Christropher Nolan की The Odyssey में लंबी-चौड़ी स्टारकास्ट ने काम किया है. Matt Damon, Anne Hathaway, Tom Holland, Zendaya और Robert Pattinson जैसे चर्चित सितारे इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. मगर उन सबके बीच Eurylochus का किरदार निभाने वाले Himesh Patel सबका ध्यान खींच रहे हैं. उन्हें न केवल इस फिल्म में अच्छा-खासा स्क्रीनटाइम मिला, बल्कि उन्होंने उसमें खुद को साबित भी किया है. लेकिन किसी दौर में अखबार बेचने वाला ये ब्रिटिश-इंडियन लड़का नोलन की फिल्म में ओडिसस का सेकेंड-इन-कमांड कैसे बना, जानते हैं.
कौन हैं हिमेश पटेल, जो अखबार बेचकर क्रिसट्रोफर नोलन की 'द ओडिसी' में सेकेंड कमांडर बन गए?
क्रिसट्रोफर नोलन ने हिमेश पटेल को बगैर किसी ऑडिशन के 'द ओडिसी' में रोल ऑफर कर दिया था.



हिमेश का जन्म 13 अक्टूबर 1990 को इंग्लैंड के कैम्ब्रिजशायर में हुआ था. उनके माता-पिता भारत के गुजराती हिंदू परिवार से आते हैं. इसलिए घर में हिमेश गुजराती बोलते हुए ही बड़े हुए थे. पढ़ाई के साथ वो अपने पैरेंट्स के अखबार की दुकान में भी मदद करते थे. ये काम उन्होंने लंबे समय तक किया. तब भी, जब उन्हें अपना पहला बड़ा रोल मिल गया था. तब उन्होंने मशहूर टीवी शो EastEnders के लिए ऑडिशन दिया था. मेकर्स को उनमें उम्मीद दिखी और इस तरह उनके एक्टिंग करियर की शुरुआत हुई. खास बात ये है कि तब वो केवल 16 साल के थे.

लेकिन हिमेश को एक्टिंग का ये कीड़ा रातों-रात नहीं काटा था. असल में इसकी नींव बचपन में ही पड़ गई थी. तब उन्हें टीवी और फिल्मों में नजर आने वाले किरदारों की नकल करना पसंद था. जब वो 11 साल के थे, तब उन्होंने स्कूल के एक नाटक में पहली बार एक्टिंग की. वहां उनका काम देखकर एक टीचर ने उनके पैरेंट्स को सलाह दी कि वो उनका दाखिला लोकल थिएटर ग्रुप में करवा दें. बाद में उन्होंने कैम्ब्रिज के The Young Actors' Company से एक्टिंग और फिल्म मेकिंग की बारीकियां सीखीं. उन्हें म्यूजिक का भी अच्छा-खासा शौक था. इसलिए उन्होंने पियानो के साथ 13 साल की उम्र में खुद ही इलेक्ट्रिक गिटार बजाना भी सीख लिया.
BBC का 'ईस्ट एन्डर्स' वो पहला शो था, जहां से उन्होंने प्रोफेशनल एक्टिंग की शुरुआत की. तब हिमेश 16 साल के थे और सेकेंड्री स्कूल के एग्जाम्स दे रहे थे. ठीक उसी वक्त उन्हें 'ईस्ट एन्डर्स' के ऑडिशन के लिए कॉल आया. बस, उन्होंने एक्साइटमेंट में अंतिम पेपर दिया और अपने पैरेंट्स के साथ ऑडिशन के लिए भागे. वहां उन्हें शो के पॉपुलर कैरेक्टर तमवार मसूद के रोल में कास्ट कर लिया गया. 01 अक्टूबर 2007 को वो पहली बार उस शो पर नजर आए और जल्द ही काफी पॉपुलर हो गए. इतने कि उन्हें 2013 में 'ईस्ट एन्डर्स' के स्पिनऑफ शो Tamwar Tales- The Life of an Assistant Market Inspector को लीड करने का मौका मिल गया. उन्होंने 'ईस्ट एन्डर्स' में करीब 9 साल तक काम किया. मगर 2016 में वो इससे अलग होकर नए मौके की तलाश में जुट गए.

'ईस्ट एन्डर्स' से अलग होने के दौरान वो इधर-उधर छोटे-मोटे रोल्स करते रहे. मगर उनसे उन्हें खास पहचान नहीं मिली. हालांकि 2014 में Two Dosas नाम की एक शॉर्ट मूवी ने उनके फिल्म करियर को आगे बढ़ाने में काफी बड़ा किरदार निभाया. उसमें उन्होंने पवन का रोल किया था. मूवी को लंदन शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल समेत दुनिया भर में अवॉर्ड्स मिले. शफ़ल फेस्टिवल में उन्हें तीसरा रैंक मिला. मगर खास बात ये है कि उस इवेंट को 'स्लमडॉग मिलियनेयर' और '28 डेज़ लेटर' जैसी फिल्में बनाने वाले डैनी बॉयल जज कर रहे थे. उन्होंने हिमेश के टैलेंट को पहचाना और 2019 में अपनी म्यूजिकल कॉमेडी Yesterday से डेब्यू करने का मौका दिया.

