Salman Khan अगले एक साल में अपने करियर की कुछ सबसे बड़ी फिल्में करने जा रहे. पहले SVC63, फिर Raj & DK की सुपरहीरो मूवी और उसके बाद Farhan Akhtar की पीरियड ड्रामा. खबर है कि फरहान वाली फिल्म को Rakeysh Omprakash Mehra डायरेक्ट करेंगे. संभावना है कि ये उनका वही एम्बीशियस प्रोजेक्ट Karna हो, जिसे राकेश सालों से बनाना चाहते हैं. मगर कुछ लोग सलमान और राकेश के साथ काम करने की खबर सुनकर चौंक गए. क्योंकि एक समय पर सलमान और उनके बीच लड़ाई की खबरें चल रही थीं.
जिनके साथ हाथापाई हुई, उनकी मैग्नम ओपस में 'कर्ण' बनेंगे सलमान खान?
राकेश ओमप्रकाश मेहरा पिछले पांच सालों से अपने ड्रीम प्रोजेक्ट 'कर्ण' पर काम कर रहे थे.


वैसे तो सलमान ने अब तक ये फिल्म साइन नहीं की है. लेकिन वो पिछले एक महीने में फरहान से कई बार मिल चुके हैं. अगर बात जमती है, तो ये पहला मौका होगा जब ये दोनों लोग किसी फिल्म पर कोलैबरेट करेंगे. हालांकि इससे पहले सलीम-जावेद पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘एंग्री यंग मेन’ में ये लोग साथ दिख चुके हैं. ख़ैर, फरहान अपने प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के तले इस बिग बजट फिल्म को प्रोड्यूस करेंगे. इसे दो पार्ट्स में बनाए जाने की रिपोर्ट्स हैं. कुछ समय पहले जब ये खबर सामने आई थी तो डायरेक्टर का नाम रिवील नहीं किया गया था. मगर बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से छपी हालिया रिपोर्ट में बताया कि इस फिल्म को राकेश ओमप्रकाश मेहरा डायरेक्ट कर सकते हैं. यानी वो डायरेक्टर, जिन्होंने 'रंग दे बसंती, 'दिल्ली 6' और 'भाग मिल्खा भाग' जैसी फिल्में बनाई हैं. उनकी लास्ट रिलीज़ 2021 में आई फरहान स्टारर 'तूफान' थी. उसके बाद उन्होंने कोई नई मूवी नहीं बनाई है. क्यों नहीं बनाई, इस पर आगे बात करेंगे.
सूत्र के मुताबिक, सलमान इन दिनों सब्जेक्ट बेस्ड फिल्में तलाश रहे हैं. इसलिए जब उन्होंने राकेश की स्टोरी सुनी, तो उन्होंने इसमें काम करने का मन बना लिया. बताया जा रहा है कि फिल्म में वो भारत के सबसे पॉपुलर कैरेक्टर्स में से एक का रोल प्ले करेंगे. इसके लिए वो बहुत तगड़ा फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन करने वाले हैं. अगर सब सही रहा, तो राज एंड डीके की सुपरहीरो फिल्म पूरी करने के बाद सलमान इस पर जुटेंगे. 2027 की गर्मियों से इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है. यदि राकेश, सलमान को डायरेक्ट करते हैं तो ऑडियंस को निश्चित रूप में उनका नया अवतार देखने को मिलेगा. फिर भी, जनता दोनों के साथ आने की बात पर हैरान है.
आज से ठीक 10 साल पहले यानी जून 2016 में उनके बीच विवाद की खबरें आई थीं. डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट में बताया गया कि सलमान और राकेश स्पेन में एक इंटरनेशनल अवॉर्ड शो के दौरान भिड़ गए थे. दोनों में किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई थी. दावा किया गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई थी. वो भी इतनी कि आसपास के लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा. हालांकि ये लड़ाई क्यों हुई थी, इसकी वजह कभी सामने नहीं आई. न ही कभी इस खबर की औपचारिक पुष्टि हुई. इसलिए लल्लनटॉप भी इसकी पुष्टि नहीं करता.
खैर, मुद्दा ये है राकेश और सलमान साथ आने वाले हैं. संभावना है कि वो 'महाभारत' के किरदार कर्ण पर फिल्म बनाएं. दरअसल, राकेश लंबे समय से कर्ण पर एक पैन इंडिया पीरियड फिल्म बनाना चाहते थे. इस प्रोजेक्ट को भी फरहान अख्तर ही प्रोड्यूस करने वाले थे. मगर फिल्म के भयंकर बजट को देख वो तब पीछे हट गए थे. राकेश इस मूवी को 600 करोड़ रुपए में बनाना चाहते थे. मगर कोविड के बाद बदलते मार्केट को देखते हुए कोई भी इतने पैसे लगाने को तैयार नहीं हुआ. फरहान के बाद राकेश जून 2025 में ये कहानी लेकर जियो स्टूडियोज़ और एप्लॉज एंटेरटेनमेंट के पास भी गए. यहां तक कि जंगली पिक्चर्स से भी मीटिंग की. लेकिन कोई भी इसकी बड़ी रकम लगाने का जोखिम नहीं लेना चाहता था. मगर अब लगता है कि फरहान अख्तर ने अपना मन बदल लिया है.
'तूफान' के बाद राकेश ने कोई फिल्म नहीं बनाई. उसका सबसे बड़ा कारण 'कर्ण' ही है. वो पिछले पांच सालों से इस प्रोजेक्ट पर दिन-रात काम कर रहे. इसके लिए उन्होंने स्क्रीनराइटर आनंद नीलकंदन के साथ मिलकर स्क्रीनप्ले भी तैयार कर लिया है. जहां तक स्टारकास्ट की बात है, 'कर्ण' में श्रीकृष्ण के रोल के लिए सूर्या, जबकि अर्जुन के लिए अविनाश तिवारी के नामों पर चर्चा चल रही थी. कर्ण के कैरेक्टर में एक समय पर विजय वर्मा पहली पसंद बताए गए थे. हालांकि कई जगहों पर कहा गया कि ये किरदार सूर्या के पास जा सकता है. पुरानी रिपोर्ट्स में जाह्नवी कपूर की कास्टिंग की भी चर्चा थी. वहीं कुछ महीने पहले 'सैयारा' फेम अहान पांडे का नाम भी इस फिल्म से जुड़ा. लेकिन अहान की उम्र देखकर लग रहा है कि उन्हें कर्ण नहीं बल्कि अभिमन्यु या किसी अन्य यंग किरदार के लिए कंसिडर किया गया होगा.
अब सलमान और राकेश 'कर्ण' वाले इसी प्रोजेक्ट पर काम करने वाले हैं या नहीं, ये तो वक्त ही बताएगा. लेकिन जिस तरह से सभी कड़ियां जुड़ रही हैं, इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता. हालांकि अभी ये कह पाना कठिन है कि सलमान इस मूवी में कौनसा कैरेक्टर प्ले करेंगे. चाहे वो कर्ण बनें या कृष्ण या कोई अन्य किरदार, ऑडियंस को उनका नया अवतार देखने को मिल सकता है.
वीडियो: सलमान खान का फार्महाउस पड़ोसी से लड़ाई की वजह बन गया, हाई कोर्ट ने क्या आदेश दिया?















