Allu Arjun और Atlee लंबे समय से Raaka की शूटिंग कर रहे हैं. यूं तो उन्होंने अब तक इस फिल्म के बारे में बहुत ज्यादा रिवील नहीं किया. मगर खबर है कि वो इस प्रोजेक्ट में हॉलीवुड के ऑस्कर विनिंग एक्टर Will Smith को लाने वाले हैं. दावा किया जा रहा है कि मेकर्स ने उन्हें मूवी में विलन वाले रोल के लिए अप्रोच किया है.
अल्लू अर्जुन - एटली की 'राका' में हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ बनेंगे मेन विलन?
'राका' में अल्लू अर्जुन से पहले सलमान खान को कास्ट किया गया था. तब विलन वाले रोल के लिए विल स्मिथ से बातचीत चल रही थी.

मिड डे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विल स्मिथ पिछले काफी समय से एटली और अर्जुन से कॉन्टैक्ट में हैं. मेकर्स ने उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए मना लिया है. वो फिल्म के ओवरसीज़ शेड्यूल के दौरान अपने हिस्से की शूटिंग करेंगे. इसलिए एटली उनकी डेट्स के हिसाब से आगे की प्लानिंग कर रहे. वैसे, अभी फॉरेन शेड्यूल के लिए कोई लोकेशन फाइनल नहीं हुआ. मगर मेकर्स ने विल स्मिथ के कॉस्टयूम जरूर तैयार करवा लिए हैं.
कुछ समय पहले तक चर्चा थी कि 'राका' में विलन का किरदार रश्मिका मंदन्ना निभाएंगी. मगर इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में एक अलग अपडेट दी. बताया गया कि दीपिका पादुकोण इस प्रोजेक्ट में एक ऐसी प्रेग्नेंट औरत का रोल करेंगी, जो अपने सर्वाइवल के लिए संघर्ष करती है. जाह्नवी को एक आदिवासी कबीले की रानी बताया गया. वहीं रश्मिका को एक गाइड और प्रोटेक्टर के रोल में कास्ट किए जाने की खबरें आ रही हैं. इस कारण इंटरनेट पर ये सवाल घूमने लगा कि आखिर फिल्म का विलन है कौन. अब विल स्मिथ के रूप में उसका जवाब सामने आता दिख रहा. हालांकि मेकर्स ने अब तक अपनी तरफ़ से इस बात की औपचारिक पुष्टि नहीं की है.
वैसे, ये पहला मौका नहीं जब विल स्मिथ को इस प्रोजेक्ट में कास्ट करने की खबरें आई हों. दरअसल, एटली ने अर्जुन से पहले सलमान को इस फिल्म में लीड रोल के लिए अप्रोच किया था. रिपोर्ट्स हैं कि तब वो विलन के किरदार में रजनीकांत या कमल हासन को लाना चाहते थे. मगर दोनों ने अपनी बढ़ती उम्र का हवाला देकर इसमें काम करने से मना कर दिया. इसके बाद सलमान ने खुद विल स्मिथ से बातचीत शुरू कर दी.
बताया जाता है कि सलमान और विल स्मिथ में मामला जमने लगा था. मगर इससे पहले कि बात और आगे बढ़ती, 'राका' बनाने वाली सन पिक्चर्स ने एक डिमांड रख दी. उन्होंने कहा कि इस मूवी में सलमान के साथ किसी साउथ के सुपरस्टार को होना चाहिए. ऐसा इसलिए ताकि ये मूवी देशभर की ऑडियंस को अपील कर सके. इस कारण विल स्मिथ को कभी फाइनल किया ही नहीं गया. उन्होंने खुद भी एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की है कि वो सलमान के साथ एक फिल्म करते-करते रह गए थे. हालांकि बाद में बजट की दिक्कतों के कारण सलमान भी उस प्रोजेक्ट से बाहर हो गए. तब जाकर अल्लू अर्जुन को लीड रोल में लाया गया और अब विल स्मिथ की भी वापसी हो रही है.
वीडियो: विल स्मिथ ने जिन क्रिस रॉक को थप्पड़ मारा, वो जेडा पिंकेट स्मिथ से डेट पर जाने के लिए पूछ रहे थे













