हरियाणा के पंचकूला स्कूल मामले में केजी (किंडरगार्टन) की बच्ची की हालत अब धीरे-धीरे संभल रही है. मामले में ताजा अपडेट ये है कि स्कूल की प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया है. इससे पहले भी दो टीचर्स को निलंबित किया जा चुका है. मामला 28 अक्टूबर का है. एक सरकारी स्कूल के खाली क्लासरूम में एक क्लास तीन के छात्र (8 साल) ने कथित तौर पर बच्ची (6 साल) पर हमला किया और उसके सिर पर गमला दे मारा था. आरोप है कि बच्ची के बेहोश होने के बाद भी छात्र उसे घसीटता रहा.
पंचकूला स्कूल में मारपीट मामले में प्रिंसिपल सस्पेंड, बच्ची को आया होश, इलाज जारी
Panchkula incident: पंचकूला के एक स्कूल में केजी की बच्ची के साथ मारपीट के मामले में सरकार ने स्कूल प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया हैं. घटना सरकारी स्कूल के एक खाली कमरे में हुई थी. इस मामले में स्कूल प्रशासन और टीचर्स की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं.

हरियाणा सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने रविवार 1 नवंबर को तत्काल प्रभाव से निलंबन के आदेश जारी किए. प्रिंसिपल नीलू को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-5 के तहत निलंबित किया गया है. स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने सस्पेंशन ऑर्डर जारी किया है.
बच्ची के चेहरे और हड्डियों में फ्रैक्चरइंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के दौरान बच्ची के चेहरे की हड्डियों में फ्रैक्चर आया था. इसमें नाक की हड्डी का फ्रैक्चर भी शामिल है. पीड़ित बच्ची का इलाज चंडीगढ़ के PGIMER अस्पताल में चल रहा है. पंचकूला की पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के तीसरे दिन, शनिवार को बच्ची को होश आ गया. उसकी हालत में सुधार हुआ है.
वहीं, हरियाणा सरकार ने घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है. राज्य भर के स्कूलों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने का आदेश दिया है. सरकार बच्ची के इलाज का पूरा खर्च भी उठाएगी. हरियाणा स्टेट कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ़ चाइल्ड राइट्स ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है. उन्होंने बताया कि बच्ची अब खतरे से बाहर है.
PGIMER के डायरेक्टर डॉक्टर विवेक लाल भी बच्ची से मिलने पहुंचे. उन्होंने टीम के साथ मिलकर रिव्यू किया. इसके अलावा बच्ची के घरवाले भी उसे घटना याद करने से रोक रहे हैं. बच्ची के मन पर बुरा असर न पड़े, इसके लिए उसका ध्यान दूसरी चीजों में लगाया जा रहा है. उधर आरोपी छात्र का साइकोलॉजिकल इवैल्यूएशन (मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन) भी कराने की बात कही गई है.
ये भी पढ़ें: तीसरी के छात्र ने KG की बच्ची को स्कूल में घसीटा, पटक कर पीटा, फिर सिर पर दे मारा गमला
पुलिस ने बताया कि वे इस मामले की जांच कर रहे हैं. शनिवार 31 अक्टूबर को सेक्टर 20 पुलिस स्टेशन में स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और चौकीदार के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 और BNS की धारा 125-B के तहत FIR दर्ज की गई है.
शनिवार को जारी एक नोटिस में, हरियाणा स्टेट कमीशन ने पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी से इस घटना की डिटेल रिपोर्ट मांगी है. घटना के कारण और स्कूल तथा शिक्षा विभाग द्वारा की गई कार्रवाई समेत घटना से जुड़े हर पहलू के बारे में पूछा है. हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मे एक समिति के गठन का निर्देश दिया है. उम्मीद की जा रही है कि समिति जल्द अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है.
इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. आरोप है कि बच्ची के बेहोश हो जाने के बाद भी छात्र हमला करता रहा और उसके बाल पकड़कर स्कूल परिसर में घसीटता रहा. पूरी घटना के बारे में जानने के लिए ऊपर दिए गए लिंक पर जा सकते हैं.
वीडियो: दिल्ली में 7 साल की बच्ची से रेप, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चौकी पर लोगों का हंगामा









