उत्तर प्रदेश के मेरठ का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस की एक जीप खड़ी है. उसके आसपास बड़ी संख्या में कांवड़िए जमा हैं. तभी भीड़ जीप में बैठे दो लोगों को बाहर खींचती है और उनकी पिटाई शुरू कर देती है. एक पुलिसकर्मी भीड़ को रोकने की कोशिश करता दिखाई देता है. लेकिन लोग रुकते नहीं हैं.
मेरठ में कांवड़ियों ने पुलिसवालों को पीटा? वीडियो आया तो पुलिस ने सच्चाई बताई
मेरठ के एक वायरल वीडियो में भीड़ पुलिस जीप से दो लोगों को बाहर खींचकर मार रही है और उनपर लाठियां बरसा रही है. बताया गया कि ये भीड़ और पुलिस के बीच का मामला है. जबकि पुलिस ने इस दावे को झूठा बताया है.

ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. और इसके साथ कई तरह के दावे भी किए जा रहे हैं. सबसे बड़ा दावा ये कि जिन दो लोगों की पिटाई हुई, वो सादी वर्दी में पुलिसकर्मी थे. लेकिन मेरठ पुलिस का कहना है कि ये दावा गलत है. पुलिस के मुताबिक न तो पिटने वाले लोग पुलिसकर्मी थे और न ही मामला पुलिस और कांवड़ियों के बीच मारपीट का था. तो फिर हुआ क्या था?
दो कांवड़ियों के बीच हुई बहसआजतक से जुड़े उस्मान चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला मेरठ के दौराला थाना इलाके का है. जगह बताई जा रही है दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे यानी NH-58. घटना 2 और 3 अगस्त की रात की बताई गई है. मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले के मुताबिक, मामला दो कांवड़ियों के बीच हुए विवाद का था. एक कांवड़िया मोटरसाइकिल से गंगाजल लेने जा रहा था. दूसरा हरिद्वार से जल लेकर वापस लौट रहा था. रास्ते में दोनों की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
फिर मारपीट बढ़ती है और इसी दौरान पिट रहे लोगों में से एक फोन पर किसी को बुलाने की कोशिश करता सुनाई देता है. वो कहता है, ‘साहब जल्दी आ जाओ, हम मर जाएंगे.’ इसके जवाब में भीड़ से आवाज आती है, ‘तू तो मरेगा ही.’
ये भी पढ़ें: हरिद्वार में बोलेरो ने जिन 4 कांवड़ियों को टक्कर मारी थी, उनका क्या हुआ?
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?पुलिस के मुताबिक, दो कांवड़ियों की मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ था. इसकी सूचना मिलने पर दौराला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. इसके बाद दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया. पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया. फिर उन्हें समझाया गया और अपने-अपने ठिकाने के लिए रवाना कर दिया गया.
इस मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी. इसी वजह से कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. फिलहाल पुलिस का कहना है कि घटना के बाद इलाके में हालात सामान्य हैं. कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
वीडियो: Uttar Pradesh के Hapur में मदरसे के सामने कांवड़ियों ने हंगामा मचाया














