The Lallantop

'ज्ञानेश के बाद मोदी-शाह का नंबर', राहुल, अखिलेश, ममता... रामलीला मैदान में कौन क्या बोला?

दिल्ली में कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA ब्लॉक की रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए. नेताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा. राहुल ने कहा- ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाएगा और उन्हें जेल जाना पड़ेगा.

Advertisement
post-main-image
रामलीला मैदान में पूरा विपक्ष इकट्ठा हुआ (COURTSEY- PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष ने भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर बड़ी रैली का आयोजन किया।
  • रैली का कारण वोटर लिस्ट में गलतियों और चुनाव आयोग पर वोट चोरी में सहायता के आरोप हैं, जिससे विपक्षी दलों ने केंद्रीय सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाई।
  • रैली के बाद विपक्ष ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है और उन्होंने मिलकर भाजपा के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया है।

वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्ष ने बड़ी रैली की. कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व में हुई ये रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई. इस रैली में पूरा विपक्ष एक साथ नजर आया. बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी इस रैली में शामिल हुए. सभी नेताओं के निशाने पर तो ज्ञानेश कुमार रहे लेकिन राहुल गांधी ने ऐलान किया कि ज्ञानेश कुमार के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नंबर है.

Advertisement
'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' है वोट चोरी : राहुल गांधी

रामलीला मैदान में मंच पर आते ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं और वहां मौजूद सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए अपने भाषण की शुरुआत की. 'वोट चोरी' के अपने आरोप पर उन्होंने कहा,

यह कोई आम चोरी नहीं है. जैसे कोई दुकान से कुछ चुरा ले. यह हर इंसान के आवाज की चोरी है. कानूनी भाषा में इसे 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' (सबसे दुर्लभ) मामला कहा जाता है. इसे देशद्रोह कहा जाता है. ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते और अमित शाह गृहमंत्री नहीं बन पाते.

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि सभी संस्थाओं पर इन लोगों ने कब्जा कर लिया है. किसानों और मजदूरों को अपना हक नहीं मिल रहा है. सारा पैसा अंबानी और अडानी के हाथों में चला गया है. राहुल गांधी ने कहा, 

पीएम मोदी कहीं नहीं जा सकते. अगर वो जाना भी चाहें तो हम उन्हें जाने नहीं देंगे. क्योंकि नरेंद्र मोदी ने 'वोट चोरी की' है. इसलिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और देश को न्याय मिलेगा.
 

राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद अब वो मोदी और शाह के खिलाफ खड़े होंगे. अमित शाह और नरेंद्र मोदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा,

Advertisement

हम मोदी, शाह या ज्ञानेश. किसी से नफरत नहीं करते. हम मोहब्बत की दुकान वाले लोग हैं. मेरे लिए तीनो में से कोई दुश्मन नहीं है. मेरे लिए धर्म से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है देश की आवाज.

महाराष्ट्र, बिहार, यूपी में वोट चोरी की सरकार: खरगे

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार के अलावा महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकार भी वोट चोरी करके ही बनी है. खरगे ने कहा,

उन्हें (बीजेपी) वोट कौन देता है? वे खुद को ही चुन लेते हैं. जनता उन्हें नहीं चुनती. मौजूदा केंद्र सरकार और साथ ही महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारें वोट चुराकर बनी सरकारें हैं. हमें इन चोरों को हटाना होगा. लोकतंत्र तभी बचेगा जब मोदी जाएंगे. लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें मोदी को हटाना होगा.

ममता बनर्जी ने उठाया राम मंदिर का मुद्दा

बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी भी विपक्ष की इस महारैली में शामिल हुईं. उन्होंने न सिर्फ वोट, बल्कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा भी उठाया. ममता बनर्जी ने कहा,

उन्होंने क्या नहीं लूटा है? उन्होंने राम जन्मभूमि का पैसा लूटा, वक्फ की संपत्तियां लूटीं. पुलिस उनकी साथी बन गई. बीजेपी का अपना कोई संगठन नहीं है. इसीलिए वे पुलिस से पार्टी का काम करवाते हैं. एजेंसियां ​​बीजेपी के साथ काम नहीं करतीं. बीजेपी जाएगी.

डबल इंजन को मिला डबल जीरो : अखिलेश यादव

यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सीएम अखिलेश भी भाजपा पर हमलावर हैं. यूपी में SIR की प्रक्रिया भी जारी है. ऐसे में अखिलेश भी इस महारैली का हिस्सा बने. उन्होंने हाल ही में हुए स्नातक MLC चुनावों का जिक्र कर कहा कि भाजपा को तो वाराणसी तक में डबल जीरो मिला है. अखिलेश ने कहा,

जो लोग खुद को 'अंगद के पैर' की तरह अडिग बताते थे. अब उनके पैरों तले कोई जमीन नहीं बची है. काशी की जनता ने उन्हें 'डबल ज़ीरो' दिया है. आपने और मैंने देखा है कि बीजेपी लगातार साजिशें रच रही है. क्योंकि वो जानते हैं कि वो जनता के बीच नहीं जीत सकते. इसलिए उन्होंने चुनाव आयोग के जरिए अपना रास्ता चुना है.

(यह भी पढ़ें: रामलीला मैदान पहुंचे राहुल गांधी, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली में INDIA ब्लॉक की हुंकार)

विपक्ष की ओर से इन सबके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से फारूख अब्दुल्ला, राष्ट्रीय जनता दल की ओर से तेजस्वी यादव ने भी भाषण दिया. इस दौरान इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने साफ कर दिया कि भाजपा के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट होकर लड़ रहा है. उन्होंने चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ में मदद करने का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.

वीडियो: अभिजीत दिपके ने दिलजीत दोसांझ से माफी क्यों मांगी?

Advertisement