आपने सीमेन लीकेज के बारे में सुना है? कुछ दिन पहले, हमें 20 साल के एक युवक का मेल आया. इसमें उन्होंने बताया कि सोने के दौरान उनका सीमेन अपने आप निकल जाता है. ऐसा कभी हफ्ते-दो हफ्ते में होता है, तो कभी महीने में एकाध बार. उन्होंने ये भी बताया कि वो दुबले हैं और अपना वज़न बढ़ाना चाहते हैं. लेकिन वज़न बढ़ नहीं रहा. हालांकि उन्हें किसी तरह की कमज़ोरी महसूस नहीं होती. पर अब अपनी दिक्कत से वो परेशान हो चुके हैं.
सीमेन अपनेआप निकलने से कमजोरी हो जाती है? नाइटफॉल का 'A to Z' जान लीजिए
कई बार यौन उत्तेजना के दौरान जो पानी जैसा पदार्थ निकलता है, उसमें आमतौर पर स्पर्म नहीं होते. ये प्रोस्टेट और पेशाब की नली के आसपास मौजूद ग्रंथियों से निकलने वाला पानी जैसा पदार्थ होता है.

सीमेन के अपने आप निकलने और नाइटफॉल को लेकर कई लोगों के मन सवाल होते हैं. पर झिझक के चलते वो किसी से पूछ नहीं पाते. इसलिए इनके जवाब मिलेंगे आज. डॉक्टर से जानेंगे कि अपने आप सीमेन निकलना कब सामान्य है और कब चिंता की बात. क्या सीमेन निकलने से कमज़ोरी हो सकती है. कितनी बार नाइटफॉल होना नॉर्मल माना जाता है और कब आपको डॉक्टर से मिलना चाहिए.
सीमेन निकलना कब सामान्य है?
ये हमें बताया डॉक्टर रितेश मोंघा ने.

एक उम्र के बाद सीमेन निकलना नॉर्मल है. अगर 15 साल से कम उम्र के बच्चे में पेशाब की नली से सीमेन जैसा कुछ निकल रहा है तब डॉक्टर से सलाह ज़रूर लेनी चाहिए क्योंकि ये किसी इंफेक्शन का संकेत हो सकता है. लेकिन प्यूबर्टी के बाद यानी करीब 14-15 साल की उम्र के बाद सीमेन निकलना सामान्य हो सकता है. खासकर अगर यौन उत्तेजना महसूस हुई हो या सेक्स से जुड़ा कोई सपना आया हो.
सीमेन निकलने से कमज़ोरी होती है?
अक्सर लोगों को लगता है कि सीमेन निकलने से शरीर में बहुत कमज़ोरी आ जाएगी. कई बार यौन उत्तेजना के दौरान जो पानी जैसा पदार्थ निकलता है, उसमें आमतौर पर स्पर्म नहीं होते. ये प्रोस्टेट और पेशाब की नली के आसपास मौजूद ग्रंथियों से निकलने वाला पानी जैसा पदार्थ होता है. ये पदार्थ पेशाब की नली में चिकनाई बनाए रखने में मदद करता है. यौन उत्तेजना के दौरान ये कभी भी निकल सकता है, इसकी मात्रा कम या ज़्यादा हो सकती है. आमतौर पर पानी जैसे इस पदार्थ का न तो कोई रंग होता है और न ही खास गंध.
ये भी पढ़ें: नुसरत भरूचा रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर से कब तक ठीक होंगी? डॉक्टर से सब समझिए
कब सीमेन निकलना चिंता की बात है?
अगर सीमेन या पेशाब की नली से निकलने वाले पदार्थ में बदबू हो. उसका रंग पीला, हरा या कुछ और हो, तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए. अगर पहले सीमेन जैसा कुछ नहीं निकल रहा था. लेकिन हाल ही में सेक्स के बाद ऐसा होना शुरू हुआ है. साथ ही, सीमेन निकलते समय दर्द हो रहा है, खून आ रहा है. पेशाब करते समय बहुत जलन भी हो रही है. तब ऐसे लक्षण इंफेक्शन की ओर इशारा कर सकते हैं. इसलिए डॉक्टर को ज़रूर दिखाना चाहिए.
ये भी पढ़ें: मोतियाबिंद सर्जरी के बाद भी धुंधला दिख रहा? ये वजह हो सकती है
नाइटफॉल होना कब नॉर्मल और कब नहीं?
नाइटफॉल या नाइट इमिशन खासकर कम उम्र के लड़कों में हो सकता है. नाइटफॉल होने की कोई तय संख्या नहीं है. किसी को हफ्ते में एक बार हो सकता है, तो किसी को महीने में एक बार. कई बार सेक्स से जुड़े सपनों की वजह से भी नाइटफॉल हो सकता है. खासकर जो युवा पुरुष सेक्शुअली एक्टिव नहीं हैं, उनमें ये ज़्यादा बार हो सकता है. नाइटफॉल होना सामान्य है. इससे लंबे समय में सेहत को कोई नुकसान नहीं होता.
सीमेन का निकलना या नाइटफॉल होना, युवा पुरुषों में नॉर्मल हो सकता है. लेकिन अगर पेशाब की नली से निकलने वाले पदार्थ के साथ दर्द या जलन हो. उसका रंग पीला, हरा या लाल हो और उसमें बदबू आ रही हो. तब ये किसी समस्या का संकेत हो सकता है. ऐसे में डॉक्टर या यूरोलॉजिस्ट से सलाह लेना ज़रूरी है.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, कब तक ठीक होंगी नुसरत?