'ईस्ट एन्डर्स' और 'यस्टरडे' के बीच हिमेश ने कुछ शोज़ और शॉर्ट फिल्मों में काम किया था. इनमें Damned, Rapscallions, Don Juan in Soho और Climaxed जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. 2017 में उन्होंने My Pure Land नाम की फीचर फिल्म को प्रोड्यूस किया. लेकिन उन्हें बड़ी पहचान 'यस्टरडे' के बाद मिली. डैनी बॉयल की उस म्यूजिकल कॉमेडी में वो पूरे समय लाइव गाते रहे थे. इसमें उन्हें खूब पसंद किया गया, जिसके बाद उनके पास अच्छे ऑफर्स आने लगे. आने वाले समय में वो कई हाई प्रोफ़ाइल प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बने जिनमें Don’t Look Up जैसी कॉमेडी से लेकर Greedy People जैसी फिल्में शामिल हैं. इसके अलावा Station Eleven और Avenue 5 में भी लोगों ने उन्हें खूब नोटिस किया.

हिमेश ने 2019 में अपनी पहली मूवी की और अगले ही साल वो क्रिसट्रोफ़र नोलन की फिल्म में आ गए. दरअसल, नोलन तब रॉबर्ट पैटिंसन के साथ Tenet बना रहे थे. उसमें हिमेश को माहिर के रोल में कास्ट किया गया. ये एक ऐसा किरदार था, जो ओस्लो एयरपोर्ट से एक पेंटिंग चुराने में पैटिंसन की मदद करता है. रोल बहुत बड़ा भले न हो, मगर असरदार जरूर था. तभी तो नोलन अपने करियर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट 'द ओडिसी' के लिए दोबारा हिमेश के पास जाने को मजबूर हो गए.

'टेनेट' और 'द ओडिसी' के बीच हिमेश ने Don't Look Up, Good Grief, The Assessment, Bait और The Franchise जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया. साथ ही वो Enola Holmes के सेकेंड और थर्ड सीजन में डॉ जॉन वॉटसन के रोल में कैमियो करते दिखे. ये वही किरदार है, जो शरलॉक होम्स की फिल्मों, सीरीज़ और नॉवेल में उनके साथी का किरदार निभाता है. जल्द ही वो 'सिनर्स' वाले रायन कूगलर की The X Files रीबूट में नजर आने वाले हैं. मगर इन सबसे होते हुए वो 'द ओडिसी' का हिस्सा कैसे बने, उसकी भी एक रोचक कहानी है.

दरअसल, The Assessment का पहला सीजन रिलीज़ हो चुका था. मगर फिर खबर आई कि मेकर्स इसका सेकेंड सीजन रद्द करने वाले हैं. हिमेश इस बात से थोड़ा परेशान थे. लेकिन तभी उन्हें उनके एक एजेंट का कॉल आया. उसने हिमेश से बस इतना कहा- "क्रिसट्रोफ़र नोलन तुम्हें एक रोल ऑफर कर रहे हैं." हिमेश तब बाहर कहीं सड़क पर खड़े थे. इस बात से वो इतना हैरान हुए कि खुशी के मारे वहीं नाचने लगे. वो सबसे ज्यादा इस बात से चौंके कि नोलन ने उन्हें बगैर किसी ऑडिशन के अपनी फिल्म में यूरीलोचस जैसा अहम रोल ऑफर कर दिया.
'द ओडिसी' में यूरीलोचस एक ग्रीक वॉरियर होता है. वो मैट डेमन के किरदार ओडिसस के बाद सेना का दूसरा सबसे बड़ा कमांडर है. यही नहीं, वो रिश्ते में उसका बहनोई भी लगता है. इस कारण वो अक्सर ओडिसस के फैसलों पर सवाल भी उठा देता. हालांकि जाने-अनजाने उसने कई बार ओडिसस को मुसीबत से भी बचाया था. फिल्म में इस किरदार का काफी बड़ा योगदान है. हिमेश ने इसमें खुद को साबित किया और दुनिया को दिखाया कि आखिर नोलन ने उन्हें बगैर ऑडिशन के ‘द ओडिसी’ में क्यों लिया था.
वीडियो: 'ओडिसी' जिस पर Christopher Nolan 2100 करोड़ की फिल्म बनाने जा रहे हैं.











