The Lallantop

"भारत मां है और पाकिस्तान मौसी" - सनी देओल के बयान पर बखेड़ा खड़ा हो गया!

आरोप है कि सनी देओल ने ये बयान 'बंटवारा 1947' को प्रमोट करने के लिए दिया है. इसलिए अब फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग उठ रही है.

Advertisement
post-main-image
'बंटवारा 1947' का क्लैश 'आवारापन 2' से होगा.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • सनी देओल ने फिल्म 'बंटवारा 1947' के एक प्रमोशनल इवेंट में भारत को मां और पाकिस्तान को मौसी बताया, जो उनके बयान का मुख्य कारण बना।
  • भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव और पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच क्रिएटिव सहयोग लगभग बंद हो चुका है।
  • सनी देओल के बयान के बाद सोशल मीडिया पर आलोचना बढ़ी है और कुछ लोगों ने 'बंटवारा 1947' फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग की है।

Sunny Deol स्टारर Batwara 1947 की रिलीज़ में अब केवल 10 दिन बाकी हैं. मगर इस बीच सनी ने एक ऐसा बयान दिया, जिस पर भारी विवाद खड़ा हो गया है. फिल्म से जुड़े एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान उन्होंने भारत को मां और पाकिस्तान को मौसी बता दिया. चूंकि इस वक्त दोनों देशों के बीच काफी अनबन चल रही, इसलिए इस कमेंट पर सनी की काफी आलोचना हो रही है.

Advertisement

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिएटिव ट्रांजेक्शन लगभग बंद हो गया है. दोनों देशों ने एक-दूसरे के चैनल्स और कलाकारों पर रोक लगा दी है. खुद 'बंटवारा 1947' पर भी उसका असर पड़ा. फिल्म का नाम पहले 'लाहौर 1947' था. लेकिन मामले की गंभीरता को देख प्रोड्यूसर आमिर खान ने इसका टाइटल बदल दिया.

'बंटवारा 1947' का सब्जेक्ट भारत-पाकिस्तान के पार्टीशन और उसके बाद के हालातों पर केंद्रित है. इसलिए एक हालिया प्रेस इवेंट में उनसे पाकिस्तान पर व्यू मांगा गया. इस पर वो अपने पिता और वेटरन एक्टर धर्मेन्द्र का ज़िक्र करते हुए कहते हैं,

Advertisement

"पूरा मुल्क एक ही था. जैसा पापा (धर्मेन्द्र) ने कहा कि भारत मेरी मां है तो पाकिस्तान मेरी मौसी. ये तो आप सब अच्छी तरह से जानते हैं. इसलिए हम सब एक तरह से कहीं-न-कहीं जुड़े हुए हैं. मैं उन सबमें ज्यादा जाना नहीं चाहता. लेकिन हम एक्टर्स और मेकर्स हैं. हम कहानियां चुनते और बनाते हैं. उसे हम यहां-वहां पॉलिटिकली लेकर नहीं जाते और न ही जाना चाहते हैं. इसलिए मैं उन सबकी बात नहीं करूंगा."

सनी का ये बयान इंटरनेट पर लोगों को नागवार गुजरा है. उनका कहना है कि ऐसे वक्त पर, जब दोनों देशों के बीच चीजें ठीक नहीं, सनी को ऐसा स्टेटमेंट देने से बचना चाहिए था. लोगों का मानना है कि उन्होंने ये बातें केवल अपनी फिल्म प्रमोट करने के लिए कही हैं. एक यूजर ने लिखा,

“सनी देओल से ऐसी उम्मीद नहीं थी. बाहर हैं तो वही न- पैसे के लिए ज़मीर बेचने वाले.”

Advertisement
sunny deol
यूजर का कमेंट.

दूसरे ने लिखा,

"जब सबसे बड़ा रिश्तेदार पैसा हो, तो बाकी रिश्तेदारियां ऐसी ही होंगी. कोई आश्चर्य नहीं हुआ."

sunny deol
यूजर का कमेंट.

तीसरे ने सनी के बयान को कोट करते हुए लिखा,

"सनी देओल, ये कितना शर्मनाक बयान है. भारत पर जब दशकों से पुलवामा, पहलगाम और अन्य आतंकी हमले हुए, तब इस शख्स ने एक शब्द नहीं कहा. आपका ये प्यार और लगाव तब कहां चला जाता है जब आपकी मौसी, आपकी मां पर हमला करती है?'

sunny deol
यूजर का कमेंट.

ये पहला मौका नहीं जब सनी ने पाकिस्तान को लेकर इस तरह का बयान दिया हो. 'गदर 2' की रिलीज़ से पहले भी उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के लोगों में काफी प्यार है. लेकिन सियासत के कारण उनमें झगड़े हो रहे हैं. उनके इस बयान की तब काफी आलोचना हुई थी. यही नहीं, 'गदर 2' को बॉयकॉट करने की बात भी उठी थी. बावजूद इसके, फिल्म ब्लॉकबस्टर रही. 'बंटवारा 1947' की बात करें तो इसे लेकर मार्केट में कोई बज़ नहीं दिख रहा. लेकिन सनी के बयान के बाद कई लोग उसे भी बॉयकॉट करने की मांग करने लगे हैं. वैसे, इस मूवी को राजकुमार संतोषी ने डायरेक्ट किया है. फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

वीडियो: सनी देओल की 'बंटवारा 1947' के टीजर में प्रीति जिंटा की वापसी, अभिमन्यु ने ध्यान खींचा

Advertisement