The Lallantop

'मुन्ना भाई MBBS' का ये एक्टर घर से 500 रुपए लेकर निकला और हमेशा के लिए लापता हो गया!

जिस महिला ने विशाल ठक्कर पर रेप के आरोप लगाए, कुछ साल बाद उसकी मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
विशाल ठक्कर की उम्र अभी 40 साल के आसपास होती.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' में विशाल ठाक्कर ने एक महत्वपूर्ण किरदार निभाया था, जो 2016 में बिना किसी सुराग के अचानक लापता हो गए।
  • विशाल के अचानक गायब होने के पीछे अक्टूबर 2015 में उनकी गर्लफ्रेंड द्वारा लगाए गए रेप और मारपीट के आरोप और उनके करियर पर प्रभाव की बताई जाती है।
  • उनकी गायब होने के बाद पुलिस द्वारा कई जांच की गई, लेकिन न कोई सुराग मिला और न ही पुनः उनका कोई पता चल सका, जिससे मामला अनसुलझा रह गया है।

Munna Bhai MBBS (2003) का वो दिल टूटा पेशेंट याद है, जिसे चहकाने के लिए Sanjay Dutt ने 'एक दिन अपुन की गली में ऐश्वर्या आई' वाला गाना सुनाया था? फिल्म में वो किरदार Vishal Thakkar ने प्ले किया था. उन्होंने Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah और Thapki Pyaar Ki जैसे पॉपुलर टीवी शोज़ में काम किया है. एक समय तक वो इस इंडस्ट्री में अपनी ठीक-ठाक पहचान बना चुके थे. मगर 2016 में वो घर से ऐसे निकले कि आज 10 साल बाद भी उनकी कहीं कोई खोज-खबर नहीं. वो रातों-रात बिना किसी ट्रेस के गायब हो गए.

Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 दिसंबर 2015 की रात विशाल मुलुंड में अपने घर पर थे. इस दौरान उन्होंने अपनी मां से 500 रुपए मांगे और कहा कि वो उनके साथ 'स्टार वॉर्स: द फोर्स अवेकन्स' मूवी देखने चलें. मगर मां ने ऐसा करने से मना कर दिया, जिसका उन्हें हमेशा अफ़सोस होता रहा. वो इसलिए क्योंकि ये अंतिम मौका था, जब उन्होंने अपने बेटे विशाल को आमने-सामने देखा.

विशाल रात साढ़े 10 बजे अपने फ्लैट से निकल गए. कुछ घंटों बाद उन्होंने अपने पिता को मैसेज किया कि वो एक पार्टी में जा रहे हैं. 12 बजे के बाद 2016 की शुरुआत होने वाली थी. इसलिए विशाल ने तय किया कि वो न्यू ईयर अपने दोस्तों के साथ मनाएंगे. मगर जब सुबह हुई तो वो घर नहीं लौटे. उनके नंबर पर कॉल गए, दोस्तों से कॉन्टैक्ट किया गया. पर कहीं से भी उनसे संपर्क नहीं हो सका. तब विशाल केवल 30 साल के थे.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, विशाल ने न्यू ईयर वाली रात अपनी गर्लफ्रेंड के साथ अहमदाबाद हाईवे के एक रिजॉर्ट में बिताई थी. अगले दिन दोनों वापस लौटते हुए घोड़बंदर रोड के फाउंटेन होटल पर चाय पीने के लिए रुके. यहीं विशाल ने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि उन्हें अंधेरी में एक दोस्त से मिलना है और वो वहां से चले गए. पुलिस के मुताबिक, 01 जनवरी को सुबह करीब 11:45 पर विशाल को अंधेरी जाने के लिए ऑटो लेते हुए आखिरी बार देखा गया था. कुछ देर बाद उन्होंने दोपहर में करीब 12:10 बजे फेसबुक पर नए साल की शुभकामनाएं वाला पोस्ट शेयर किया. मगर इसके इसके बाद जो उनका फोन बंद हुआ, आज तक ऑन नहीं हो पाया है.

विशाल के अचानक गायब होने पर पुलिस ने काफी खोज-खबर की थी. पर न तो उनके लिए फिरौती का फोन आया, न किसी अस्पताल में उनके हुलिए से मिलता-जुलता कोई अज्ञात शख्स ही मिला. उनका फोन भी बरामद नहीं हो सका. न ही बैंक अकाउंट से पैसे गायब होने के कोई संकेत थे. शुरुआत में पुलिस को उनकी गर्लफ्रेंड पर शक हुआ था. लेकिन जांच के दौरान उनके बयान में कोई गड़बड़ी नहीं मिली. पुलिस ने तो ये तक कहा कि उन्हें इस बात का पता नहीं कि विशाल भागे, किडनैप हुए या किसी ने उनकी हत्या कर दी है.

वैसे, विशाल के अचानक गायब होने के पीछे उनके तीन महीने पुराने एक केस को भी जिम्मेदार ठहराया जाता है. दरअसल, अक्टूबर 2015 में उनकी तत्कालीन गर्लफ्रेंड, जो खुद भी टीवी एक्टर थीं, ने उन पर रेप और मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी. हालांकि, विशाल का परिवार कहता है कि दोनों पक्ष ने मामला आपस में सुलझा लिया था. यही नहीं, वो ये भी बताते हैं कि इस घटना ने विशाल को इमोशनली काफी डिस्टर्ब कर दिया था.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, इस शिकायत के बाद विशाल के एक्टिंग करियर पर असर पड़ा था. उन्हें काम मिलना कम हो गया. परिवार ने बताया कि वो इस कंट्रोवर्सी और परिवार की हुई बदनामी से काफी परेशान थे. फिर जनवरी 2016 में  वो बिना किसी सुराग के गायब हो गए. इत्तेफाक से, उनके लापता होने के कुछ साल बाद उस महिला की भी मौत हो गई, जिसने उन पर रेप का आरोप लगाया था. 2018 में वो मुंबई के कांदिवली स्थित अपने फ्लैट में मृत मिली थीं. उस समय की रिपोर्ट्स में मौत का कारण संभावित हार्ट अटैक को बताया गया.

दूसरी तरफ़, 'चांदनी बार' और 'टैंगो चार्ली' जैसी मूवीज़ कर चुके विशाल 2016 के बाद कभी दिखाई नहीं दिए. उनके परिवार, दोस्त और पुलिस- किसी को भी नहीं पता कि उनके साथ आखिर हुआ क्या. कैसे वो बिना कोई सबूत छोड़े हवा में गायब हो गए? कुछ लोगों का कहना है कि वो कहीं दूर भाग गए हैं. कुछ का कहना है कि उनकी हत्या कर दी गई है. वहीं कई लोग ये भी कहते हैं कि वो अपनी पहचान बदलकर रह रहे हैं. पर सच क्या है, ये 10 साल बाद भी कोई नहीं जानता.

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: मुन्ना भाई MBBS के सर्किट से जॉली LLB तक, अरशद वारसी ने मजेदार किस्से सुनाए

Advertisement