Shah Rukh Khan और Rajkumar Hirani जब Dunki के लिए साथ आए, तो लगा कि बॉक्स ऑफिस पर भूचाल आ जाएगा. फिल्म ने 400 करोड़ रुपए से अधिक कमा भी लिए. मगर ये उतना बड़ा आंकड़ा नहीं था, जिसकी उम्मीद शाहरुख और हीरानी ने की थी. अच्छा विषय होने के बावजूद ये फिल्म मास अपील नहीं कर पाई. हीरानी इसके लिए भारत के वीज़ा सिस्टम को जिम्मेदार ठहराते हैं. उनका मानना है कि देश के मिडल और अपर क्लास को आसानी से वीज़ा मिल जाता है. इसलिए वो इस कहानी से जुड़ाव महसूस ही नहीं कर पाए.
मास अपील नहीं कर पाई शाहरुख की 'डंकी' तो हीरानी ने वीजा सिस्टम को ही जिम्मेदार ठहरा दिया
हीरानी का कहना है कि मिडल और अपर क्लास को आसानी से वीज़ा मिल जाता है. इसलिए वो 'डंकी' से जुड़ नहीं पाए.


जर्नलिस्ट संजय अरोड़ा से हुई बातचीत में हीरानी कहते हैं,
"हर फिल्म अलग-अलग लोगों पर अलग-अलग तरीके से असर डालती है. जब आप 3 इडियट्स जैसी फिल्म बनाते हैं, जो एजुकेशन सिस्टम पर आधारित है, तो वो हर घर-परिवार से कनेक्ट हो जाती है. लेकिन जब हम डंकी जैसी फिल्म बनाते हैं, तो उसकी कहानी केवल उन्हीं लोगों से जुड़ पाती है, जो इल्लीगल ढंग से विदेश जाने के धंधे से कनेक्टेड हैं."
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'डंकी' ने बॉक्स ऑफिस पर 454 करोड़ रुपए कमाए थे. मगर हीरानी को लगता है कि ये फिल्म अपने स्पेसिफिक सब्जेक्ट के कारण ही और बड़ा बिजनेस नहीं कर पाई. वो कहते हैं,
"हमारा सिनेमा ऑडियंस मिडल और अपर क्लास से है, जिन्हें आसानी से वीज़ा मिल जाता है. लेकिन दूसरी तरफ एक ऐसी आबादी है, जिनको वीज़ा मिल ही नहीं सकता. हम तो चले जाते हैं. हमें US वीज़ा मिल जाता है. पर यदि आपके पास बैंक बैलेंस नहीं तो कोई चांस ही नहीं कि आपका वीज़ा लग पाएगा. लोग जहां जन्मे हैं, उन्हें वहीं रहने पर मजबूर होना पड़ता है. उन्हें ट्रैवल करने का मौका ही नहीं मिल पाता. इसलिए वो इल्लीगल तरीका अपनाते हैं."
हीरानी कहते हैं कि उनके लिए ये ऑडियंस उतना जरूरी नहीं था, जितनी ये कहानी थी. इसलिए लोग भले उससे रिलेट नहीं कर पाए हों मगर निजी तौर पर वो 'डंकी' पर काफी गर्व कहते हैं. उन्होंने बताया कि कैनेडा और अमेरिका जैसे देशों से लोग उन्हें आज भी मैसेज करते हैं. ऐसे लोग, जिन्होंने वहां पहुंचने के लिए 'डंकी' रूट अपनाया था. पर साथ ही वो ये भी एकसेप्ट करते हैं कि इस तरह के लोग काफी कम संख्या में हैं, इसलिए ये फिल्म मास से जुड़ नहीं पाई.
वीडियो: शाहरुख खान संग 'डंकी' में काम करके विक्की कौशल ने खुद को बताया हीरोइनों से भी ज्यादा लकी















