99th Academy Awards यानी Oscars को लेकर गहमा-गहमी शुरू हो चुकी है. भारत की तरफ से इस साल मराठी फिल्म Gondhal को ऑस्कर में ऑफिशियल एंट्री के तौर पर चुना गया है. ये देशभर से आई उन 33 फिल्मों में एक है, जिन्हें भारत की तरफ़ से ऑस्कर कैम्पेन के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया था. इस दौड़ में 'गोंधल' ने Dhurandhar, Main Vaapas Aaunga, Hanuman Ansh और Border 2 जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ा. ऑस्कर में ये Best International Feature Film Category में अपनी दावेदारी पेश करेगी.
केवल 90 लाख कमाने वाली मराठी फिल्म 'गोंधल' अब ऑस्कर की रेस में दौड़ेगी
'धुरंधर', 'हनुमान अंश', 'हक' और 'बॉर्डर 2' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ 'गोंधल' ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट हुई है.

'गोंधल' महाराष्ट्र के एक ट्रैडिशनल डांस और लोकपर्व को कहा जाता है. इसमें देवी-देवताओं की पूजा करते हुए रातभर भजन-कीर्तन और नाटकों का मंचन होता है. 'गोंधल' फिल्म उसी लोक परंपरा से प्रेरित है. इसे संतोष डावखर ने लिखा और डायरेक्ट किया है. डावखर को 2025 में आयोजित हुए 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला था.
'गोंधल' की कहानी महाराष्ट्र के एक छोटे-से गांव में घटती है. पूरा किस्सा एक रात में सिमट जाता है. ये वही रात होती है, जब हर तरफ़ गोंधल का जश्न मनाया जाता है. फिल्म की मुख्य किरदार सुमन है, जिसकी शादी आनंद नाम के एक अमीर आदमी से हुई है. लेकिन सुमन अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं. उसे साहेबा नाम के एक गोंधली आर्टिस्ट से प्यार हो जाता है. इसलिए वो अपने पति से पीछा छुड़ाने की जुगत में लग जाती है. मगर ये सब इतना भी आसान नहीं. हड़बड़ी में ऐसी गड़बड़ी होती है कि ये कहानी प्यार और धोखे से होते हुए हत्या तक पहुंच जाती है.
'गोंधल' में इशिता देशमुख, किशोर कदम, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु ने काम किया है. ये फिल्म नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी. तब इसने बॉक्स ऑफिस पर महज 90 लाख रुपए कमाए थे. फिलहाल इसे किसी भी OTT प्लेटफ़ॉर्म पर रिलीज़ नहीं किया गया है. हालांकि ऑस्कर की रेस में उतरने के बाद हम इसे जल्द ही डिजिटली रिलीज़ होते देख सकते हैं. वैसे, 'गोंधल' ऐसी चौथी मराठी मूवी है जिसे भारत की तरफ से ऑस्कर की ऑफिशियल एंट्री के लिए भेजा गया है. इससे पहले 'श्वास' (2005), हरीशचंद्राची फैक्ट्री (2009) और 'कोर्ट' (2015) के हिस्से ये शोहरत आ चुकी है. लेकिन बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत आज तक एक भी ऑस्कर नहीं जीत पाया.
फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 'गोंधल' को देशभर से आई 33 फिल्मों के बीच सिलेक्ट किया है. 33 में 14 फिल्में हिंदी की थीं. मराठी, तेलुगु और गुजराती से चार-चार एंट्रीज़ भेजी गई थीं. तमिल से तीन फिल्में आई थीं. मलयालम और नागमीज़ से एक-एक. वहीं एक सायलेंट मूवी भी थी. 'गोंधल' ने ऑस्कर की रेस में जिन फिल्मों को पीछे छोड़ा, उनमें 'मैं वापस आऊंगा', 'बॉर्डर 2', 'धुरंधर', 'डुग डुग', 'हक़', 'भामरदो', '120 बहादुर', 'सिंग गीतम', 'तेरा मेरा नाता', 'लड्डू', 'ओह माय डॉग', 'बालन द बॉय', 'देऊल बंद 2', 'तिघी', 'पेड्डी', 'इरुमुडी', 'खूंटा', 'गांधी टॉक्स', 'बाइसन कालामाडन', 'शेप ऑफ मोमो', 'गवर्नर', '2020 दिल्ली', 'कमांडो विन लव स्टोरी', 'इक्कीस', 'प्रवास', 'मन आतले मनातले', 'ऑब्सेस', 'एग्वा', 'अंग' और 'हनुमान अंश' जैसी फिल्में शामिल हैं.
'गोंधल' अब ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के सिलेक्शन प्रोसेस में शामिल होगी. इस कैटेगरी में दुनियाभर के देश अपनी सबसे बेहतरीन मूवीज़ भेजेंगे. सबसे पहले उनमें से 15 फिल्में अगले राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट की जाएंगी. फिर उनमें से पांच सबसे अच्छी मूवीज़ को ऑस्कर नॉमिनेशन मिलेगा. अंत में ज्यूरी उन पांच फिल्मों में से जिसका चयन करेगी, वही 14 मार्च 2027 की रात को लॉस एंजेलिस से ऑस्कर ले जाएगी.
वीडियो: ऑस्कर 2026: Leonardo Dicaprio को पीछे छोड़कर किसने ऑस्कर बाज़ी मार ली?











