The Lallantop

'मैं सेना में, दोस्त कार ले गया', महिला बाइकर को टक्कर मारने वाली गाड़ी के मालिक ने क्या बताया?

गुरुग्राम में महिला राइडर को टक्कर मारने वाली कार के मालिक मनीष ने कहा कि वे शहर में नहीं हैं, और भारतीय सेना में तैनात हैं. उन्होंने बताया कि उनके स्कूल के एक दोस्त कल्याण ने दो दिन के लिए उनकी कार ली थी. फिर कल्याण ने अपने एक दोस्त को उनकी गाड़ी दे दी, जिसने बाइक को टक्कर मारी.

Advertisement
post-main-image
महिला राइडर को टक्कर मारने वाले आरोपी कार ड्राइवर का वीडियो रिकॉर्ड हो गया. (instagram.com/rebelwheels_sia_)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला बाइक सवार सिया को एक कार ने टक्कर मारी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास शुरू किया।
  • कार सवारों द्वारा महिला बाइक सवार का पीछा करने और आक्रामक व्यवहार दिखाने के कारण यह घटना हुई, जिसमें चालक नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है।
  • वीडियो वायरल होने पर सोशल मीडिया और पुलिस की प्रतिक्रिया स्वरूप आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सिया ने ऐसे ड्राइवरों के खिलाफ़ उचित कदम उठाने की मांग की है।

हरियाणा के गुरुग्राम जिले का एक वीडियो वायरल है, जिसमें एक कार वाला महिला बाइकर को टक्कर मारते दिख रहा है. महिला का आरोप है कि कार सवार ने पहले उनका पीछा किया, फिर उनकी बाइक को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बाइक से सड़क पर जा गिरीं. उनकी बाइक भी कुछ मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई. पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

Advertisement

आज तक से जुड़े नीरज वश‍िष्ठ की र‍िपोर्ट के मुताबिक, महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के वायरल वीडियो का पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया है. सेक्टर-56 थाने में आरोपी ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है, ताकि उसकी गिरफ्तारी हो सके.

सिया ने क्या बताया?

महिला बाइकर की पहचान सिया के तौर पर हुई है. वे इंस्टाग्राम पर 'rebelwheels_sia_' नाम से अपना अकाउंट चलाती हैं. सिया ने घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए पूरा घटनाक्रम बताया है.

Advertisement

इंस्टा पर स‍िया ने जो वीडि‍यो शेयर क‍िया है, उसमें स‍िया बताती हैं कि रविवार, 13 सितंबर को वे अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक से अपने कुछ दोस्तों के साथ गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं. इसी दौरान एक कार लगातार उनके पीछे आने लगी. उनका आरोप है कि कार में बैठे लोग आक्रामक तरीके से व्यवहार कर रहे थे.

सिया ने बताया कि उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा. लेकिन आरोप है कि इसके बजाय उनसे बाइक रोकने को कहा गया. सिया के मुताबिक, कार में मौजूद लोग नशे में नजर आ रहे थे. इसके बाद सिया आगे निकलने की कोशिश करती रहीं, ताकि कार उनकी बाइक को ब्लॉक न कर सके. उनके पीछे चल रहा एक दोस्त भी कार को उनके पास आने से रोकने की कोशिश कर रहा था.

Advertisement

सिया का आरोप है कि कार ने उनका पीछा जारी रखा और फिर ड्राइवर ने बाइक के आगे आकर रास्ता काटने की कोशिश की. इसी दौरान कार उनकी बाइक से टकरा गई. टक्कर के बाद सिया सड़क पर गिर गईं और कार चालक मौके से भाग गया.

महिला बाइकर का पीछा किया, टक्कर मारी

घटना के बाद सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर उसे रोकने की कोशिश की. सिया के मुताबिक, दोस्त ने ड्राइवर से कहा कि हादसे के लिए वही जिम्मेदार है. लेकिन आरोप है कि ड्राइवर ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और वहां से भी कार लेकर निकल गया. स‍िया को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

सिया ने अपने वीडियो में कहा कि इस घटना के बाद उन्हें गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस हुआ. उन्होंने गुरुग्राम पुलिस से ऐसे ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की, जो दूसरे लोगों की जान खतरे में डालने के बाद हादसे की जगह से भाग जाते हैं.

सिया ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में दर्ज मालिक मनीष का नाम भी शेयर किया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और हरियाणा पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग की है.

कार मालिक ने क्या बताया?

महिला राइडर को टक्कर मारने वाली कार के मालिक मनीष से आजतक के रिपोर्टर अंशुल सिंह ने फोन पर बात की. मनीष ने कहा कि वे शहर में नहीं हैं, और भारतीय सेना में तैनात हैं. उन्होंने बताया कि उनके स्कूल के एक दोस्त कल्याण ने दो दिन के लिए उनकी कार ली थी. फिर कल्याण ने अपने एक दोस्त को उनकी गाड़ी दे दी. आरोप है कि कल्याण के उसी दोस्त ने कार से सिया की बाइक को टक्कर मारी.

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में महिला ने मेड को बेरहमी से पीटा, अरेस्ट होने के कुछ ही देर में बेल भी मिल गई

कार मालिक मनीष ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्त कल्याण से बात की. उसे नहीं पता कि आरोपी कहां पर है. मनीष ने बताया कि कल्याण हरियाणा के पलवल जिले के टीकरी गांव का रहने वाला है. उन्होंने यह भी साफ किया कि गुरुग्राम पुलिस ने उनसे संपर्क नहीं किया है. उनकी गाड़ी भी उन्हें वापस नहीं मिली है.

वीडियो: गुरुग्राम में डिलीवरी राइडर को स्कॉर्पियो कार चालक ने मारी टक्कर, वीडियो CCTV में कैद

Advertisement