The Lallantop

जन सुराज पार्टी के लापता डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मिला है

जन सुराज पार्टी की सोशल मीडिया टीम से जुड़े देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को रांची से पटना जाते समय जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता हो गए थे.

Advertisement
post-main-image
देवपालिक (बाएं) प्रशांत किशोर (दाएं) की जनसुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर थे. (फोटो- X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव रांची के अनगड़ा थाना इलाके के बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद हुआ है, जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
  • देवपालिक 26 अक्टूबर को रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस से गायब हुए थे, और उनकी तलाश के दौरान साथियों ने रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस से संपर्क किया था।
  • जांच में सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव बरामद हुआ है. देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को रांची से पटना आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से लापता हो गए थे. अब झारखंड में रांची के अनगड़ा थाना इलाके के बरवादाग के पास झाड़ियों से उनका शव बरामद हुआ है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, देवपालिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले थे. वो प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की सोशल मीडिया टीम से जुड़े थे और पिछले करीब चार साल से पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन पर काम कर रहे थे. 

देवपालिक ने दिल्ली में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पढ़ाई की थी. बांकीपुर विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने पार्टी के लिए काम किया था. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक देवपालिक के एक दोस्त ने बताया कि वो अपने दो साथियों के साथ जनशताब्दी एक्सप्रेस से रांची से पटना जा रहे थे. ट्रेन में उनकी सीट C-2 कोच में 50 नंबर पर थी. दोपहर करीब 3 बजे मुरी स्टेशन से पहले वो पैंट्री में खाना ऑर्डर करने गए थे. इसके बाद वो अचानक गायब हो गए. काफी देर तक जब वो वापस नहीं लौटे तो उनके साथियों ने फोन किया, लेकिन उनका फोन बंद मिला.

Advertisement
साथियों ने पूरी ट्रेन में की तलाश

इसके बाद साथियों ने ट्रेन के टीटी और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की मदद से पूरी ट्रेन में उनकी तलाश करना शुरू कर दिया. मुरी स्टेशन पर भी उनकी खोज की गई, लेकिन वो कहीं भी नहीं मिले. ट्रेन आगे बढ़कर करीब 4:30 बजे बोकारो पहुंची. उनके साथियों ने रेल मदद के जरिए शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की. साथियों का आरोप है कि रेलवे पुलिस और RPF के बीच मामला एक-दूसरे पर टाला जाता रहा. बोकारो में उन्हें मुरी जाने को कहा गया, जबकि मुरी में बताया गया कि शिकायत रांची में दर्ज होगी.

देवपालिक के साथियों के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे हुई थी, लेकिन FIR रात करीब 9 बजे दर्ज की गई. उनका आरोप है कि पुलिस ने रात में तलाश करने की बात कही, लेकिन उस दौरान देवपालिक को खोजने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद 27 नवंबर को उनका शव रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद किया गया. 

पुलिस ने क्या कहा?

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने आजतक को बताया कि शुरुआती जांच में सिर पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं. ऐसा लग रहा है कि वो चलती ट्रेन से गिर गए होंगे. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. देवपालिक का शव मिलने के बाद जन सुराज पार्टी से जुड़े लोगों ने उनकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Advertisement

जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रांची के उपायुक्त और पुलिस अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की थी.

वहीं, जन सुराज संघर्ष वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप मैथिल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देवपालिक की मौत पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि बांकीपुर विधानसभा चुनाव के दौरान देवपालिक और उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत करके बीजेपी के नैरेटिव का मुकाबला किया था. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि अगर कोई साजिश सामने आती है, तो दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

जन सुराज की ओर से भी कहा गया कि फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं है और किसी साजिश की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. ऐसे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजे आने के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि देवपालिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

ये भी पढ़ेंः 'इस कानून से न्यूजरूम बंद हो जाएंगे', मीडिया ग्रुप्स डेटा एक्ट के खिलाफ पहुंचे सुप्रीम कोर्ट

IIMCAA ने जताया दुख

इसके अलावा IIMC Alumni Association (IIMCAA) ने भी अपने पूर्व छात्र देवपालिक गुप्ता की रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मौत पर दुःख जताया है. पोस्ट में कहा गया है कि देवपालिक गुप्ता झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए. IIMCAA ने झारखंड पुलिस से इस मामले की गहराई से जांच करने और जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सार्वजनिक करने की अपील की है.

वीडियो: शरजील इमाम ने गांधी, जिन्ना और संविधान पर क्या कह दिया?

Advertisement