गुरुग्राम में बारिश के बाद जलभराव और ट्रैफिक की समस्या लंबे समय से है. थोड़ी सी बारिश होते ही सड़कों पर पानी भर जाता है और हर तरफ लंबा जाम लग जाता है. हर साल सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल साबित होता है. इस बारे में जब बीजेपी सांसद धर्मबीर सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 2047 तक सब ठीक हो जाएगा. वहीं, बीजेपी सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया.
बारिश में गुरुग्राम की बेहाली पर बोले BJP सांसद, '2047 तक इंतजार कीजिए, सब ठीक हो जाएगा'
मिलेनियम सिटी Gurugram हर साल जरा सी बारिश में बेहाल हो जाता है. भारी जाम और सड़कों पर तैरते वाहनों का दृश्य आम है. ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल है. बीजेपी सांसद Dharambir Singh ने कहा कि 2047 तक सब ठीक होगा. Rao Inderjit Singh ने इसके लिए कांग्रेस पर दोष मढ़ दिया.

बीजेपी नेता धर्मबीर सिंह भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद हैं. NDTV से बात करते हुए उन्होंने बताया कि समस्या गुरुग्राम की 60 साल पहले की प्लानिंग में है. तब प्लानर्स को अंदाजा नहीं था कि शहर इतनी तेजी से बढ़ेगा. सांसद ने कहा,
"हमें नहीं पता था कि गुरुग्राम में इतने सारे लोग, घर और गाड़ियां आ जाएंगी."
बीजेपी सांसद ने 'मिलेनियम सिटी' के खस्ताहाल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए सरकार को छोड़कर बाकी हर चीज को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने जोर देकर कहा,
“अधिकारी जाम और जलभराव न हो, इसके लिए कड़ी मेहनत करते हैं. लेकिन सब कुछ नहीं किया जा सकता.”
धर्मबीर सिंह ने आगे कहा कि पुराने ड्रेनेज सिस्टम पर कब्जा हो गया है और अब नालों को चौड़ा नहीं किया जा सकता. उन्होंने तेज बारिश और बदलते मौसम को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा,
“आजकल अचानक और भारी बारिश होती है. पानी जमा हो जाता है और उसे निकलने में समय लगता है.”
जब उनसे पूछा गया कि 'मिलेनियम सिटी' के लोगों की समस्याएं कब दूर होंगी, तो सांसद ने कहा,
“2047 का नया मास्टर प्लान भविष्य की जरूरतों के हिसाब से शहर का विकास करेगा. तब सभी बातों का ध्यान रखा जाएगा.”
कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरायागुरुग्राम से बीजेपी सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने शहर की समस्याओं के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा,
"गुरुग्राम में सालों से जलभराव हो रहा है. इसकी खास वजह यह है कि पुराने और पारंपरिक नालों पर डेवलपमेंट हुआ है, जो पहाड़ों से पानी यमुना तक ले जाते थे. हम आज भी कांग्रेस के समय में हुए इस डेवलपमेंट के नतीजों से जूझ रहे हैं."
खास बात यह है कि जब 2009 में राव इंद्रजीत सिंह पहली बार गुरुग्राम से सांसद चुने गए थे, तब वे खुद कांग्रेस नेता थे. 2014 में वे बीजेपी में शामिल हो गए और तब से बीजेपी के टिकट पर तीन बार यह सीट जीत चुके हैं. राज्य में कांग्रेस के 10 साल के शासन को खत्म करने के बाद से 2014 से हरियाणा में बीजेपी सत्ता में है.
ये भी पढ़ें: एक रात की बारिश में दिल्ली-एनसीआर बेहाल, सड़कें बनी नदियां, घंटों लंबा जाम
कांग्रेस ने किया पलटवारकांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त हो गया है. उन्होंने कहा कि BJP सरकार 1,400 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद इस समस्या को हल करने में नाकाम रही है. सुरजेवाला ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा,
“गुरुग्राम का इंफ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त हो गया है... सड़कों और गलियों में पानी भरा है. लोगों को बिजली का झटका लग रहा है, सरकार और प्रशासन नदारद हैं और हर तरफ अफरातफरी मची है.”

24 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बीच 75 मिमी बारिश दर्ज की गई. शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और कई अंडरपास डूब गए. जाम लग गया और स्कूल वैन और बस घंटों तक फंसी रहीं. सुभाष चौक पर नौ स्कूल बसों समेत करीब 15 वाहन फंस गए. 300 से ज्यादा स्कूली बच्चे लगभग दो घंटे तक फंसे रहे.
वीडियो: दिल्ली में भारी बारिश से IGI एयरपोर्ट पर सेवाएं प्रभावित, 26 उड़ानें रद्द












