महाराष्ट्र में मानसून ने अपना सबसे भयानक रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर सहित राज्य के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जिंदगी को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) मुंबई ने मुंबई, पालघर, रायगढ़ और ठाणे जिलों के लिए चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है.
मुंबई-पुणे में आसमानी आफत, रेड अलर्ट के बीच जिंदगी थमी, स्कूल बंद और ट्रेनें कैंसिल
Mumbai-Pune Rain: मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में भारी बारिश के कारण रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और भोर घाट में भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे रूट की कई ट्रेनें कैंसिल हो गई हैं. मानखुर्द में चॉल गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई है.


लगातार हो रही इस बारिश के कारण प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. मौसम विभाग ने लोगों को बेहद सतर्क रहने और सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी है. भारी बारिश और सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई, पुणे, ठाणे और नवी मुंबई में 6 जुलाई को सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला किया गया है. हालात इतने खराब हैं कि मुंबई-पुणे रेल रूट पर भूस्खलन होने से ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है.
कर्जत-लोनावला रूट पर लैंडस्लाइड, मुंबई-पुणे रेल सेवा ठप
मूसलाधार बारिश का सबसे बड़ा असर मुंबई और पुणे को जोड़ने वाली लाइफलाइन यानी रेलवे पर पड़ा है. लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग के बेहद संवेदनशील कर्जत-लोनावला भोर घाट (खंडाला घाट) सेक्शन में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है. इसके चलते सोमवार तड़के से ही इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया है. सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी के पास भारी लैंडस्लाइड हुआ है. इसके अलावा तड़के करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल के बीच मिडिल लाइन पर भी एक और लैंडस्लाइड की रिपोर्ट मिली है.
भोर घाट सेक्शन में तीन रेलवे लाइनें हैं. अप लाइन (मुंबई की तरफ), डाउन लाइन (पुणे की तरफ) और मिडिल लाइन. लगातार हो रही बारिश और मलबे के कारण ये तीनों ही लाइनें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं. इससे सेंट्रल रेलवे को कई लंबी दूरी की ट्रेनों को कैंसिल, डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट करना पड़ा है. रेलवे अधिकारी ट्रैक को साफ करने में जुटे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश काम में बाधा डाल रही है.
कैंसिल की गई प्रमुख ट्रेनों की लिस्ट पर एक नजर डाल लेते हैं,
- सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस
- इंटरसिटी एक्सप्रेस
- डेक्कन एक्सप्रेस
- डेक्कन क्वीन
- प्रगति एक्सप्रेस
- धुले एक्सप्रेस
- पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि युद्धस्तर पर मलबा हटाने और ट्रैक बहाली का काम जारी है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें. यात्रियों की मदद और रीयल-टाइम अपडेट के लिए मध्य रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर शुरु किए हैं,
- CSMT: 022-22694040
- ठाणे: 9321336747
- दादर: 9136452387
- लोनावला: 8356854238
मुंबई के मानखुर्द में बड़ा हादसा, चॉल ढहने से 6 लोगों की मौत
इस भारी बारिश के बीच मुंबई से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार (5 जुलाई) रात भारी बारिश के बीच तीन मंजिला चॉल ढह जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया. अधिकारियों ने बताया कि मलबे के नीचे एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है, जिसे खोजने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के कर्मियों सहित कई एजेंसियों द्वारा एक संयुक्त बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, चार महिलाओं और एक पुरुष को नगर निकाय द्वारा संचालित शताब्दी अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया. एक अन्य पुरुष को राजावाड़ी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. ये हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ग्राउंड सहित तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए. इसके बाद, मुंबई अग्निशमन दल (MFB), पुलिस, बीएमसी के वार्ड कार्यालय तथा 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया. भारी बारिश की वजह से मलबे को हटाने और राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं.

पुणे, ठाणे और नवी मुंबई का क्या है हाल?
पुणे जिले के लिए मौसम विभाग द्वारा 'रेड अलर्ट' जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुणे के जिलाधिकारी श्री जितेंद्र डुडी ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. पुणे नगर निगम (PMC) ने नागरिकों से अपील की है कि वो बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें. प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि लोग नदियों, नालों और अन्य खतरनाक या जलजमाव वाले स्थानों से दूर रहें.
मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है. बीएमसी ने भारी बारिश और तेज हवाओं के 'ऑरेंज अलर्ट' को देखते हुए मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम द्वारा संचालित स्कूलों और कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित की है. हालांकि, बीएमसी ने साफ किया है कि सरकारी और निजी दफ्तर हमेशा की तरह सामान्य रूप से काम करते रहेंगे.
ठाणे के जिला कलेक्टर श्रीकृष्णनाथ पांचाल ने भी सुरक्षा के मद्देनजर जिले की सभी आंगनबाड़ियों, बालवाड़ियों, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है. नवी मुंबई नगर निगम ने भी सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है. मुंबई विश्वविद्यालय ने भी 6 जुलाई को निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं.
ठाणे और पालघर में जलभराव, अब तक 3 की मौत
मुंबई के दो पड़ोसी जिलों, ठाणे और पालघर में शनिवार से ही भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से निचले इलाकों में भयंकर जलभराव हो गया है. पेड़ गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आम जनजीवन और यातायात भी प्रभावित हुआ है. ठाणे शहर में सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर एक बजकर 30 मिनट के बीच 65.79 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड गई, जिससे इस मौसम में अब तक कुल 829.84 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है. जबकि पालघर जिले में इसी अवधि के दौरान 97.70 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे यहां इस मौसम में अब तक कुल 643.10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
ठाणे जिले में कल्याण, भिवंडी, नवी मुंबई और बदलापुर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. कलवा में एक पेड़ गिरने से दो मोटर वाहन चालक घायल हो गए. वहीं मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रही इस बारिश के कारण पेड़ गिरने और अन्य हादसों में 30 जून से अब तक एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है. पालघर जिले के वसई में बाढ़ प्रभावित घरों से फंसे हुए निवासियों को बाहर निकालने के लिए आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया है.
देश के अन्य राज्यों में मानसून का हाल, 4 राज्यों में रेड अलर्ट
सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देशभर में मानसून अब पूरी रफ्तार में है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. महाराष्ट्र के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केरल के कई इलाकों में 'रेड अलर्ट' घोषित किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बना मजबूत निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 4 से 5 दिनों तक मध्य भारत समेत कई राज्यों में भारी बारिश कराएगा.
मौसम विभाग की तरफ से कोंकण, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. वहीं, ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न वायु दाब का क्षेत्र बनने के कारण पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है.
IMD ने कालाहांडी, बौध, अंगुल, संबलपुर और सोनपुर जिलों के लिए 'रेड अलर्ट’ जारी किया है. राज्य सरकार ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है. केरल में भी नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है. दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के बाद मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
ये भी पढ़ें: स्मार्ट सिटी या स्विमिंग पूल? पहली ही बारिश में पानी-पानी क्यों हो जाते हैं भारत के शहर?
वीडियो: मुंबई में बारिश की वजह कितने लोगों की मौत हो गई?














