The Lallantop

होली का पक्का रंग आसानी से छूटेगा, बस ये टिप्स पता होनी चाहिए

रंग खेलने से पहले शरीर पर नारियल या सरसों का तेल लगाएं. अगर चेहरे पर सनस्क्रीन लगाई है, तो उसके ऊपर कोई मॉइश्चराइज़र भी लगाएं.

Advertisement
post-main-image
होली आ गई है!

‘होली रंगों का त्योहार है.’ ये लाइन जितनी क्लीशे है उतनी ही सच भी है. होली में लोग जमकर रंग खेलते हैं. टेंशन तब होती है, जब ये रंग छूटते नहीं. साबुन से खूब रगड़ने के बाद भी कभी गर्दन पर रंग छपे रहते हैं. कभी हाथों पर. कई बार तो कान और सिर भी रंग-बिरंगे हो जाते हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ऐसे में होली खेलने से पहले स्किन और बालों में क्या लगाएं, जिससे रंग आसानी से उतर जाए? कौन-से घरेलू नुस्खे काम आएंगे? ये हमने पूछा डॉ. राजपाल एस्थेटिक्स के डॉक्टर सचिन राजपाल से. ये भी जाना कि होली खेलने के लिए सबसे बेस्ट रंग कौन-से हैं?

dr sachin rajpal
डॉ. सचिन राजपाल, कॉस्मेटिक एंड प्लास्टिक सर्जन, डॉ. राजपाल एस्थेटिक्स सेंटर फॉर कॉस्मेटिक एंड प्लास्टिक सर्जरी

डॉक्टर सचिन कहते हैं कि रंग खेलने से पहले शरीर पर नारियल या सरसों का तेल लगाएं. अगर चेहरे पर सनस्क्रीन लगाई है, तो उसके ऊपर कोई मॉइश्चराइज़र भी लगाएं. ऐसा करने से रंग आसानी से छूटता है. स्किन पर कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता, क्योंकि मॉइश्चराइज़र की लेयर स्किन को बचाकर रखती है.

Advertisement

बालों के मामले में भी ये टिप खूब काम आती है. एक रात पहले या होली की सुबह बालों में तेल लगा लें. तेल रंग को बालों पर सेटल नहीं होने देता. फिर होली खेलने के बाद जैसे ही आप शैंपू करते हैं. रंग आसानी से साफ निकल जाता है. कई लोगों को लगता है कि तेल से बालों में रंग ज़्यादा गहरा चढ़ेगा. लेकिन ऐसा नहीं है.

आंखों को रंग से बचाने के लिए आप सनग्लासेज़ लगा सकते हैं. इससे रंग सीधा आंखों में नहीं जाएगा. अगर रंग आंख में जाए तो तुरंत पानी से आंखों को धो लें. अगर आंख लाल हो जाए या ज़्यादा आंसू निकले, तो डॉक्टर से पूछकर कोई आई ड्रॉप डाल सकते हैं.

इसके अलावा, नाखूनों पर डार्क नेल पॉलिश और होठों पर लिप बाम या पेट्रोलियम जेली भी ज़रूर लगाएं.

Advertisement

देखिए, रंगों को बहुत रगड़कर छुड़ाने की कोशिश न करें. बार-बार साबुन रगड़ेंगे, तो स्किन रूखी हो सकती है. रंग कितना भी पक्का हो, धीरे-धीरे उतर ही जाता है. इसलिए एक बार में रंग एकदम साफ करने की कोशिश न करें.

holi color
 रंग जाने की वजह से आंखों में दिक्कत हो तो डॉक्टर से पूछकर कोई आई ड्रॉप डाल सकते हैं 

रंग साफ करने के लिए पहले ऑयल क्लींजिंग करें. बेसन और दही का पैक भी रंग छुड़ाने में मदद कर सकता है. अगर रंगों की वजह से स्किन रूखी हो गई है, तो एलोवेरा जेल या कोई अच्छी मॉइश्चराइज़िंग क्रीम लगाएं. अगर स्किन में जलन या रैशेज हों. तो एलोवेरा या चंदन का पेस्ट लगा सकते हैं.

रंग उतारने के लिए बालों में हार्श शैंपू न लगाएं. कोई माइल्ड या हर्बल शैंपू लगाएं. हो सकता है, आपको दो या तीन बार शैंपू करना पड़े. शैंपू करने के बाद बालों में कंडिशनर ज़रूर लगाएं.

होली के अगले दिन भी बालों में बादाम या नारियल तेल से मालिश करना सही रहता है. इसके एक-दो घंटे बाद आप बाल धो सकते हैं. अगर बालों में ज़्यादा रूखापन लगे, तो दही और शहद का हेयर मास्क भी लगा सकते हैं.

एक और बात. होली के बाद कुछ दिन हेयर ड्रायर या स्ट्रेटनर इस्तेमाल न करें. हीट स्टाइलिंग से बालों को नुकसान पहुंच सकता है.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: गर्दन अकड़े तो तुरंत आराम कैसे पाएं?

Advertisement