गोवा पुलिस Nana Patekar की मौत की जांच क्यों कर रही है? क्या Drishyam 4 बनाकर अपनी ही बात से पलट सकते हैं Ajay Devgn? Abhishek Banerjee और Divyenndu किस OTT Series में साथ काम करने वाले हैं. सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें
नाना पाटेकर की मौत के मामले में क्या जांच कर रही है गोवा पुलिस?
8 अक्टूबर को नाना पाटेकर का गोवा में निधन हो गया था.

# मार्वल ने अनाउंस की नई सीरीज़ 'ज़ोडिएक'
मार्वल ने नई सीरीज़ 'ज़ोडिएक' का पहला लोगो रिलीज़ कर दिया है. ये एक लाइव-एक्शन स्पाई थ्रिलर सीरीज़ होगी, जो 2028 में डिज़्नी प्लस (Disney+) पर आएगी. न्यूयॉर्क कॉमिक-कॉन में मार्वल टेलीविज़न के हेड ब्रैड विंडरबाम ने बताया कि इसकी शूटिंग अगले साल लंदन में शुरू होगी. कास्टिंग अगले कुछ हफ्तों में तय हो जाएगी. फिलहाल इसकी कहानी पर सस्पेंस बना हुआ है.
# नाना पाटेकर की मौत की जांच करेगी गोवा पुलिस
8 अक्टूबर को नाना पाटेकर का गोवा में निधन हो गया. पुणे के पास उनके पैतृक गांव डोंज में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. लेकिन अब गोवा पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया है. दरअसल, 8 अक्टूबर को गोवा स्थित अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट के बाद नाना पाटेकर को अस्पताल ले जाया गया था. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब उनके परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर मौत की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.
# फिर साथ में सीरीज़ कर रहे अभिषेक-दिव्येंदु
'मिर्ज़ापुर' के कंपाउंडर और मुन्ना भैया की जोड़ी एक बार फिर साथ नज़र आने वाली है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी और दिव्येंदु अब प्राइम वीडियो की नई वेब सीरीज़ में नज़र आएंगे. अभिषेक बनर्जी इस सीरीज़ को लीड करेंगे. जबकि दिव्येंदु भी अहम रोल करेंगे. फिलहाल शो की कहानी, कैरेक्टर और रिलीज़ डेट को सीक्रेट रखा गया है.
# प्रसन्ना बिस्ट की 'बोक्शी' की रिलीज़ टली
जादू-टोना और खून-खराबे के चक्कर में फिल्म 'बोक्शी' की रिलीज़ टल गई है. प्रसन्ना बिष्ट स्टारर ये फोक हॉरर फिल्म पहले 9 अक्टूबर को आने वाली थी. मगर CBFC की एग्जामिनिंग कमिटी ने इसके सुपरनैचुरल थीम, जादू-टोने और ग्राफिक वायलेंस के चलते इसे रिवाइजिंग कमिटी के पास भेजा था. अब फिल्म को A सर्टिफिकेट मिल गया है. मगर प्रमोशन के लिए ज्यादा वक्त देने के मकसद से मेकर्स ने इसकी रिलीज़ 4 दिसंबर, 2026 तक टाल दी है.
# 'दृश्यम 4' बनाकर अपनी ही बात से पलटेंगे अजय?
'दृश्यम 3' की शानदार कामयाबी के बीच अजय देवगन ने 'दृश्यम 4' की उम्मीद जगा दी है. गल्फ न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में अजय से जब चौथे पार्ट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल तीसरी फिल्म ही कहानी का निष्कर्ष है. साथ ही उन्होंने ये भी जोड़ा कि भविष्य के बारे में कुछ नहीं कह सकते. यानी अभी हिंदी 'दृश्यम 4' को हरी झंडी नहीं मिली है. मगर अजय ने इसकी संभावना को पूरी तरह खारिज भी नहीं किया.
# 'द फैमिली डिसअपीयर्स' में डेविड हार्बर और जॉन सीना
डेविड हार्बर और जॉन सीना कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म 'द फैमिली डिसअपीयर्स' में साथ काम कर रहे हैं. इसकी कहानी एक ऐसे थके हुए पिता की है, जो काम के सिलसिले में ट्रिप से लौटता है. मगर घर आकर देखता है कि उसका पूरा परिवार गायब है. इतना ही नहीं, एक मिस्टीरियस मैन उसके घर को खरीदकर वहां रहने भी लगा है. ब्रेंडन ओ'हेयर ने फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है. जोनातन एट्ज़लर इसे डायरेक्ट करेंगे. फिल्म की शूटिंग 10 नवंबर से अटलांटा में शुरू होगी.
वीडियो: नाना पाटेकर के निधन पर पीएम मोदी, सीएम योगी और अक्षय कुमार ने क्या कहा?












