The Lallantop

PM मोदी को 'घमंडी' बताने वाले बयान पर सत्यपाल मलिक ने अमित शाह का नाम ले सफाई दी

सत्यपाल मलिक के मुताबिक अमित शाह ने कहा था- लोगों ने पीएम मोदी की अकल मार रखी है.

Advertisement
post-main-image
सत्यपाल मलिक ने अमित शाह ने ऐसा कुछ नहीं कहा जो प्रधानमंत्री के प्रति दुर्भावना रखता हो.
मेघालय के गवर्नर सत्यपाल मलिक के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घमंडी बताने वाले बयान पर तगड़ा सियासी बवाल कटा हुआ है. विपक्ष उनके हवाले से पीएम मोदी पर जबर्दस्त हमलावर रुख अपनाए हुए है. इस बीच सत्यपाल मलिक की तरफ से सफाई है. दरअसल, अपने बयान में सत्यपाल मलिक ने गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिया था. कहा था कि किसानों के मुद्दे पर पीएम मोदी से 'झगड़ा' होने के बाद वो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास गए थे. मलिक के मुताबिक अमित शाह ने उनसे कहा था कि 'लोगों ने इनकी (मतलब पीएम मोदी की) अकल मार रखी है'. इसी पर सत्यपाल मलिक ने सफाई पेश की है. न्यूज़ चैनल NDTV से बात करते हुए सत्यपाल मलिक ने कहा है,
"जब मैंने पीएम मोदी से एमएसपी या तीनों (कृषि) कानूनों की बात की उस वक्त तो उनका रवैया बहुत अड़ियल था. ऐसा था कि वो कुछ नहीं सुनना चाहते. उन्होंने आखिर में मुझे ये कहकर खारिज कर दिया कि आप अमित शाह से मिल लो. तो मैं अमित शाह साहब से मिला जो प्रधानमंत्री का बहुत सम्मान करते हैं. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि शायद लोग उनको (मोदी) मिसगाइड करते हैं. तुम मिलते रहो, किसी दिन बात समझ में आ जाएगी. जो आई भी."
इसके बाद सत्यपाल मलिक ने कहा,
मैं बिल्कुल स्पष्ट करना चाहता हूं कि अमित शाह ने ऐसा कुछ नहीं कहा जो प्रधानमंत्री के प्रति दुर्भावना रखता हो. उन दोनों के बहुत अच्छे संबंध हैं. अमित शाह प्रधानमंत्री को बहुत मानते हैं. उन्होंने बस इतना कहा कि प्रधानमंत्री को कुछ लोग मिसगाइड कर रहे हैं, आप लगातार उनसे मिलते रहो तो बात समझ आ जाएगी.
क्या है पूरा मामला? सत्यपाल मलिक का एक वीडियो सामने आया था. इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक वो हरियाणा के दादरी में  एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उस दौरान उन्होंने ये कहा,
मैं जब किसानों के मामले में प्रधानमंत्री से मिलने गया तो मेरी उनसे 5 मिनट में ही लड़ाई हो गई. वो बहुत घमंड में थे. जब मैंने उनसे कहा हमारे 500 लोग मर गए, (तो वो बोले) तुम तो कुतिया मरती है तो चिट्ठी भेजते हो. तो उन्होंने कहा, मेरे लिए मरे हैं? मैंने कहा आपके लिए ही तो मरे थे, क्योंकि आप उनकी वजह से राजा बने हुए हो, इसको लेकर मेरा उनसे झगड़ा हो गया.
मलिक के मुताबिक पीएम मोदी ने इसके बाद उनसे कहा,
अब आप अमित शाह से मिल लो. जिसके बाद मैं अमित शाह से मिला. तो शाह ने कहा सत्यपाल इनकी अक्ल मार रखी है लोगों ने, तुम बेफिक्र रहो, आते रहो और मिलते रहो.
हालांकि एनडीटीवी से बातचीत में सत्यपाल मलिक ने ये भी कहा कि पीएम मोदी ने जिस तरीके से कृषि कानून वापस लिए, उससे लोगों में उनकी गुडविल बढ़ी है. वहीं कृषि कानूनों से पैदा हुए गुस्से को चुनाव से जोड़े जाने को लेकर सत्यपाल मलिक ने कहा कि लोगों में काफी कड़वाहट आ गई थी पीएम मोदी को लेकर, जिसमें नरमी आई है. कांग्रेस ने क्या कहा? सत्यपाल मलिक पिछले कुछ समय से लगातार किसानों के मुद्दे पर सरकार और बीजेपी की लाइन से हटकर बोलते नज़र आ रहे हैं. लेकिन उनके इस बयान ने तो अलग ही तूफान खड़ा कर दिया है. कांग्रेस ने कहा है कि मलिक के दावे पर पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सफाई देनी चाहिए. कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने कहा,
"अगर राज्यपाल मलिक झूठ बोल रहे हैं तो उन्हें आज ही बर्खास्त करें और उनके खिलाफ FIR दर्ज करें. और अगर वो झूठ नहीं बोल रहे हैं तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को सामने आकर देश के किसानों और कृषि मजदूरों से माफी मांगनी चाहिए. नहीं तो वे आपको कभी माफ नहीं करेंगे."
सुरजेवाला ने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर गवर्नर मलिक और पीएम मोदी के बीच हुई बातचीत के बारे में जानकर पूरे देश भौंचक्का रह गया है. कांग्रेस नेता के मुताबिक इससे मोदी और बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार की सच्चाई सामने आ गई. हालांकि कांग्रेस के ऐसे हमलों पर भी सत्यपाल मलिक ने जवाब दिया है. एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने कहा कि ये उनके और सरकार के बीच की बात है, जिसमें कांग्रेस या किसी को भी नहीं पड़ना चाहिए. मलिक ने कहा, 'उनको पहले मुझसे वेरिफाई करना चाहिए था कि मैंने ऐसा कहा या नहीं. जो मैंने कहा ही नहीं वो मेरे मुंह में डालकर राजनीति ना करें तो अच्छा है.'

Advertisement
Advertisement