलग से फंड रखे जाने की उन्होंने जम के वकालत की.
ओवैसी ने भाजपा-शिवसेना पर जम के निशाना साधा और उन पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को 6000 रुपए देने वाली योजना में कुछ भी नया नहीं है. ये फ़ूड सिक्योरिटी एक्ट का ही हिस्सा है, जो कई सालों से वजूद में है.
ओवैसी ने दावा किया कि उनकी पार्टी किसी भी धर्म के खिलाफ़ नहीं है. हां, वो मुसलमानों के साथ हो रहे भेदभाव के लिए चिंतित हैं और मुस्लिमों के जायज़ हक के लिए लड़ाई लड़ते रहेंगे.
यहां ये बताना दिलचस्प रहेगा कि ओवैसी के भाषण के दूसरे ही दिन सुप्रीम कोर्ट का ये स्टेटमेंट आया है, 'धर्म, जाति, नस्ल समुदाय या भाषा के आधार पर वोट मांगने के लिए की जाने वाली कोई भी अपील भ्रष्ट आचरण है.'
देखिये असदुद्दीन ओवैसी का लल्लनटॉप इंटरव्यू: https://www.youtube.com/watch?v=vPAANXU5tVM
 

ये भी पढ़िए

मुसलमानों की सबसे खतरनाक सच्चाई, जिसे अनदेखा किया जा रहा है

ओवैसी साहब को इसलिए सीरियसली नहीं लिया जाता क्योंकि वो मुसलमान हैं

पटेल की बरसी पर उनकी 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का हाल जानिए

 

Advertisement
Advertisement