Aamir Khan स्टारर Lagaan हिंदी सिनेमा की कल्ट फिल्मों में से एक है. इसमें छोटे से छोटा रोल करने वाले कलाकारों को भी उनके काम की वजह से पहचान मिली. इस फिल्म में भूरा का रोल करने वाले Raghubir Yadav के किरदार को लोग आज भी याद करते हैं. रघुबीर यादव ने अपने करियर में यूं तो 100 से ज़्यादा फिल्में की हैं. लेकिन चंद किरदार ऐसे हैं, जो सालों बाद भी उनकी दमदार एक्टिंग की गवाही देते हैं. हाल ही में The lallantop के स्पेशल प्रोग्राम Guest in the Newsroom में पहुंचे रघुबीर यादव ने 'लगान' की शूटिंग के कई मजेदार किस्से सुनाए. कैसे उन्होंने फिल्म के सेट पर ही अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराया था? और इस पर आमिर खान की क्या प्रतिक्रिया थी.
रघुबीर यादव ने 'लगान' के सेट पर क्यों कराया अपेंडिक्स का ऑपरेशन? खोले आमिर खान के राज़!
जब रघुबीर का ऑपरेशन चल रहा था, तो सेट पर मौजूद सारे एक्टर्स मॉनिटर पर उन्हें देख रहे थे. ऑपरेशन के बीच में ही रघुबीर को होश आ गया, तो आमिर खान ने क्या किया?

'लगान' फिल्म में अपनी कास्टिंग का किस्सा सुनाते हुए रघुबीर कहते हैं,
"मैंने आमिर खान के साथ एक फिल्म 'अर्थ' की थी. यहीं से हमारी बात हुई और उन्होंने मुझे 'लगान' ऑफर की. आमिर ने पहले ही मेरी कुछ फिल्में देखी हुई थीं. हमने करीब छह महीने तक भुज में फिल्म की शूटिंग की. उस दौर में बहुत गर्मी थी. गर्मी ऐसी कि पक्षी भी जमीन पर गिर जाया करते थे. हम लोग उन्हें पानी पिलाकर किसी तरह उड़ने में मदद किया करते थे. हालांकि हमें सेट पर गरमी महसूस नहीं हुई. क्योंकि आमिर ने वहां बहुत खूबसूरत माहौल बनाया हुआ था."
'लगान' की शूटिंग पूरे छह महीने तक चली और इस दौरान कलाकारों ने आपस में भी खूब मस्ती की. रघुबीर बताते हैं,
"करीब छह महीने तक हमने शूटिंग की. इस पर खूब गाने बनाए और जमकर मस्ती भी की. सेट का माहौल बिल्कुल शानदार रहा और खूब मज़ा आया."
रघुबीर ने बताया कि इसी दौरान एक मौका ऐसा भी आया, जब उन्होंने ‘लगान' के सेट पर ही अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराना पड़ा. इस बाबत वो कहते हैं,
"हां इसी दौरान मुझे अपेंडिक्स हो गया. 3-4 जगह से पेट काट दिया था. यहीं ऑपरेशन हुआ. लेप्रोस्कोपी की मशीन लेकर आया और छेद कर दिए. इस मशीन का उद्घाटन एक अंकल ने किया था और दूसरा ऑपरेशन मेरा हुआ था. मुझे तो एनेस्थीसिया दे दिया गया था. लेकिन दूसरे एक्टर्स मॉनिटर से सब देखते रहते थे. ऑपरेशन करते-करते ही मुझे होश भी आ गया था."
आमिर खान भी रघुबीर के ऑपरेशन के दौरान मौजूद रहते थे. रघुबीर ने बताया,
"जब मुझे होश आया तो लोगों को लगा कि मुश्किल हो गई. इसे तो मुंबई ले जाना पड़ेगा. तो आमिर खान चिल्लाए कि जो करना है यहीं करो. इसके बाद डॉक्टर्स ने कहा कि और काटना पड़ेगा. उन्होंने एक और 5-6 इंच का चीरा लगाया. कैसे करके उन्होंने टांके लगाकर सही कर दिया. लेकिन उसके बाद तो हालत बिल्कुल खराब हो गई. मेरे ऑपरेशन की वजह से ही फिल्म के गाने 'राधा कैसे न जले' में मेरी शक्ल नज़र नहीं आई."
रघुबीर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के बाद करीब 2.5 साल तक वो काफी परेशान रहा. फिर केरल जाकर उन्होंने अपना पेट ठीक कराया. रघुबीर यादव ने गेस्ट इन दी न्यूजरूम में अपने करियर, जिंदगी और तमाम तजुर्बों पर खुलकर बात की. रघुबीर हाल ही में रिलीज़ हुई अनीत पड्डा स्टारर सीरीज़ 'हुंकार: द रोअर' में नज़र आए थे. ये सीरीज़ जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: रघुबीर यादव ने बताया पंचायत 5 कब आएगा? प्रधान जी ने शाहरुख और 'लगान' के मजेदार किस्से सुनाए











