The Lallantop

अडानी का पुल चोरी हो गया! 'आखिरी बार 6 जून को देखा गया था'

पुल को काट 6000 किलो लोहा चुराकर ले गए चोर.

Advertisement
post-main-image
पुल चोरी के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया (सांकेतिक फोटो-Canva)

सोना-चांदी, कीमती सामान, कैश, दुकानों में चोरी की बातें आपने सुनी होगी. ये चोरी ‘आम चोर’ करते हैं. कुछ चोर 'लेजेंड्स' होते हैं, जो सीधे पुल चुराकर ले आते हैं. मुंबई में ऐसे ही कुछ लेजेंड्स ने 6000 किलो वजन के एक पुल को चुरा लिया. ये सच है. मुंबई पुलिस के मुताबिक, मलाड वेस्ट इलाके में इस 90 फुट लंबे पुल को अडानी इलेक्ट्रिसिटी ने बनाया था. नाले पर इस पुल को बिजली के तारों को हटाने के लिए बनाया गया था. पुल चोरी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, बांगुर नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि नाले पर स्थाई पुल बन गया था. कुछ महीने पहले ही अस्थाई पुल को इसी इलाके में दूसरी जगह लाया गया था. 26 जून को पता चला कि ये टेंपररी पुल गायब हो गया. इसके बाद बिजली कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने जांच में पाया कि पुल को आखिरी बार 6 जून को देखा गया था.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर कोई CCTV कैमरा नहीं लगा है. इसलिए पुलिस ने आस-पास के इलाकों में लगे कैमरों के फुटेज को निकाला. फुटेज में 11 जून को पुल की ओर एक बड़ी गाड़ी जाती देखी गई. पुलिस ने गाड़ी की रजिस्ट्रेशन संख्या के आधार पर उसे खोज लिया. उसी गाड़ी में गैस से काटने वाली मशीनें थीं जिसका इस्तेमाल पुल को काटने और 6 हजार किलो लोहा चुराने के लिए हुआ था.

Advertisement
चार लोगों को गिरफ्तार किया गया

जांच के दौरान पुलिस ने अडानी इलेक्ट्रिसिटी के एक कर्मचारी से पूछताछ की. इसी कंपनी को ही पुल बनाने का ठेका दिया गया था. पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते उस कर्मचारी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया. चोरी के सामानों को भी बरामद किया गया है.

पुल चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है. अप्रैल 2022 में बिहार के रोहतास जिले से ऐसी घटना सामने आई थी. यहां नकली अधिकारी बनकर आए चोरों ने तीन दिन में 60 फीट लंबे और 500 टन वजनी लोहे के पुल को गायब कर दिया था. चोरों ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों से ही पुल कटवाया और गाड़ियों में भरकर उसका लोहा चुरा ले गए. यह पूरा कारनामा दिनदहाड़े हुआ और किसी को शक तक नहीं हुआ.

वीडियो: अडानी पर SEBI ने सुप्रीम कोर्ट में झूठ बोला? सरकार ने किया खुलासा

Advertisement

Advertisement